24 News Update उदयपुर, 8 जून। मेवाड़ के गौरव, स्वाभिमान और राष्ट्र चेतना के प्रतीक वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप की जयंती तथा हल्दीघाटी विजय के 450 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित किए जा रहे सार्द्ध चतुःशती उत्सव की तैयारियां अब अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। इसी क्रम में सोमवार सुबह महाराणा भूपाल स्टेडियम स्थित गांधी ग्राउंड में 17 जून को आयोजित होने वाली राष्ट्र चेतना संकल्प सभा के लिए भूमि पूजन के साथ विशाल पांडाल निर्माण कार्य का शुभारंभ किया गया।वैदिक मंत्रोच्चार और विधि-विधान के साथ संपन्न हुए भूमि पूजन कार्यक्रम में पृथ्वी माता का आह्वान करते हुए आयोजन की सफलता की कामना की गई। प्रताप गौरव केन्द्र ‘राष्ट्रीय तीर्थ’ के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम के तहत राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक मोहन भागवत 17 जून को होने वाली राष्ट्र चेतना संकल्प सभा को संबोधित करेंगे।प्रताप गौरव केन्द्र के निदेशक अनुराग सक्सेना ने बताया कि भूमि पूजन कार्यक्रम पंडित योगेश श्रीमाली और पुजारी लक्ष्मण के सान्निध्य में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में मुख्य यजमान के रूप में उदयपुर सांसद मन्नालाल रावत एवं उनकी पत्नी डॉ. रजनी पी. रावत ने वैदिक रीति-रिवाजों के साथ भूमि पूजन किया। भूमि पूजन के साथ ही गांधी ग्राउंड में विशाल पांडाल निर्माण कार्य भी शुरू कर दिया गया।इस अवसर पर भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. अलका मूंदड़ा, बड़गांव प्रधान प्रतिभा नागदा, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के विभाग संघचालक हेमेन्द्र श्रीमाली, वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप समिति के अध्यक्ष प्रो. भगवती प्रकाश शर्मा, महामंत्री दीपक कुमार शुक्ल, उपाध्यक्ष अशोक पुरोहित, सुहास मनोहर, सुभाष भार्गव, मंत्री डॉ. रमन सूद, कार्यकारिणी सदस्य चंद्रगुप्त सिंह चौहान तथा नरेन्द्र मीणा सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।कार्यक्रम संयोजक सीए महावीर चपलोत ने बताया कि आयोजन स्थल पर आने वाले हजारों लोगों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए व्यापक व्यवस्थाएं की जा रही हैं। मैदान में तीन विशाल डोम तैयार किए जाएंगे, जबकि मुख्य मंच के दोनों ओर विशिष्ट अतिथियों के लिए अतिरिक्त मंच बनाए जाएंगे। सभा में आने वाले श्रद्धालुओं और आगंतुकों के बैठने के लिए अलग-अलग ब्लॉक निर्धारित किए जाएंगे ताकि आयोजन सुव्यवस्थित रूप से संपन्न हो सके।उन्होंने बताया कि आयोजन स्थल पर चिकित्सा सहायता केंद्र, पेयजल व्यवस्था, साहित्य स्टॉल और अन्य सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी। इसके अतिरिक्त महाराणा प्रताप के जीवन, संघर्ष, राष्ट्रभक्ति और हल्दीघाटी युद्ध के शौर्य को दर्शाने वाली विशेष चित्र प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी, जिससे नई पीढ़ी को इतिहास से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।उल्लेखनीय है कि महाराणा प्रताप की हल्दीघाटी विजय के 450 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में प्रताप गौरव केन्द्र के तत्वावधान में पिछले एक वर्ष से विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इन आयोजनों के माध्यम से महाराणा प्रताप के आदर्शों, स्वाभिमान, राष्ट्रनिष्ठा और संघर्षपूर्ण जीवन को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया गया है।विशेष बात यह है कि इस वर्ष 18 जून को मनाए जाने वाले हल्दीघाटी विजय दिवस से ठीक एक दिन पहले, 17 जून को ज्येष्ठ शुक्ल तृतीया के अवसर पर महाराणा प्रताप जयंती भी मनाई जाएगी। ऐतिहासिक संयोग के चलते देशभर में महाराणा प्रताप जयंती और हल्दीघाटी विजय के 450वें वर्ष का उत्सव विशेष उत्साह के साथ मनाया जाएगा। इसी दिन प्रताप गौरव केन्द्र द्वारा वर्षभर संचालित सार्द्ध चतुःशती उत्सव कार्यक्रमों का औपचारिक समापन भी होगा। Share this: Share on X (Opens in new window) X Share on Facebook (Opens in new window) Facebook More Email a link to a friend (Opens in new window) Email Share on WhatsApp (Opens in new window) WhatsApp Like this:Like Loading… Related Discover more from 24 News Update Subscribe to get the latest posts sent to your email. Type your email… Subscribe Post navigation ‘आदिवासी जंगल का मालिक, सरकार उसे बेदखल करने पर आमादा’: माकपा की संयुक्त बैठक में भाजपा सरकार पर तीखे हमले, वनाधिकार आंदोलन तेज करने का ऐलान उदयपुर चातुर्मास के लिए मुनि प्रणम्य सागर महाराज को किया विनम्र निवेदन, मंदसौर पहुंचकर श्रीफल भेंट किया प्रतिनिधिमंडल