क्या लेकसिटी भी उसी दुर्भाग्य का शिकार हो गई है, जहां सच को हर कदम पर अनसुना करने का उपक्रम चल रहा है। नदी में सड़क है, दिख रही है, मगर कागजों में उसे ना दिखाने, छिपाने का बड़ा खेल चल रहा है। सूचना बाहर आने की बात आते ही अफसर चौकीदार और गोलकीपर के रोल में नजर आ रहे हैं। नदी पर बनी भ्रष्टाचार की सड़क पर गजब का फुटबॉल खेला जा रहा है।

आप फीफा वर्ल्ड कप टीवी पर देख रहे होंगे, मगर यहां यह खेल नदी पेटे की सड़क पर चल रहा है। सूचना मांगने और सूचना छिपाते हुए होटल के लिए गोलकीपर बनने का लंबा सिलसिला चल रहा है। कोई है जो बार-बार गोलकीपर को भी सब्स्टीट्यूट के तौर पर बदल रहा है। कभी यूडीए के अफसरों को ढाल बनाया जाता है तो कभी तहसीलदार को। कभी जल संसाधन विभाग के अफसरों की देखने की क्षमता को मंदित और बाधित कर दिया जाता है।

आज फिर कहानी कोडियात टनल से निकलने वाली अमरजोक नदी के मुहाने पर बने ताज अरावली रिसोर्ट तक पहुंचने वाली सड़क की है। इसे लेकर उठे सवाल अब सूचना के अधिकार के जवाबों और विभागीय पत्राचार के घातक जाल में फंसते नजर आ रहे हैं। ताज अरावली के बाहर नदी पेटे में बनी जिस सड़क को लेकर सवाल हैं, उसकी स्थिति स्पष्ट करने के लिए जल संसाधन विभाग ने गिर्वा तहसील प्रशासन से सीमांकन मांगा, लेकिन महीनों बाद भी स्थिति साफ नहीं हो पाई।

दिख रही है सड़क, मगर बता नहीं रहे कि किसने बनाई

मामले की सबसे अहम बात यह है कि सड़क या तो नदी पेटे में है या फिर नदी क्षेत्र से बाहर। इसका फैसला मौके के सीमांकन से ही हो सकता है। लेकिन आरटीआई में मांगी गई जानकारी के बावजूद सीमांकन की जानकारी नहीं दी जा रही है।

ऐसे में सवाल उठ रहा है कि आखिर सड़क किस जमीन पर बनी, किसने और कब बनाई। किसके कहने पर, किसके संरक्षण में बनाई और अगर अवैध है तो उसकी जिम्मेदारी किस विभाग की है।

यहां से शुरू हुआ फुटबॉल मैच

जल संसाधन विभाग के सहायक अभियंता राजेश कुमार ने 9 फरवरी 2026 को गिर्वा तहसीलदार को पत्र लिखकर कोडियात टनल मार्ग/रोड की भूमि का सीमाज्ञान करवाने और विस्तृत रिपोर्ट उपलब्ध कराने का आग्रह किया था।

पत्र में स्पष्ट लिखा गया था कि आरटीआई आवेदक जयवंत भैरविया की ओर से मांगी गई सूचना के तहत सड़क की भूमि का सीमांकन जरूरी है, ताकि सही जानकारी उपलब्ध कराई जा सके।

दोबारा लिखा पत्र, इस बार भी गिर्वा तहसीलदार ने नहीं दिया जवाब

इसके बाद भी जब कार्रवाई नहीं हुई तो जल संसाधन विभाग ने 13 मई 2026 को दोबारा पत्र लिखा। इस पत्र में पूर्व पत्र क्रमांक 183 दिनांक 9 फरवरी 2026 का हवाला देते हुए कहा गया कि अब तक मौका निरीक्षण नहीं किया गया है।

साथ ही आरटीआई में नदी पेटे में नाइन प्लस इंफ्रास्ट्रक्चर होटल द्वारा किए जा रहे कार्यों के सीमांकन के लिए भी पटवारी को निर्देशित करने की बात कही गई।

जल संसाधन विभाग ने अपने पत्र में साफ लिखा कि सीमांकन रिपोर्ट मिलने के बाद ही आरटीआई आवेदक को सूचना दी जा सकेगी।

तहसीलदार गिर्वा के जवाब से सामने आया सफेद झूठ

इसके बाद तहसीलदार गिर्वा से पत्रकार जयवंत भैरविया ने पूछा कि जल संसाधन विभाग के पत्रों पर क्या कार्रवाई की गई।

जवाब में सहायक लोक सूचना अधिकारी (तहसीलदार गिर्वा) की ओर से बताया गया कि 9 फरवरी 2026 का पत्र कार्यालय में प्राप्त नहीं हुआ, इसलिए उसकी सूचना उपलब्ध नहीं कराई जा सकती।

अब सवाल उठता है कि जल संसाधन विभाग कह रहा है कि पत्र लिखा है तो पत्र आखिर गया कहां? नहीं पहुंचा या फिर नहीं पहुंचने दिया गया, या फिर उन खास अदृश्य लोगों तक पहुंच गया जो पूरे मामले को कंट्रोल कर रहे हैं।

