उदयपुर, 7 अक्टूबर। युवाओं को नशे से बचाने और मादक पदार्थों की तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे ‘जागृति’ अभियान के तहत उदयपुर पुलिस ने दो बड़ी कार्रवाई की हैं। मांडवा पुलिस ने दुर्गम पहाड़ियों में छिपाकर की जा रही गांजा और भांग की अवैध खेती नष्ट कर 1149.500 किलो अवैध फसल जब्त की, जबकि हिरणमगरी पुलिस ने बिना नंबर की स्कॉर्पियो से 470 ग्राम MDMA बरामद कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने बरामद MDMA की बाजार कीमत करीब 50 लाख रुपए बताई है।

मांडवा में पहाड़ियों पर सर्च ऑपरेशन

पुलिस के अनुसार मुखबिर से सूचना मिली थी कि मांडवा क्षेत्र के मौजा साड़ी में दुर्गम पहाड़ियों के बीच तस्करों ने अवैध रूप से गांजा और भांग की खेती कर रखी है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मुख्यालय मुकुल शर्मा और वृत्ताधिकारी कोटड़ा डूंगर सिंह के सुपरविजन में मांडवा थानाधिकारी मूंगलाराम और डीएसटी प्रभारी चंद्रभान सिंह की टीम ने तड़के नदी फला साड़ी क्षेत्र में सर्च ऑपरेशन चलाया।

पुलिस ने कविताराम, नकलाराम, होलाराम, किरण, राविया और नारायण के खेतों से अवैध रूप से उगाए गए गांजा और भांग के पौधे नष्ट कर जब्त किए। पुलिस के मुताबिक कुल 1149.500 किलो फसल बरामद हुई, जिसमें 17.450 किलो गांजा और 1132.05 किलो भांग के पौधे शामिल हैं।

इस मामले में मांडवा थाने में 7 अलग-अलग प्रकरण दर्ज किए गए हैं। इनमें एक मामला एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 और छह मामले आबकारी अधिनियम की धारा 16/54 के तहत दर्ज किए गए हैं। पुलिस अब अवैध खेती और इससे जुड़े नेटवर्क के मुख्य आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है।

हिरणमगरी में स्कॉर्पियो से 470 ग्राम MDMA

दूसरी कार्रवाई हिरणमगरी क्षेत्र में हुई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर उमेश ओझा और वृत्ताधिकारी नगर पूर्व छवि शर्मा के सुपरविजन में थानाधिकारी रविंद्र चारण और स्पेशल टीम प्रभारी देवेंद्र सिंह की टीम ने मुखबिर की सूचना पर बिना नंबर की सफेद स्कॉर्पियो को रोककर तलाशी ली।

कार में सवार तीन लोगों के कब्जे से 470 ग्राम MDMA बरामद हुई। पुलिस के अनुसार इसकी बाजार कीमत करीब 50 लाख रुपए है। पुलिस ने ड्रग्स के साथ स्कॉर्पियो जब्त कर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के अनुसार आरोपी यह MDMA बाड़मेर के गुड़ामालानी निवासी अरविंद से खरीदकर उदयपुर ला रहे थे। मामले में हिरणमगरी थाने में प्रकरण संख्या 383/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/22 में मामला दर्ज किया गया है। आगे की जांच भूपालपुरा थानाधिकारी रतन सिंह कर रहे हैं।

गिरफ्तार आरोपियों में मनीष (26) निवासी टेकन मेघवाल फला, सलूंबर, हाल बेडवास प्रतापनगर; शंकर (33) निवासी जेवाणा, फतहनगर; और नरेश (27) निवासी गोडा गांव, चौहटन, बालोतरा शामिल हैं।

पुलिस अधीक्षक डॉ. अमृता दुहन ने कहा कि उदयपुर पुलिस जिले को नशामुक्त बनाने के लिए लगातार कार्रवाई कर रही है। नशे की तस्करी में शामिल लोगों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।


Discover more from 24 News Update

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

desk 24newsupdate's avatar

By desk 24newsupdate

Watch 24 News Update and stay tuned for all the breaking news in Hindi ! 24 News Update is Rajasthan's leading Hindi News Channel. 24 News Update channel covers latest news in Politics, Entertainment, Bollywood, business and sports. 24 न्यूज अपडेट राजस्थान का सर्वश्रेष्ठ हिंदी न्‍यूज चैनल है । 24 न्यूज अपडेट चैनल राजनीति, मनोरंजन, बॉलीवुड, व्यापार और खेल में नवीनतम समाचारों को शामिल करता है। 24 न्यूज अपडेट राजस्थान की लाइव खबरें एवं ब्रेकिंग न्यूज के लिए बने रहें ।

Leave a Reply

error: Content is protected !!

Discover more from 24 News Update

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading