24 News Update उदयपुर। जिले की गोगुंदा तहसील के मोडी एवं सेवागढ़ी गांव में खातेदारी कृषि भूमि पर जबरन रास्ता बनाने, प्राकृतिक नाले को अवरुद्ध करने, खेतों की बाउंड्रीवाल तोड़ने तथा सिंचाई व्यवस्था को नुकसान पहुंचाने के आरोपों को लेकर ग्रामीण सोमवार को जिला कलेक्टर कार्यालय पहुंचे। ग्रामीणों ने जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई, सुरक्षा और भूमि को नुकसान से बचाने की मांग की।
ग्रामीणों की ओर से प्रतापसिंह पुत्र भंवरसिंह राजपूत सहित अन्य खातेदारों ने ज्ञापन प्रस्तुत किया। ज्ञापन में बताया गया कि राजस्व ग्राम मोडी एवं सेवागढ़ी, तहसील गोगुंदा में उनकी खातेदारी कृषि भूमि स्थित है, जिस पर वे वर्षों से काबिज होकर खेती कर रहे हैं।

रात में जेसीबी और डंपर लेकर पहुंचे, जबरन भराव डालने का आरोप
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि 3 मई 2026 की रात मोडी गांव के चुनसिंह, रामसिंह, गोविन्दसिंह, लक्ष्मणसिंह, नाथूसिंह, प्रतापसिंह, नरेशसिंह, रतनसिंह एवं सुरेशसिंह सहित अन्य लोग जेसीबी और डंपर लेकर उनकी जमीन पर पहुंचे। आरोप है कि आरोपियों ने खेतों की बाउंड्रीवाल गिरा दी, मेडबंदी तोड़ दी तथा 25 से 30 डंपर मिट्टी डालकर जबरन रास्ता बनाने का प्रयास किया।
ग्रामीणों का कहना है कि संबंधित लोगों का उक्त भूमि पर कोई अधिकार नहीं है, इसके बावजूद हथियार और लाठियां लेकर वे खेतों में घुस गए और रास्ता निर्माण शुरू कर दिया।

खड़ी फसल और पेड़ों को नुकसान पहुंचाने का आरोप
ज्ञापन में बताया गया कि जब खेत मालिक और अन्य खातेदार मौके पर पहुंचे तो उन्होंने देखा कि जेसीबी से खेतों में भराव डालकर रास्ता बनाया जा रहा है। इस दौरान खेतों में खड़ी फसल और कई पेड़ों को नुकसान पहुंचाया गया। विरोध करने पर ग्रामीणों को जान से मारने की धमकियां दी गईं और मारपीट करने का प्रयास किया गया।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि शोर मचाने पर आरोपी मौके से जेसीबी और डंपर लेकर चले गए, लेकिन जाते-जाते गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी भी दी।

प्राकृतिक नाले को रोकने का आरोप, 150 बीघा खेती प्रभावित होने की आशंका
ग्रामीणों ने कहा कि आरोपियों ने प्राकृतिक पानी निकासी वाले नाले में मिट्टी डालकर उसे अवरुद्ध कर दिया है। इससे खेतों की सिंचाई व्यवस्था प्रभावित हो रही है और लगभग 100 से 150 बीघा कृषि भूमि के प्रभावित होने का खतरा पैदा हो गया है।
ज्ञापन के अनुसार खेतों में लगभग 20 फीट तक मिट्टी डाल दी गई है, जिससे सिंचाई के लिए बने धोरे और कुओं को भी नुकसान पहुंच रहा है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो बड़ी कृषि भूमि खेती योग्य नहीं रह पाएगी।

उपखंड अधिकारी के स्थगन आदेश के बावजूद काम जारी रखने का आरोप
ग्रामीणों का कहना है कि मामले में उपखंड अधिकारी गोगुंदा की ओर से स्थगन आदेश भी जारी किया जा चुका है, लेकिन इसके बावजूद संबंधित लोग लगातार निर्माण कार्य कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि आरोपियों को कानून और प्रशासन का कोई भय नहीं है।

पुलिस पर कार्रवाई नहीं करने के आरोप
ज्ञापन में पुलिस थाना गोगुंदा की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए गए हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि उन्होंने 4 मई को सुबह 4 बजे थाने में रिपोर्ट दी थी, लेकिन राजनीतिक दबाव और प्रभाव के चलते आरोपियों के खिलाफ कोई मामला दर्ज नहीं किया गया।
ग्रामीणों के अनुसार 12 मई की रात फिर जेसीबी से नाले में भराव डाल दिया गया और खेतों में खड़े पेड़ों को काट दिया गया। सूचना मिलने पर पुलिस ने जेसीबी जब्त की, लेकिन बाद में छोड़ दिया और कोई प्रकरण दर्ज नहीं किया।

तहसीलदार और थानाधिकारी को आदेश के बावजूद कार्रवाई नहीं
ग्रामीणों ने बताया कि उन्होंने उपखंड अधिकारी गोगुंदा के समक्ष भी प्रार्थना पत्र प्रस्तुत किया था। इसके बाद 14 मई को तहसीलदार और थानाधिकारी गोगुंदा को कार्रवाई के निर्देश जारी किए गए, लेकिन उसके बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। ग्रामीणों का आरोप है कि 13 मई को भी जेसीबी से खेतों में बने सिंचाई धोरे, पेड़ और बाउंड्रीवाल को नुकसान पहुंचाया गया। पुलिस ने मशीन जब्त करने के बाद छोड़ दी, लेकिन किसी आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज नहीं किया।

महिलाओं से बदसलूकी और धमकियों के आरोप
ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि कार्रवाई नहीं होने से संबंधित लोगों के हौसले बढ़ गए हैं और अब वे ग्रामीणों तथा महिलाओं के साथ भी अभद्र व्यवहार कर रहे हैं। ग्रामीण महिला अणछी बाई ने भी पेड़ों, बाउंड्रीवाल और खेतों को नुकसान पहुंचाने को लेकर अलग रिपोर्ट दी थी, लेकिन उस पर भी कोई कार्रवाई नहीं हुई।

बीमार पत्नी को लेकर लौट रहे युवक को रोकने का आरोप
ग्रामीणों ने बताया कि 16 मई की रात देवीसिंह अपनी बीमार पत्नी के इलाज के बाद गोगुंदा से मोडी लौट रहा था। आरोप है कि रास्ते में गोविन्दसिंह और उसके साथियों ने मोटरसाइकिल रोककर उसे धमकाया और मुकदमा वापस लेने का दबाव बनाया। इस संबंध में भी पुलिस को रिपोर्ट दी गई, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।

कभी भी हो सकती है बड़ी घटना
ग्रामीणों ने ज्ञापन में आशंका जताई कि यदि समय रहते प्रशासन ने हस्तक्षेप नहीं किया तो क्षेत्र में बड़ा विवाद और अप्रिय घटना हो सकती है। उनका कहना है कि वे लगातार प्रशासन और पुलिस के चक्कर काट रहे हैं, लेकिन अब तक न्याय नहीं मिला है। ग्रामीणों ने जिला कलेक्टर से मांग की है कि खेतों में डाले गए मलबे को हटाया जाए, प्राकृतिक नाले को बहाल किया जाए, नुकसान का आकलन कराया जाए तथा संबंधित लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई कर सुरक्षा प्रदान की जाए।


Discover more from 24 News Update

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

desk 24newsupdate's avatar

By desk 24newsupdate

Watch 24 News Update and stay tuned for all the breaking news in Hindi ! 24 News Update is Rajasthan's leading Hindi News Channel. 24 News Update channel covers latest news in Politics, Entertainment, Bollywood, business and sports. 24 न्यूज अपडेट राजस्थान का सर्वश्रेष्ठ हिंदी न्‍यूज चैनल है । 24 न्यूज अपडेट चैनल राजनीति, मनोरंजन, बॉलीवुड, व्यापार और खेल में नवीनतम समाचारों को शामिल करता है। 24 न्यूज अपडेट राजस्थान की लाइव खबरें एवं ब्रेकिंग न्यूज के लिए बने रहें ।

Leave a Reply

error: Content is protected !!

Discover more from 24 News Update

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading