— 9 सेट में 45 आभूषण और 238.2 कैरेट हीरे शामिल, 15 महीने में तैयार हुए गहने; चंद्रबाबू नायडू की मौजूदगी में सौंपा दान

तिरुमला। आस्था और दान की मिसाल पेश करते हुए चेन्नई के उद्योगपति वर्धमान जैन और उनकी पत्नी राधिका जैन ने गुरुवार को तिरुपति बालाजी मंदिर में 121 किलो सोने के आभूषण भेंट किए। इनकी अनुमानित कीमत करीब 208 करोड़ रुपए बताई गई है। मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू की मौजूदगी में जैन दंपती ने यह चढ़ावा मंदिर प्रबंधन को सौंपा। तिरुमला तिरुपति देवस्थानम (टीटीडी) के अनुसार, भगवान वेंकटेश्वर को किसी एक श्रद्धालु की ओर से दिया गया यह अब तक का सबसे बड़ा आभूषण दान है।
दान में कुल 9 सेट के 45 आभूषण शामिल हैं, जिनमें 238.2 कैरेट के हीरे भी जड़े हैं। भगवान वेंकटेश्वर के लिए मुकुट से लेकर चरणों के आभूषण तक तैयार करवाए गए हैं। इन गहनों को आठ बक्सों में मंदिर लाया गया। इन्हें तैयार करने में करीब 15 महीने लगे। कुल दान में 106 किलो सोने के आभूषण भगवान वेंकटेश्वर के लिए हैं, जबकि 15 किलो वजन के आभूषण और पोशाक देवी श्री पद्मावती अम्मावरु को अर्पित किए गए हैं।

कंपनी में हिस्सेदारी बेचकर मिले पैसों से बनवाए आभूषण
वर्धमान जैन चेन्नई की कंपनी ‘वारा फ्यूचर एलएलपी’ के चेयरमैन हैं। जानकारी के अनुसार, उन्होंने कंपनी में अपनी 60 प्रतिशत हिस्सेदारी बेचकर करीब 6 हजार करोड़ रुपए हासिल किए थे। इसी रकम में से भगवान वेंकटेश्वर के लिए यह भव्य चढ़ावा तैयार करवाया गया। जैन वर्ष 2019 से तिरुपति मंदिर में दान करते आ रहे हैं।

पहले भी कर चुके हैं करोड़ों का दान
वर्धमान जैन इससे पहले भी धार्मिक और सामाजिक कार्यों के लिए बड़ी रकम दान कर चुके हैं। वर्ष 2024 में उन्होंने चेन्नई के एक मंदिर के विस्तार के लिए एक करोड़ रुपए दिए। नवंबर 2024 में टीटीडी के अन्न प्रसादम ट्रस्ट और प्राणदानम ट्रस्ट को 1.01-1.01 करोड़ रुपए का योगदान दिया। वर्ष 2025 में एसवी भक्ति चैनल को पांच करोड़ और गौ-संरक्षण के लिए एक करोड़ रुपए दान किए। मई 2026 में उन्होंने तिरुपति मंदिर के लिए एक इलेक्ट्रिक बस दान करने की घोषणा भी की थी।

तिरुपति मंदिर की कुछ खास मान्यताएं
तिरुपति बालाजी मंदिर में श्रद्धालु अपने बाल दान करते हैं। धार्मिक मान्यता के अनुसार, इसे अहंकार और बुराइयों के त्याग का प्रतीक माना जाता है। भगवान वेंकटेश्वर को भगवान विष्णु का स्वरूप माना जाता है। मान्यता है कि मंदिर शेषनाग के सात फनों के प्रतीक सात पर्वतों पर स्थित है। इनमें व्यंकटाद्रि नामक चोटी पर भगवान विराजमान हैं, इसी कारण उन्हें वेंकटेश्वर कहा जाता है। मंदिर में प्रतिदिन भगवान के तीन प्रमुख दर्शन होते हैं। शुक्रवार को सुबह अभिषेक के दौरान भगवान की प्रतिमा के पूर्ण स्वरूप के दर्शन की विशेष परंपरा है। मंदिर परिसर और आसपास आकाश गंगा, पापनाशक तीर्थ तथा वैकुंठ तीर्थ सहित कई धार्मिक स्थल भी श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र हैं। मान्यता है कि श्रीरामानुजाचार्य को यहीं भगवान ने साक्षात दर्शन दिए थे।


Discover more from 24 News Update

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

desk 24newsupdate's avatar

By desk 24newsupdate

Watch 24 News Update and stay tuned for all the breaking news in Hindi ! 24 News Update is Rajasthan's leading Hindi News Channel. 24 News Update channel covers latest news in Politics, Entertainment, Bollywood, business and sports. 24 न्यूज अपडेट राजस्थान का सर्वश्रेष्ठ हिंदी न्‍यूज चैनल है । 24 न्यूज अपडेट चैनल राजनीति, मनोरंजन, बॉलीवुड, व्यापार और खेल में नवीनतम समाचारों को शामिल करता है। 24 न्यूज अपडेट राजस्थान की लाइव खबरें एवं ब्रेकिंग न्यूज के लिए बने रहें ।

Leave a Reply

error: Content is protected !!

Discover more from 24 News Update

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading