उदयपुर। भारतीय संविधान केवल कानूनों का संग्रह नहीं, बल्कि देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था, नागरिकों की आकांक्षाओं, अधिकारों और कर्तव्यों का जीवंत दस्तावेज है। इसकी प्रासंगिकता समय के साथ और बढ़ी है। संविधान की सफलता उसके प्रावधानों के साथ-साथ उसे लागू करने वाले लोगों के चरित्र और नीयत पर भी निर्भर करती है। संविधान दिवस के अवसर पर मोहनलाल सुखाड़िया विश्वविद्यालय के लोक प्रशासन विभाग की ओर से आयोजित पैनल डिस्कशन में विशेषज्ञों ने संविधान के विभिन्न पहलुओं पर विचार रखे।

लोक प्रशासन विभाग में ‘भारतीय संविधान : भारतीय गणतंत्र की आधारशिला’ विषय पर आयोजित इस परिचर्चा का उद्देश्य विद्यार्थियों और युवा पीढ़ी को संविधान की मूल भावना, उसके निर्माण की यात्रा और लोकतांत्रिक दायित्वों से परिचित कराना था। कार्यक्रम के आयोजक एवं लोक प्रशासन विभागाध्यक्ष डॉ. गिरिराज सिंह चौहान ने स्वागत उद्बोधन में संविधान दिवस मनाने की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि और उसके महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि भारतीय संविधान कोई जड़ पुस्तक नहीं, बल्कि समय के साथ विकसित होने वाला जीवंत दस्तावेज है। संविधान सभा के मनीषियों के अथक परिश्रम के साथ इसकी प्रस्तावना और भूमिका के निर्माण में आम नागरिकों की आकांक्षाओं और संघर्षों का भी प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष योगदान रहा है।

अधिकारों के साथ कर्तव्यों का बोध भी जरूरी

पत्रकारिता विभाग के अध्यक्ष डॉ. कुंजन आचार्य ने लोकतंत्र में नागरिकों की भूमिका पर विचार रखते हुए कहा कि आमतौर पर लोग अपने मौलिक अधिकारों को लेकर जागरूक रहते हैं, लेकिन कर्तव्यों को भूल जाते हैं। सशक्त और विकसित राष्ट्र के निर्माण के लिए नागरिकों का अपने अधिकारों के प्रति सजग होने के साथ संवैधानिक कर्तव्यों को समझना और उनका पालन करना भी जरूरी है। अधिकार और कर्तव्य एक ही सिक्के के दो पहलू हैं।

वेद-उपनिषद में मिलते हैं संवैधानिक मूल्यों के सूत्र

संस्कृत विभाग के सहायक आचार्य डॉ. जी.एल. पाटीदार ने संविधान की सांस्कृतिक और दार्शनिक जड़ों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि भारत की समृद्ध प्राचीन ज्ञान परंपरा, वेद, उपनिषद और नीतिशास्त्र में संविधान के कई मूलभूत विचारों के सूत्र मिलते हैं। वसुधैव कुटुम्बकम, न्याय, समानता और लोक कल्याण जैसे आदर्श सदियों से भारतीय जीवन दर्शन का हिस्सा रहे हैं। इन मूल्यों की अभिव्यक्ति भारतीय संविधान में भी दिखाई देती है।

संवैधानिक संस्थाओं पर भरोसा लोकतंत्र की ताकत

राजनीति विज्ञान विभाग की सहायक आचार्य डॉ. विजया दीक्षित ने संविधान के व्यावहारिक और मनोवैज्ञानिक पक्ष पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि संविधान नागरिकों को कानूनी रूप से जिम्मेदार होने का बोध कराने के साथ देश की विधायिका, कार्यपालिका और न्यायपालिका जैसी संवैधानिक संस्थाओं के प्रति आमजन में विश्वास भी पैदा करता है। संस्थाओं के प्रति यही भरोसा लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूती प्रदान करता है।

संविधान की सफलता उसे लागू करने वालों पर निर्भर

राजनीति विज्ञान विभाग के सहायक आचार्य डॉ. सतीश अग्रवाल ने संविधान की प्रासंगिकता पर विचार रखते हुए कहा कि दुनिया का कोई भी संविधान अपने आप में असफल नहीं होता। उसकी सफलता या विफलता उन लोगों के चरित्र और नीयत पर निर्भर करती है, जिनके हाथों में उसे लागू करने और संचालित करने की जिम्मेदारी होती है।

परिचर्चा के अंत में सभी वक्ताओं ने युवाओं से संवैधानिक आदर्शों और मूल्यों को दैनिक जीवन में आत्मसात करने तथा राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। कार्यक्रम में डॉ. मोहित नायक, डॉ. कार्तिक गड़िया, डॉ. रेखा माली सहित बड़ी संख्या में विश्वविद्यालय के संकाय सदस्य, शोधार्थी और छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।


Discover more from 24 News Update

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

desk 24newsupdate's avatar

By desk 24newsupdate

Watch 24 News Update and stay tuned for all the breaking news in Hindi ! 24 News Update is Rajasthan's leading Hindi News Channel. 24 News Update channel covers latest news in Politics, Entertainment, Bollywood, business and sports. 24 न्यूज अपडेट राजस्थान का सर्वश्रेष्ठ हिंदी न्‍यूज चैनल है । 24 न्यूज अपडेट चैनल राजनीति, मनोरंजन, बॉलीवुड, व्यापार और खेल में नवीनतम समाचारों को शामिल करता है। 24 न्यूज अपडेट राजस्थान की लाइव खबरें एवं ब्रेकिंग न्यूज के लिए बने रहें ।

Leave a Reply

error: Content is protected !!

Discover more from 24 News Update

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading