उदयपुर। जेपी ऑर्थोपेडिक हॉस्पिटल में इलाज के दौरान मरीज की हालत बिगड़ने के बाद सामने आए विवाद ने एक बार फिर तूल पकड़ लिया है। सकल दिगम्बर जैन समाज, उदयपुर ने पूरे घटनाक्रम को लेकर निष्पक्ष, पारदर्शी और समयबद्ध जांच की मांग की है। समाज ने आरोप लगाया है कि मामले में पुलिस कार्रवाई एकतरफा रही और चिकित्सक संगठन के दबाव में जांच प्रभावित होने की आशंका है। समाज ने विशेष रूप से इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (IMA) के प्रदेशाध्यक्ष डॉ. आनंद गुप्ता की भूमिका को लेकर सवाल उठाए हैं और उनके खिलाफ भी जांच की मांग की है।

समाज की ओर से जारी तथ्यात्मक विवरण के अनुसार, पूरा मामला 2 जून का है। कुम्हारों का भट्टा स्थित जेपी ऑर्थोपेडिक हॉस्पिटल में सड़क दुर्घटना में घायल कुलदीप कुमार जैन को उपचार के लिए लाया गया था। प्रारंभिक जांच में चिकित्सकों ने दोनों हाथों में फ्रैक्चर बताया और सामान्य ऑपरेशन की जानकारी दी। परिजनों के अनुसार ऑपरेशन दोपहर करीब 3 बजे शुरू होना था और करीब डेढ़ से दो घंटे में पूरा होने की बात कही गई थी।

समाज का आरोप है कि निर्धारित समय के बाद भी मरीज को होश नहीं आया और उन्हें वेंटिलेटर पर रखा गया। शाम करीब 6:30 बजे तक परिजनों को मरीज की वास्तविक स्थिति, इलाज की प्रगति और अचानक आई जटिलताओं की स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई। इसके बाद अस्पताल प्रशासन ने अन्य चिकित्सकों को बुलाया और पुलिस को भी सूचना दी।

मरीज की गंभीर हालत की जानकारी मिलने पर समाज के कई लोग अस्पताल पहुंचे। समाज का कहना है कि सही जानकारी नहीं मिलने से माहौल तनावपूर्ण हुआ और बाद में विवाद की स्थिति बनी। इसके बाद मरीज को गंभीर अवस्था में उच्च उपचार के लिए गीतांजलि हॉस्पिटल रेफर किया गया।

समाज ने आरोप लगाया कि गीतांजलि हॉस्पिटल में उपचार शुरू करने से पहले सहमति पत्रों पर हस्ताक्षर करवाए गए। इसके बाद जम्बू कुमार जैन को दोबारा हस्ताक्षर के बहाने एक कमरे में बुलाया गया, जहां समाज के अनुसार पहले से मौजूद करीब 25 से 30 डॉक्टरों और अन्य लोगों ने उनके साथ मारपीट, अभद्र व्यवहार और धमकी दी।

समाज के अध्यक्ष सुमति प्रकाश जैन ने आरोप लगाया कि मरीज के डिस्चार्ज दस्तावेजों में उसकी स्थिति को अलग तरीके से दर्ज किया गया, जिसकी स्वतंत्र जांच जरूरी है। उन्होंने कहा कि पूरे मामले में इलाज से जुड़ी लापरवाही, दस्तावेजों और अस्पतालों की भूमिका की जांच होनी चाहिए।

समाज के महामंत्री रमेश चंद्र कैरोत ने बताया कि अस्पताल के बाहर लक्ष्य जैन को कथित रूप से जबरन रोककर रखा गया। बाद में समाज के लोगों के पहुंचने पर उन्हें वहां से मुक्त कराया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि रात करीब 1 बजे मरीज के पुत्र अक्षत जैन को भी हस्ताक्षर के बहाने बुलाया गया, जहां मेडिकल स्टाफ ने उन्हें घेर लिया। समाज का कहना है कि पुलिस से सुरक्षा की अपेक्षा थी, लेकिन उन्हें हिरासत में लेकर ले जाया गया।

समाज के पदाधिकारी लक्ष्मीलाल बोहरा ने कहा कि इस पूरे घटनाक्रम की शिकायत सविना थाना, उदयपुर में दी जा चुकी है, लेकिन अब तक निष्पक्ष जांच, स्वतंत्र कमेटी गठन या प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि चिकित्सकों और उनके संगठन के दबाव में पुलिस की कार्रवाई प्रभावित हुई है।

समाज ने इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (IMA) के प्रदेशाध्यक्ष डॉ. आनंद गुप्ता की भूमिका पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि मौके पर पहुंचकर हुए घटनाक्रम की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। समाज ने मांग की कि डॉ. आनंद गुप्ता सहित सभी संबंधित व्यक्तियों की भूमिका की जांच की जाए और यदि किसी की संलिप्तता सामने आती है तो कानून के अनुसार कार्रवाई हो।

समाज ने पूरे मामले की जांच किसी वरिष्ठ पुलिस अधिकारी या स्वतंत्र एजेंसी की निगरानी में कराने की मांग की है। साथ ही दोनों अस्पतालों के सीसीटीवी फुटेज, ऑपरेशन थिएटर रिकॉर्ड, मेडिकल दस्तावेज, कॉल डिटेल और अन्य इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों को सुरक्षित रखने की मांग की गई है।

समाज की ओर से चेतावनी दी गई है कि यदि जल्द निष्पक्ष जांच और कार्रवाई नहीं हुई तो सकल दिगम्बर जैन समाज उदयपुर की ओर से अनिश्चितकालीन धरना शुरू किया जा सकता है।


Discover more from 24 News Update

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

desk 24newsupdate's avatar

By desk 24newsupdate

Watch 24 News Update and stay tuned for all the breaking news in Hindi ! 24 News Update is Rajasthan's leading Hindi News Channel. 24 News Update channel covers latest news in Politics, Entertainment, Bollywood, business and sports. 24 न्यूज अपडेट राजस्थान का सर्वश्रेष्ठ हिंदी न्‍यूज चैनल है । 24 न्यूज अपडेट चैनल राजनीति, मनोरंजन, बॉलीवुड, व्यापार और खेल में नवीनतम समाचारों को शामिल करता है। 24 न्यूज अपडेट राजस्थान की लाइव खबरें एवं ब्रेकिंग न्यूज के लिए बने रहें ।

Leave a Reply

error: Content is protected !!

Discover more from 24 News Update

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading