बालोतरा/जयपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को राजस्थान दौरे के दौरान राज्य को रेल अवसंरचना के क्षेत्र में बड़ी सौगात दी। उन्होंने करीब 892 करोड़ रुपए की लागत से निर्मित चूरू–सादुलपुर (58 किलोमीटर) और चूरू–रतनगढ़ (46 किलोमीटर) रेल दोहरीकरण परियोजनाओं को राष्ट्र को समर्पित किया। कुल 104 किलोमीटर लंबी इन परियोजनाओं से राजस्थान के उत्तर-पश्चिमी हिस्से में रेल नेटवर्क की क्षमता बढ़ेगी, ट्रेनों की आवाजाही तेज होगी और माल परिवहन अधिक सुगम एवं सुरक्षित बनेगा। प्रधानमंत्री ने कहा कि आधुनिक और मजबूत रेल नेटवर्क विकसित भारत की आधारशिला है। उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं से एकल लाइन पर ट्रेनों की क्रॉसिंग की बाधाएं कम होंगी, जिससे अधिक यात्री और मालगाड़ियों का संचालन संभव होगा। इससे ट्रेनों की समयपालनता में सुधार आएगा, यात्रा का समय घटेगा और रेल परिचालन पहले से अधिक सुरक्षित एवं विश्वसनीय बनेगा। उन्होंने कहा कि रेल दोहरीकरण का सबसे बड़ा लाभ व्यापार, कृषि और उद्योग क्षेत्र को मिलेगा। मालगाड़ियों की क्षमता बढ़ने से कृषि उपज, औद्योगिक उत्पाद और अन्य वस्तुओं का परिवहन तेजी से होगा, जिससे लॉजिस्टिक्स लागत कम होगी और आर्थिक गतिविधियों को गति मिलेगी। चूरू, रतनगढ़, सादुलपुर और आसपास के क्षेत्रों में बेहतर कनेक्टिविटी के कारण निवेश, व्यापार और रोजगार के नए अवसर भी विकसित होंगे। प्रधानमंत्री ने कहा कि राजस्थान में आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर का तेजी से विस्तार किया जा रहा है और रेल, सड़क, मेट्रो तथा हवाई संपर्क को एक साथ मजबूत किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार केवल शिलान्यास तक सीमित नहीं रहती, बल्कि परियोजनाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा कर जनता को समर्पित भी करती है। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि राजस्थान आज देश के उन राज्यों में शामिल है जहां आधुनिक बुनियादी ढांचे पर रिकॉर्ड स्तर पर निवेश किया जा रहा है। बेहतर रेल नेटवर्क से न केवल यात्रियों को सुविधा मिलेगी, बल्कि औद्योगिक विकास, पर्यटन और क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था को भी नई मजबूती मिलेगी। प्रधानमंत्री ने शनिवार को लगभग 1.06 लाख करोड़ रुपए की विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन, लोकार्पण और शिलान्यास भी किया। इनमें राजस्थान रिफाइनरी, जोधपुर एयरपोर्ट का नया टर्मिनल, जयपुर मेट्रो फेज-2 समेत कई महत्वपूर्ण परियोजनाएं शामिल हैं। इनमें रेल दोहरीकरण की दोनों परियोजनाओं को राज्य की कनेक्टिविटी और आर्थिक विकास के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। Share this: Share on X (Opens in new window) X Share on Facebook (Opens in new window) Facebook More Email a link to a friend (Opens in new window) Email Share on WhatsApp (Opens in new window) WhatsApp Like this:Like Loading… Related Discover more from 24 News Update Subscribe to get the latest posts sent to your email. Type your email… Subscribe Post navigation पचपदरा रिफाइनरी राष्ट्र को समर्पित: PM बोले- ऊर्जा संकट में भारत की कूटनीति बनी ताकत, गैस सिलेंडर 2 हजार नहीं, 950 रुपए के करीब रखा