24 News update सागवाड़ा (जयदीप जोशी)। भारत के गौरवशाली तीरंदाज, ओलंपियन और प्रतिष्ठित अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित श्यामलाल मीणा के आकस्मिक देहावसान पर स्थानीय खेल प्रेमियों और खेल अधिकारियों ने एक शोक सभा आयोजित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।शोक सभा में वक्ताओं ने खेल जगत के लिए उनके अमूल्य योगदान और उनके संघर्षमयी जीवन को याद किया। जिला खेल अधिकारी नरेश डामोर ने बताया कि श्यामलाल मीणा का जीवन देश के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है। आधुनिक खेल संसाधनों के अभाव में भी उन्होंने परंपरागत बाँस के धनुष और तीर से अभ्यास किया। तमाम विपरीत परिस्थितियों के बावजूद उन्होंने न केवल वागड़ अंचल और राजस्थान का, बल्कि पूरी दुनिया में भारत का नाम रोशन किया।वक्ताओं ने उनके ऐतिहासिक खेल करियर को याद करते हुए कहा कि श्यामलाल मीणा ने कठिन परिश्रम की बदौलत पांचवीं एशियाई तीरंदाजी चैंपियनशिप में दिग्गज तीरंदाज लिम्बाराम और रजत हलदर के साथ मिलकर पुरुष रिकर्व टीम स्पर्धा में कांस्य पदक जीता था। यह भारतीय तीरंदाजी के इतिहास में किसी भी बड़े अंतरराष्ट्रीय मंच पर जीता गया पहला पदक था। उन्होंने वर्ष 1988 के सियोल ओलंपिक व 1992 ओलंपिक में देश का प्रतिनिधित्व किया। उनके इस सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन और देश का गौरव बढ़ाने के लिए भारत सरकार द्वारा वर्ष 1989 में उन्हें प्रतिष्ठित अर्जुन पुरस्कार से नवाजा गया था। उपस्थित खेल जगत से जुड़ी विभूतियों ने कहा कि स्वर्गीय मीणा ने ग्रामीण अंचल के प्रतिभावान खिलाड़ियों को तराशने में अपना पूरा जीवन समर्पित कर दिया। खेल प्रेमियों ने उनके सपनों को पूरा करने का संकल्प लेते हुए राज्य सरकार से स्वर्गीय श्यामलाल मीणा की स्मृति में राज्य सरकार द्वारा एक भव्य व आदर्श खेल स्टेडियम का निर्माण करवाने तथा उनके पुत्र व पुत्रवधु, जो स्वयं राष्ट्रीय तीरंदाजी प्रतियोगिताओं में पदक विजेता खिलाड़ी हैं, उन्हें सरकार द्वारा सम्मानपूर्वक सरकारी नौकरी प्रदान करने की मांग की।दिवंगत आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखा गया और शोक संतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदनाएं व्यक्त की गईं। इस अवसर पर राजस्थान क्रीड़ा परिषद के पूर्व अधिकारी नानूराम डेण्डोर, राजस्थान शारीरिक फेडरेशन के जिला अध्यक्ष अरविंद डामोर, प्रदेश पदाधिकारी हमेंद्र माली, एथलेटिक्स फेडरेशन के जिला अध्यक्ष विरेन्द्र सिंह राव, कर्मचारी महासंघ (भामस) के जिला अध्यक्ष कन्हैयालाल व्यास, खेल संयोजक महेश जोशी, राजस्थान साइकिल फेडरेशन के सचिव सोमेश्वर भगोरा सहित बड़ी संख्या में खेल प्रेमी, कोच और खिलाड़ी उपस्थित थे। Share this: Share on X (Opens in new window) X Share on Facebook (Opens in new window) Facebook More Email a link to a friend (Opens in new window) Email Share on WhatsApp (Opens in new window) WhatsApp Like this:Like Loading… Related Discover more from 24 News Update Subscribe to get the latest posts sent to your email. Type your email… Subscribe Post navigation भगवान को पाने का सबसे सरल मार्ग प्रेम और भक्ति है – संत गोपालराम महाराज अंतरराष्ट्रीय मानवाधिकार सुरक्षा फाउंडेशन की हुई बैठक