आरटीआई में चार बिंदुओं पर जानकारी मांगी गई थी—

  • जल संसाधन विभाग के सहायक अभियंता राजेश कुमार द्वारा 9 फरवरी 2026 से अब तक भेजे गए पत्रों, नोटशीट और कार्रवाई की जानकारी।
  • कोडियात टनल के पास जल संसाधन विभाग की आराजी संख्या 131 और 134 के सीमांकन की कार्रवाई।
  • जल संसाधन विभाग द्वारा ताज अरावली के अवैध कब्जों के संबंध में भेजे गए पत्रों की जानकारी।
  • अमरजोक नदी पेटे में बनाई गई सड़क हटाने के लिए तहसीलदार स्तर पर की जा रही कार्रवाई की जानकारी।
  • जवाब में तहसीलदार गिर्वा ने बिंदु संख्या 3 और 4 पर सूचना शून्य बताई। यानी ताज अरावली के कब्जों या नदी पेटे में बनी सड़क हटाने को लेकर तहसील स्तर पर कोई कार्रवाई रिकॉर्ड में नहीं बताई गई।

2014 से शुरू हुई रास्ते की कहानी

ताज अरावली रिसोर्ट तक पहुंच मार्ग का विवाद वर्षों पुराना है। वर्ष 2014 में ईशान क्लब एंड होटल्स प्राइवेट लिमिटेड (ताज अरावली रिसोर्ट) ने राजस्व ग्राम बुझड़ा स्थित खसरा संख्या 158/1, 159, 2311/160 और 161 की जमीन पर रिसोर्ट बनाने के लिए यूआईटी (अब यूडीए) में भू-उपयोग परिवर्तन का आवेदन किया था।

तत्कालीन यूआईटी सचिव रामनिवास मेहता ने मार्च 2015 में आवेदन यह कहते हुए खारिज कर दिया था कि उक्त जमीन तक पहुंचने के लिए कोई मार्ग उपलब्ध नहीं है।

इसके बाद वर्ष 2015 में तत्कालीन संभागीय आयुक्त भवानी सिंह देथा ने अमरजोक नदी की आराजी संख्या 106 में 0.0900 हेक्टेयर यानी करीब 900 वर्ग मीटर क्षेत्रफल का रास्ता दर्ज किया।

यह रास्ता करीब 700 मीटर लंबा और लगभग 1.28 मीटर चौड़ा था, यानी करीब 4.25 फीट की पगडंडी जैसा, जिस पर सामान्य वाहन निकलना भी संभव नहीं था।

40 फीट रास्ते की मांग और आवेदन निरस्त

  • वर्ष 2016 में ईशान क्लब एंड रिसोर्ट का मामला दोबारा यूआईटी पहुंचा। लेकिन 40 फीट चौड़ा रास्ता उपलब्ध नहीं होने के कारण तत्कालीन सचिव रामनिवास मेहता ने नियमन से इनकार कर दिया।
  • इसके बाद फरवरी 2017 में होटल समूह ने यूआईटी से खसरा संख्या 191, 198 और 199 आवंटित करने की मांग की, ताकि होटल तक 40 फीट चौड़ा रास्ता बनाया जा सके।
  • अप्रैल 2017 में यूआईटी सचिव रामनिवास मेहता ने तहसीलदार को पत्र लिखकर आराजी संख्या 106 का मौका निरीक्षण और रिपोर्ट मांगी।
  • तहसीलदार की रिपोर्ट में बताया गया कि आराजी संख्या 106 में डॉटेड लाइन से दिखाया गया रास्ता वास्तव में नदी का हिस्सा है।
  • जुलाई 2017 में रामनिवास मेहता ने अमरजोक नदी से जुड़ी आराजी संख्या 106, 108 और 109 नदी क्षेत्र का हिस्सा होने के कारण ईशान ग्रुप का आवेदन फिर निरस्त कर दिया।

2018 के बाद बदला घटनाक्रम

आरोप है कि 2018 के बाद स्थिति बदल गई। नदी पेटे में सड़क की चौड़ाई बढ़ाई गई और वर्ष 2019 में होटल समूह की जमीन का 90-ए करवाया गया। मामले में सबसे बड़ा सवाल यही है कि जिस सड़क का अस्तित्व मौके पर साफ दिखाई दे रहा है, उसका रिकॉर्ड और सीमांकन अब तक स्पष्ट क्यों नहीं हो पाया।

सड़क नदी पेटे में है या बाहर, यह तय करने के लिए जिस सीमांकन की जरूरत है, वही प्रक्रिया विभागीय पत्रों के बीच अटकी हुई है।

अब आरटीआई जवाबों और विभागीय पत्राचार के बाद निगाहें गिर्वा तहसील प्रशासन की कार्रवाई पर हैं कि आखिर इस सड़क का वास्तविक सीमांकन कब होगा और जिम्मेदारी किसकी तय होगी।


Discover more from 24 News Update

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

desk 24newsupdate's avatar

By desk 24newsupdate

Watch 24 News Update and stay tuned for all the breaking news in Hindi ! 24 News Update is Rajasthan's leading Hindi News Channel. 24 News Update channel covers latest news in Politics, Entertainment, Bollywood, business and sports. 24 न्यूज अपडेट राजस्थान का सर्वश्रेष्ठ हिंदी न्‍यूज चैनल है । 24 न्यूज अपडेट चैनल राजनीति, मनोरंजन, बॉलीवुड, व्यापार और खेल में नवीनतम समाचारों को शामिल करता है। 24 न्यूज अपडेट राजस्थान की लाइव खबरें एवं ब्रेकिंग न्यूज के लिए बने रहें ।

Leave a Reply

error: Content is protected !!

Discover more from 24 News Update

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading