24 News Update उदयपुर। उदयपुर में एक लाख रुपए की रिश्वत लेते हुए भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) के हत्थे चढ़े प्रतापनगर थाने के एएसआई सुनील विश्नोई को अदालत ने तीन दिन के पुलिस कस्टडी रिमांड (पीसी रिमांड) पर भेज दिया है। आरोपी एएसआई को न्यायाधीश के निवास पर पेश किया गया, जहां से एसीबी को पूछताछ और जांच के लिए तीन दिन का रिमांड मिला।

इधर, मामले में एसीबी ने जांच का दायरा बढ़ाते हुए रविवार रात को शोभागपुरा स्थित आरोपी के घर पर भी कार्रवाई की। एसीबी टीम ने वहां दस्तावेजों की जांच की तथा प्रॉपर्टी, आय और अन्य आर्थिक लेनदेन से जुड़े रिकॉर्ड खंगाले। सूत्रों के अनुसार टीम आरोपी की घोषित आय और वास्तविक संपत्ति के बीच अंतर की भी पड़ताल कर रही है।
गौरतलब है कि रविवार शाम एसीबी ने प्रतापनगर थाने में तैनात एएसआई सुनील विश्नोई को एक लाख रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया था। कार्रवाई शोभागपुरा स्थित ऑर्बिट रिजॉर्ट की पार्किंग में की गई थी। एसीबी के एडिशनल एसपी अनंत कुमार के नेतृत्व में ट्रैप की पूरी कार्रवाई को अंजाम दिया गया।

जानकारी के अनुसार परिवादी ने एसीबी को शिकायत दी थी कि एएसआई सुनील विश्नोई उस पर रेप की कोशिश और छेड़छाड़ का मामला दर्ज करने की धमकी देकर रिश्वत मांग रहा है। आरोप था कि यदि रुपए नहीं दिए गए तो गंभीर धाराओं में फंसा दिया जाएगा। शिकायत के सत्यापन के बाद एसीबी ने जाल बिछाया। रविवार शाम करीब 4:30 बजे परिवादी को ऑर्बिट रिजॉर्ट की पार्किंग में बुलाया गया। जैसे ही आरोपी एएसआई ने परिवादी से एक लाख रुपए लिए, एसीबी टीम ने उसे मौके पर ही दबोच लिया। कार्रवाई के दौरान आरोपी ने खुद को बचाने की कोशिश की और एसीबी टीम के सामने सफाई देने लगा, लेकिन टीम ने उसे तत्काल हिरासत में ले लिया।
जांच में यह तथ्य भी सामने आए हैं कि आरोपी एएसआई पहले भी कई विवादों में घिर चुका है। उसके खिलाफ गंभीर मामलों में आरोपियों को पाबंद कर छोड़ने, जांच में अनियमितता बरतने और पुलिस अधिकारियों से पहुंच बताकर लोगों को डराने-धमकाने जैसी शिकायतें मिल चुकी हैं। इन्हीं शिकायतों के चलते हेड कांस्टेबल रहते हुए उसे पूर्व में निलंबित भी किया गया था।

बाद में एएसआई बनने के बाद भी उस पर कार्रवाई हुई। एक मामले में उसे लाइन हाजिर किया गया, जबकि दूसरे मामले में लापरवाही के आरोपों के चलते थाने से हटाकर डीएसपी ऑफिस भेजा गया था। इसके बावजूद उसके कार्यशैली में सुधार नहीं आने की शिकायतें लगातार मिलती रहीं।

सोशल मीडिया पर भी आरोपी एएसआई काफी सक्रिय रहा है। उसके इंस्टाग्राम अकाउंट पर करीब 51 हजार फॉलोअर्स बताए जा रहे हैं। वह अक्सर पुलिस वर्दी में रील और वीडियो पोस्ट करता था तथा कई चर्चित व्यक्तियों के साथ अपने फोटो सोशल मीडिया पर साझा करता रहा है। प्रतापगढ़ जिले के एक चर्चित प्रकरण पर बनी फिल्म ‘सागवान’ में भी उसने जांबाज पुलिसकर्मी की भूमिका निभाई थी। फिल्म में वह अपराध की गुत्थी सुलझाने और अंधविश्वास के खिलाफ लड़ने वाले पुलिसकर्मी के किरदार में नजर आया था। ऐसे में रिश्वतखोरी के मामले में गिरफ्तारी के बाद पुलिस महकमे सहित सोशल मीडिया पर भी इस कार्रवाई को लेकर व्यापक चर्चा बनी हुई है।

अब एसीबी आरोपी एएसआई से पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि उसने अपने कार्यकाल के दौरान और किन मामलों में अवैध वसूली की, साथ ही उसकी संपत्तियों और आय के स्रोतों की भी गहन जांच की जा रही है।


Discover more from 24 News Update

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

desk 24newsupdate's avatar

By desk 24newsupdate

Watch 24 News Update and stay tuned for all the breaking news in Hindi ! 24 News Update is Rajasthan's leading Hindi News Channel. 24 News Update channel covers latest news in Politics, Entertainment, Bollywood, business and sports. 24 न्यूज अपडेट राजस्थान का सर्वश्रेष्ठ हिंदी न्‍यूज चैनल है । 24 न्यूज अपडेट चैनल राजनीति, मनोरंजन, बॉलीवुड, व्यापार और खेल में नवीनतम समाचारों को शामिल करता है। 24 न्यूज अपडेट राजस्थान की लाइव खबरें एवं ब्रेकिंग न्यूज के लिए बने रहें ।

Leave a Reply

error: Content is protected !!

Discover more from 24 News Update

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading