24 News Update बालोतरा/जोधपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को राजस्थान दौरे के दौरान बालोतरा के पचपदरा में देश की सबसे आधुनिक रिफाइनरी राष्ट्र को समर्पित की। उन्होंने रिफाइनरी के कंट्रोल रूम का निरीक्षण कर इंजीनियरों और विशेषज्ञों से तकनीकी जानकारी ली, कर्मचारियों से मुलाकात की, परिसर में पौधारोपण किया, टैंकरों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया तथा पांच युवाओं को नियुक्ति पत्र भी सौंपे। इसी कार्यक्रम से उन्होंने जयपुर मेट्रो फेज-2 का वर्चुअल शिलान्यास किया। इससे पहले सुबह जोधपुर पहुंचकर नए एयरपोर्ट टर्मिनल भवन का उद्घाटन किया और उड़ान-2.0 योजना की शुरुआत की।सभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि पश्चिमी एशिया में युद्ध के कारण 21वीं सदी का सबसे बड़ा ऊर्जा संकट पैदा हुआ, लेकिन भारत की दृढ़ नीति, बेहतर प्रबंधन और कूटनीति के कारण इसका असर देश पर सीमित रहा। उन्होंने कहा कि हालात ऐसे थे कि घरेलू गैस सिलेंडर की कीमत 2 हजार रुपए तक पहुंच सकती थी, लेकिन सरकार के प्रभावी प्रबंधन से यह करीब 950 रुपए के आसपास उपलब्ध है। अप्रैल से जून के बीच पेट्रोल-डीजल पर तेल कंपनियों को करीब 75 हजार करोड़ रुपए का घाटा हुआ, जिसे सरकार ने वहन किया। उन्होंने कहा कि संकट के समय भारत ने ईंधन खरीदने वाले देशों की संख्या 25-26 से बढ़ाकर 40 कर दी, जिससे आपूर्ति बाधित नहीं हुई और ऊर्जा सुरक्षा बनी रही।प्रधानमंत्री ने कहा कि भाजपा सरकार परियोजनाओं का केवल शिलान्यास नहीं करती, बल्कि उन्हें पूरा करके दिखाती है। उन्होंने कहा कि आज राजस्थान की धरती से विकसित भारत और आत्मनिर्भर भारत की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। दो महीने पहले रिफाइनरी में आग लगने की घटना का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि हादसे के बावजूद रिकॉर्ड समय में काम पूरा होना यह साबित करता है कि नया भारत किसी भी चुनौती के सामने न तो पीछे हटता है और न ही अपनी गति कम करता है।उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि पूर्ववर्ती सरकारों ने राजस्थान के जल संकट के समाधान के लिए ठोस काम नहीं किया। उन्होंने याद दिलाया कि गुजरात के मुख्यमंत्री रहते तत्कालीन मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे के साथ मिलकर बिना किसी विवाद, संघर्ष या राजनीतिक टकराव के नर्मदा का पानी राजस्थान तक पहुंचाया गया, जिसका लाभ आज भी कई गांवों को मिल रहा है। प्रधानमंत्री ने कहा कि भाजपा क्षेत्रवाद की नहीं, बल्कि ‘राष्ट्र प्रथम’ की भावना से काम करती है।प्रधानमंत्री के कार्यक्रम में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी, केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत, केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राममोहन नायडू सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और आमजन शामिल हुए। प्रधानमंत्री ने मंच से राजस्थान की जनता का आभार जताते हुए कहा कि लोगों का विश्वास ही सरकार की सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने कहा कि पचपदरा रिफाइनरी पश्चिमी राजस्थान की अर्थव्यवस्था को नई गति देगी, रोजगार के अवसर बढ़ाएगी और प्रदेश को ऊर्जा क्षेत्र में नई पहचान दिलाएगी। Share this: Share on X (Opens in new window) X Share on Facebook (Opens in new window) Facebook More Email a link to a friend (Opens in new window) Email Share on WhatsApp (Opens in new window) WhatsApp Like this:Like Loading… Related Discover more from 24 News Update Subscribe to get the latest posts sent to your email. Type your email… Subscribe Post navigation ऑफिस से ₹2.20 लाख कैश और स्कूटी लेकर फरार कर्मचारी गिरफ्तार, CCTV फुटेज से खुला राज; ₹90 हजार बरामद 892 करोड़ की दोहरी रेल लाइन राष्ट्र को समर्पित: चूरू–सादुलपुर और चूरू–रतनगढ़ परियोजनाओं से बढ़ेगी ट्रेनों की रफ्तार, माल परिवहन होगा तेज