24 News Update जयपुर। बढ़ती महंगाई के बीच आम लोगों और व्यापारियों को एक बार फिर झटका लगा है। पश्चिम एशिया में जारी तनाव और वैश्विक ऊर्जा बाजार में उतार-चढ़ाव के बीच तेल कंपनियों ने 1 जून से कॉमर्शियल एलपीजी गैस सिलेंडर के दामों में फिर बढ़ोतरी कर दी है। नई दरों के अनुसार 19 किलोग्राम वाले कॉमर्शियल गैस सिलेंडर पर 42 रुपए की वृद्धि की गई है, जबकि घरेलू उपयोग के गैस सिलेंडर की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया गया है। राजस्थान एलपीजी डिस्ट्रीब्यूटर्स एसोसिएशन के प्रदेशाध्यक्ष दीपक गहलोत ने बताया कि नई रेट लिस्ट जारी होने के बाद राजस्थान में 19 किलोग्राम वाला कॉमर्शियल गैस सिलेंडर अब 3099 रुपए के बजाय 3141 रुपए में मिलेगा। यह नई दरें तत्काल प्रभाव से लागू कर दी गई हैं। हालांकि घरेलू उपभोक्ताओं को फिलहाल राहत मिली है। 14.2 किलोग्राम वाले घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में किसी प्रकार की बढ़ोतरी नहीं की गई है और यह सिलेंडर पहले की तरह 916.50 रुपए में उपलब्ध रहेगा। छह महीने में लगभग दोगुना हुआ कॉमर्शियल सिलेंडर कॉमर्शियल गैस सिलेंडर के दामों में लगातार हो रही बढ़ोतरी ने होटल, रेस्टोरेंट, ढाबा संचालकों और छोटे कारोबारियों की चिंता बढ़ा दी है। आंकड़ों पर नजर डालें तो 31 दिसंबर तक जो 19 किलो का कॉमर्शियल सिलेंडर 1608 रुपए में मिल रहा था, उसकी कीमत अब बढ़कर 3141 रुपए पहुंच गई है। यानी महज छह महीने में कीमत लगभग दोगुनी हो गई है। इस साल कंपनियों ने कई चरणों में कॉमर्शियल सिलेंडर के दाम बढ़ाए हैं। जनवरी में 111 रुपए, फरवरी में 49.50 रुपए, मार्च में 141.50 रुपए, अप्रैल में 195 रुपए, मई में रिकॉर्ड 993 रुपए और अब जून में 42 रुपए प्रति सिलेंडर की बढ़ोतरी की गई है। कारोबारियों पर बढ़ेगा दबाव कॉमर्शियल एलपीजी का उपयोग मुख्य रूप से होटल, रेस्टोरेंट, कैटरिंग और खाद्य व्यवसायों में होता है। ऐसे में गैस की बढ़ती कीमतों का सीधा असर इन कारोबारों की लागत पर पड़ेगा। विशेषज्ञों का मानना है कि यदि कीमतों में इसी तरह बढ़ोतरी जारी रही तो आने वाले दिनों में खाने-पीने की वस्तुएं भी महंगी हो सकती हैं। ऊर्जा बाजार के जानकारों के अनुसार वैश्विक स्तर पर ईंधन आपूर्ति को लेकर बढ़ी चिंताओं और पश्चिम एशिया की परिस्थितियों का असर भारतीय बाजार पर भी देखने को मिल रहा है। इसी वजह से पिछले कुछ महीनों में एलपीजी की कीमतों में लगातार संशोधन किए जा रहे हैं। फिलहाल घरेलू गैस उपभोक्ताओं को राहत जरूर मिली है, लेकिन कॉमर्शियल सिलेंडर के बढ़ते दामों ने छोटे व्यापारियों और खाद्य व्यवसाय से जुड़े लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। आने वाले समय में इसका असर बाजार की कीमतों पर भी दिखाई दे सकता है। Share this: Share on X (Opens in new window) X Share on Facebook (Opens in new window) Facebook More Email a link to a friend (Opens in new window) Email Share on WhatsApp (Opens in new window) WhatsApp Like this:Like Loading… Related Discover more from 24 News Update Subscribe to get the latest posts sent to your email. Type your email… Subscribe Post navigation जयपुर में मंत्री गौतम दक के खिलाफ सड़कों पर उतरे रिटायर्ड पुलिसकर्मीण….मंत्री तेरी कबर खुदेगी, आज नहीं तो कल खुदेगी!!! शादी के 13 दिन बाद मायके जा रही पत्नी स्टेशन पर बोली, पानी लाओ, पति पानी लाया, पीछे उधर से पत्नी गायब, लाखों के जेवर-नकदी ले उड़ी