24 News Udpate उदयपुर, 8 जून। मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) की उदयपुर और डूंगरपुर जिला कमेटियों की संयुक्त बैठक रविवार को शिराली भवन में आयोजित हुई। बैठक में आदिवासी अधिकार, वनाधिकार पट्टों, रोजगार, शिक्षा और सामाजिक न्याय जैसे मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई। वक्ताओं ने केंद्र और राज्य सरकार की नीतियों की आलोचना करते हुए आरोप लगाया कि आदिवासी समुदाय के अधिकारों पर लगातार प्रहार किए जा रहे हैं। साथ ही आने वाले समय में वनाधिकार पट्टों और आदिवासी हितों को लेकर व्यापक जनसंघर्ष चलाने का निर्णय भी लिया गया।
बैठक को संबोधित करते हुए माकपा के राज्य सचिव किशन पारीक ने कहा कि आदिवासी और जंगल एक-दूसरे के पूरक हैं। उन्होंने कहा कि “आदिवासी है तो जंगल है, आदिवासी है तो प्रकृति है और आदिवासी ही जंगल का वास्तविक मालिक है।” पारीक ने आरोप लगाया कि केंद्र और राज्य में भाजपा की डबल इंजन सरकार होने के बावजूद आदिवासी समाज पर दोहरा हमला हो रहा है, जिससे उनकी सामाजिक और आर्थिक स्थिति लगातार कमजोर हुई है।
उन्होंने कहा कि विकास के नाम पर आदिवासियों को केवल वादे मिले हैं, जबकि जमीनी स्तर पर उनकी समस्याओं का समाधान नहीं हुआ। पारीक ने यह भी कहा कि सरकार में आदिवासी मंत्री, सांसद और विधायक होने के बावजूद आदिवासी समाज की आवाज प्रभावी ढंग से नहीं उठ पा रही है। उन्होंने आदिवासी समाज से संगठित होकर संघर्ष का रास्ता अपनाने का आह्वान किया।
माकपा राज्य सचिव मंडल के सदस्य दुलीचंद मीणा ने कहा कि भाजपा आदिवासियों को हिंदू समाज का हिस्सा तो बताती है, लेकिन उन्हें समान अधिकार और अवसर देने के सवाल पर गंभीर नहीं दिखाई देती। उन्होंने कहा कि आदिवासी समाज में शिक्षा का स्तर बढ़ा है, लेकिन रोजगार के अवसर पर्याप्त नहीं होने के कारण युवाओं में निराशा और भटकाव बढ़ रहा है।
दुलीचंद मीणा ने वनाधिकार कानून के क्रियान्वयन पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि उदयपुर संभाग में वनभूमि के पट्टों के लिए बड़ी संख्या में आवेदन किए गए, लेकिन उनमें से केवल आधे लोगों को ही पट्टे मिल पाए। उन्होंने आरोप लगाया कि कई मामलों में लोगों को उनके वास्तविक कब्जे से कम भूमि के पट्टे दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि आदिवासियों के अधिकारों की लड़ाई को व्यापक सामाजिक और आर्थिक एकता के आधार पर आगे बढ़ाने की जरूरत है।
बैठक की अध्यक्षता कर रहे विमल भगोरा ने कहा कि सरकार न्यायालयी प्रक्रियाओं का सहारा लेकर आदिवासियों को जंगलों से बेदखल करने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि आदिवासी समुदाय जंगलों और प्राकृतिक संसाधनों से अपने ऐतिहासिक संबंधों को छोड़ने के लिए तैयार नहीं है। भगोरा ने आरोप लगाया कि एक ओर वनभूमि के पट्टों के मामले में पर्यावरण और कानूनी अड़चनों का हवाला दिया जाता है, जबकि दूसरी ओर बड़े उद्योग समूहों को विशाल वन क्षेत्र आवंटित किए जा रहे हैं।
माकपा जिला सचिव राजेश सिंघवी ने अपने संबोधन में कहा कि उदयपुर और डूंगरपुर क्षेत्र में वामपंथी आंदोलनों का लंबा इतिहास रहा है। उन्होंने कहा कि वनाधिकार, बेगार प्रथा के विरोध, पानी, बिजली, सड़क, राशन, शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं जैसे मुद्दों पर वर्षों तक संघर्ष कर कई महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल की गई हैं। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में भी जनहित के मुद्दों पर संघर्ष जारी रहेगा।
डूंगरपुर जिला सचिव गौतम डामोर ने कहा कि देश में विकास और अमृतकाल की बात की जा रही है, लेकिन आदिवासी इलाकों में आज भी कुपोषण, बेरोजगारी, स्वास्थ्य सुविधाओं की कमी और शिक्षा से जुड़ी गंभीर समस्याएं मौजूद हैं। उन्होंने कहा कि आरक्षण जैसी संवैधानिक व्यवस्थाओं का भी कई क्षेत्रों में समुचित लाभ नहीं मिल पा रहा है और इन्हें कमजोर करने की कोशिशें हो रही हैं।
बैठक में दल्लाराम, अमृतलाल कलाल, प्रभुलाल भगोरा, गुमान सिंह राव, कमलाशंकर, हाकरचंद खराड़ी, हीरालाल सालवी, गणपति देवी, फाल्गुन बरांडा और रामलाल कलासुआ सहित कई वक्ताओं ने भी अपने विचार रखे। वक्ताओं ने आदिवासी क्षेत्रों की समस्याओं, वनाधिकार कानून के प्रभावी क्रियान्वयन और सामाजिक-आर्थिक मुद्दों पर संगठनात्मक एकजुटता की आवश्यकता पर जोर दिया।
बैठक के अंत में निर्णय लिया गया कि आने वाले दिनों में उदयपुर संभाग की अधिकांश तहसीलों में बैठकें आयोजित कर वनाधिकार पट्टों और आदिवासी अधिकारों से जुड़े मुद्दों पर जनजागरण अभियान चलाया जाएगा। इसके साथ ही वनभूमि पर अधिकार और अन्य लंबित मांगों को लेकर संघर्ष को और तेज करने की रणनीति भी तैयार की जाएगी।


Discover more from 24 News Update

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

desk 24newsupdate's avatar

By desk 24newsupdate

Watch 24 News Update and stay tuned for all the breaking news in Hindi ! 24 News Update is Rajasthan's leading Hindi News Channel. 24 News Update channel covers latest news in Politics, Entertainment, Bollywood, business and sports. 24 न्यूज अपडेट राजस्थान का सर्वश्रेष्ठ हिंदी न्‍यूज चैनल है । 24 न्यूज अपडेट चैनल राजनीति, मनोरंजन, बॉलीवुड, व्यापार और खेल में नवीनतम समाचारों को शामिल करता है। 24 न्यूज अपडेट राजस्थान की लाइव खबरें एवं ब्रेकिंग न्यूज के लिए बने रहें ।

Leave a Reply

error: Content is protected !!

Discover more from 24 News Update

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading