24 News Update भीलवाड़ा। नगर निगम की सत्ता पर भाजपा का बहुमत कायम होने के बाद अब महापौर की तस्वीर भी साफ हो गई है। भाजपा ने वार्ड 9 से निर्वाचित जसवंत कंवर (37) को महापौर पद का प्रत्याशी बनाया है। महापौर पद सामान्य महिला के लिए आरक्षित है और 70 सदस्यीय निगम में भाजपा के 45 पार्षद हैं। ऐसे में 21 सितंबर को होने वाले चुनाव में जसवंत कंवर के भीलवाड़ा की पहली महिला महापौर बनने का रास्ता साफ दिखाई दे रहा है।बुधवार को जसवंत कंवर ने सांसद दामोदर अग्रवाल, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रशांत मेवाड़ा, निर्दलीय विधायक अशोक कोठारी, पूर्व विधायक विट्ठल शंकर अवस्थी समेत वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में नामांकन दाखिल किया। इस मौके पर पार्टी ने इसे सर्वसम्मति से लिया गया फैसला बताया।जसवंत कंवर ने नामांकन के बाद कहा कि पार्टी ने उन पर जो विश्वास जताया है, उस पर खरा उतरने का प्रयास करेंगी। गुटबाजी के सवाल पर उनका जवाब भी राजनीतिक संदेश वाला रहा—“मैं किसी गुट से नहीं हूं, मैं भाजपा की तरफ से हूं। पार्टी में कोई गुट नहीं होता।”पुराने निगम कार्यकाल को लेकर भी उन्होंने टकराव की राजनीति से दूरी का संकेत दिया। कहा, “बीती बातें बिसार दे, अब आगे की सुध ले।” उनके मुताबिक आगे सभी पार्षदों को साथ लेकर विकास के लिए काम किया जाएगा। वार्ड 9 की बड़ी जीत से मेयर की दावेदारी तकपहली बार चुनाव मैदान में उतरीं एमए शिक्षित जसवंत कंवर ने वार्ड 9 में 2,165 वोट के अंतर से जीत दर्ज की। उन्हें 2,538 वोट मिले, जबकि कांग्रेस प्रत्याशी खुशबू शर्मा को 373 वोट मिले। चुनाव में भाजपा ने 70 में से 45 वार्ड जीतकर स्पष्ट बहुमत हासिल किया, जबकि कांग्रेस 10 और निर्दलीय 15 वार्डों में जीते। जसवंत कंवर राजपूत समाज से आती हैं। उनके पति भूपेंद्र सिंह भाजपा के जिला प्रवक्ता हैं और जिलाध्यक्ष प्रशांत मेवाड़ा के करीबी माने जाते हैं। यही राजनीतिक कनेक्शन भी उनके नाम पर चर्चा के दौरान एक महत्वपूर्ण स्थानीय समीकरण रहा। इधर, वार्ड 10 से जीतीं निर्दलीय संतोष कंवर ने भी महापौर पद के लिए नामांकन दाखिल किया है। हालांकि भाजपा के पास स्पष्ट बहुमत है। कांग्रेस ने मुकाबले से दूरी बनाईकांग्रेस ने महापौर पद के चुनाव में अपना प्रत्याशी नहीं उतारने का फैसला किया है। शहर जिलाध्यक्ष शिवराम खटीक ने कहा कि प्रदेश कांग्रेस के निर्देशानुसार पार्टी भीलवाड़ा में कांग्रेस के सिंबल पर महापौर का चुनाव नहीं लड़ेगी। इसलिए कांग्रेस की ओर से कोई नामांकन दाखिल नहीं किया गया। 8 नगरपालिकाओं में भी भाजपा के चेहरे घोषितमहापौर के साथ जिले की नगरपालिकाओं के अध्यक्ष पदों के लिए भी भाजपा ने नाम घोषित कर दिए हैं। बनेड़ा से गोपाल चरण सिंह, मांडलगढ़ से श्वेता डांगी, बिजोलिया से स्नेहा तिवाड़ी, बीगोद से लोकेश नागौरी, जहाजपुर से अल्केश वैष्णव, गंगापुर से विंकल सिंघवी, हमीरगढ़ से रेखा परिहार और आसींद से सत्येन्द्र सिंह चौहान को प्रत्याशी बनाया गया है। Share this: Share on X (Opens in new window) X Share on Facebook (Opens in new window) Facebook More Email a link to a friend (Opens in new window) Email Share on WhatsApp (Opens in new window) WhatsApp Like this:Like Loading… Related Discover more from 24 News Update Subscribe to get the latest posts sent to your email. Type your email… Subscribe Post navigation रिश्वत के 30 हजार लेते पकड़ा AEN, घर की तलाशी में 43.38 लाख कैश और 20 किलो चांदी, संपत्तियों के दस्तावेज मिले दिवाक माता के जंगल में छिपा था पत्नी का हत्यारोपी पति, पुलिस ने घेराबंदी कर दबोचा