उदयपुर, 13 सितंबर। स्थानीय निकाय चुनाव के परिणाम से ठीक पहले भाजपा और कांग्रेस की ओर से पार्षद प्रत्याशियों की बाड़ेबंदी को लेकर माकपा ने दोनों प्रमुख दलों पर तीखा राजनीतिक हमला बोला है। माकपा जिला सचिव एवं पूर्व पार्षद राजेश सिंघवी ने कहा कि चुनाव परिणाम से पहले निर्वाचित होने वाले संभावित पार्षदों को अपने खेमे में सुरक्षित रखने की कवायद लोकतंत्र और जनता के भरोसे का अपमान है। सिंघवी ने आरोप लगाया कि भाजपा और कांग्रेस के नेता सार्वजनिक मंचों पर अनुशासन, ईमानदारी, एकजुटता, विचारधारा और विकास की राजनीति का दावा करते हैं, लेकिन चुनाव परिणाम से पहले ही पार्षद प्रत्याशियों की बाड़ेबंदी इन दावों की वास्तविकता सामने ला रही है। उन्होंने कहा कि यदि पार्टियों को अपने ही उम्मीदवारों पर भरोसा नहीं है तो उनके अनुशासन और ईमानदारी के दावों पर सवाल उठना स्वाभाविक है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि दोनों दलों के पार्षद प्रत्याशियों ने अपना ईमान नेताओं के पास गिरवी रख दिया है। सिंघवी के अनुसार, भाजपा या कांग्रेस से महापौर अथवा सभापति चुने जाने के बाद जनता की सेवा का दावा किया जाएगा, लेकिन सत्ता की राजनीति में कुछ लोग सेवा से ज्यादा ‘मेवा’ हासिल करने के लिए अनैतिक रास्ते अपनाने को भी तैयार रहते हैं। बाउंसरों की सुरक्षा पर भी कसा तंज पार्षद प्रत्याशियों की बाड़ेबंदी में बाउंसरों की मौजूदगी को लेकर भी सिंघवी ने दोनों दलों पर कटाक्ष किया। उन्होंने कहा कि जब राजनीतिक दल अपने पार्षद प्रत्याशियों को बाउंसरों के घेरे में रखने की जरूरत महसूस कर रहे हैं तो आगामी चुनावों में उन्हें बाउंसरों को ही पार्षद का टिकट दे देना चाहिए, ताकि बाद में अपने प्रत्याशियों की सुरक्षा को लेकर चिंता न करनी पड़े। सिंघवी ने भाजपा-कांग्रेस की चुनाव बाद की रणनीति की तुलना माकपा से करते हुए कहा कि दोनों प्रमुख दलों के पार्षद प्रत्याशी चुनाव के बाद बाड़ेबंदी में चले जाते हैं, जबकि कम्युनिस्ट पार्टी का प्रत्याशी चुनाव के बाद पार्टी कार्यालय आता है। जनता से जागरूक होकर सबक सिखाने की अपील माकपा जिला सचिव ने मतदाताओं से राजनीतिक दलों की कार्यशैली को लेकर जागरूक रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि जनता को यह तय करना चाहिए कि उसके वोट से चुने जाने वाले प्रतिनिधि वास्तव में जनता के प्रति जवाबदेह रहें या चुनाव के बाद पार्टी के निर्देशों और राजनीतिक समीकरणों के अनुसार काम करें। सिंघवी ने भाजपा और कांग्रेस की इस कथित बाड़ेबंदी की राजनीति को जनता के सामने रखने और आगामी चुनाव में ऐसी राजनीति करने वाले दलों को सबक सिखाने की अपील की। Share this: Share on X (Opens in new window) X Share on Facebook (Opens in new window) Facebook More Email a link to a friend (Opens in new window) Email Share on WhatsApp (Opens in new window) WhatsApp Like this:Like Loading… Related Discover more from 24 News Update Subscribe to get the latest posts sent to your email. Type your email… Subscribe Post navigation धानमंडी में होटल मैनेजर के कब्जे से पिस्टल और 4 जिंदा कारतूस बरामद, आरोपी गिरफ्तार बोहरा गणेशजी मंदिर जाने से पहले जान लें ट्रैफिक प्लान, 14 सितंबर को सुबह 4 बजे से बदलेगी यातायात व्यवस्था