77वें संविधान दिवस पर सुखाड़िया रंगमंच में समारोह, वक्ताओं ने कहा- अधिकारों की जानकारी के साथ सामाजिक और आर्थिक असमानता पर भी करना होगा काम उदयपुर। संविधान के अधिकारों की बात केवल मंचों और नारों तक सीमित रखने से बदलाव नहीं आएगा। संवैधानिक मूल्यों को घर-घर तक पहुंचाना होगा और लोगों को उनके अधिकारों के साथ संविधान के इतिहास और मूल भावना से भी परिचित कराना होगा। जब तक आम नागरिक संविधान को समझेगा नहीं, तब तक अपने अधिकारों की रक्षा प्रभावी ढंग से नहीं कर पाएगा। यह बात यूनिटी ऑफ मूलनिवासी समाज के राष्ट्रीय अध्यक्ष कमलाकांत काले ने कही। वे गुरुवार को संवैधानिक अधिकार जनजागृति संस्थान एवं सर्व समाज की ओर से सुखाड़िया रंगमंच पर आयोजित 77वें संविधान दिवस समारोह में मुख्य वक्ता के रूप में संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि अब केवल संविधान की जयकार करने से काम नहीं चलेगा। संविधान जीवन मूल्य है, जिसे जानना और समझना जरूरी है। उनके अनुसार, संविधान लोगों के समर्थन में है, लेकिन व्यवस्था उनके विरोध में काम कर रही है। इस स्थिति को समझने के लिए संविधान के इतिहास और उसके प्रावधानों को जानना होगा। काले ने कहा कि संविधान दिवस को किसी एक संगठन या समाज तक सीमित रखने के बजाय लोक उत्सव और राष्ट्रीय उत्सव के रूप में मनाने की शुरुआत होनी चाहिए। यह दिन सम्मान और गौरव के साथ आत्ममंथन का भी अवसर है कि संविधान में मिले अधिकार वास्तव में आम लोगों तक पहुंचे हैं या नहीं। बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर ने संविधान के माध्यम से स्वर्णिम भारत और नए राष्ट्र निर्माण का संकल्प पूरे देश के सामने रखा था। आज यह समीक्षा जरूरी है कि 77 वर्षों में हम उस लक्ष्य की दिशा में कितनी प्रगति कर पाए हैं। उन्होंने संविधान लागू करने की तारीख से जुड़े ऐतिहासिक प्रसंगों का उल्लेख करते हुए कहा कि संविधान लागू करने के लिए भी मुहूर्त और कुंडली जैसी बातों पर विचार किया गया था। उन्होंने 15 अगस्त 1947 को स्वतंत्रता की तारीख तय करने के दौरान शुभ-अशुभ मुहूर्त को लेकर हुई चर्चाओं का भी जिक्र किया। काले ने संविधान सभा में राजस्थान के प्रतिनिधित्व का मुद्दा उठाते हुए कहा कि उस समय प्रदेश से शामिल 12 सदस्यों में एससी, एसटी, ओबीसी और अल्पसंख्यक वर्ग का प्रतिनिधित्व नहीं था। उन्होंने कहा कि जिन वर्गों के हितों के लिए संविधान में प्रावधान किए गए, उन्हें संविधान को पढ़ने और समझने की विशेष जरूरत है। संविधान के अधिकारों के लिए धरातल पर करना होगा काम समारोह का उद्घाटन संस्थान की मानद सदस्य माया बजाज ने किया। उन्होंने कहा कि पढ़ाई का अर्थ केवल औपचारिक शिक्षा हासिल करना नहीं, बल्कि जीवन के हर क्षेत्र में जागरूक और सक्षम बनना है। संविधान से मिले अधिकारों को प्राप्त करने के लिए धरातल पर काम करना होगा। केवल नारों और जयकारों से उद्देश्य पूरा नहीं होगा। उन्होंने नई पीढ़ी यानी जेन-जी से भी मौजूदा परिस्थितियों को समझकर सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि नई पीढ़ी के सामने पुरखों से मिली जमीन-जायदाद, धन और संपत्ति का वैसा आधार नहीं है, इसलिए उसे अपने अधिकारों के प्रति अधिक सजग होना होगा। अंबेडकर अपनी योग्यता के बल पर संविधान सभा में पहुंचे : रायकवाल समारोह की अध्यक्षता करते हुए संस्थान के संस्थापक अध्यक्ष गणेशलाल रायकवाल ने कहा कि कई लोग यह दावा करते हैं कि डॉ. अंबेडकर को संविधान सभा में शामिल कराने का सुझाव उन्होंने दिया था, लेकिन बाबा साहेब अपनी योग्यता और विद्वता के बल पर संविधान सभा तक पहुंचे थे। उन्होंने बताया कि डॉ. अंबेडकर के प्रारूप समिति का अध्यक्ष बनने पर तत्कालीन वायसराय लॉर्ड माउंटबेटन की पत्नी एडविना माउंटबेटन ने राजगृह स्थित उनके पते पर धन्यवाद पत्र भेजा था। रायकवाल ने आयरलैंड के स्वतंत्रता सेनानी और वर्ष 1937 में आयरलैंड का संविधान लिखने वाले मिस्टर वेलारा का प्रसंग सुनाते हुए कहा कि भारतीय संविधान के निर्माण के लिए डॉ. अंबेडकर का नाम उनकी विद्वता के कारण सुझाया गया था। अधिकार मिलने के बाद भी असमानता क्यों, आत्मचिंतन जरूरी विशिष्ट अतिथि संस्थान के मानद सदस्य प्रो. भैरुलाल सालवी ने कहा कि संविधान में अधिकारों की व्यवस्था होने और इतने वर्षों के बाद भी समाज में अनेक समस्याएं बनी हुई हैं। इस पर गंभीर आत्मचिंतन की जरूरत है। सामाजिक जीवन में पिछड़े वर्गों को समान अवसर नहीं मिलना और आर्थिक असमानता आज भी चिंता के विषय हैं। ओबीसी वर्ग के मुद्दों पर संघर्ष कर रहे अरुण जांगिड़ ने कहा कि समाज के सामने चुनौतियां स्पष्ट हैं, लेकिन उनके कारणों और जिम्मेदार पक्षों की पहचान को लेकर भ्रम बना हुआ है। उन्होंने कहा कि ओबीसी वर्ग को विभिन्न फैसलों के कारण भ्रमित किया जा रहा है। अब उसे जागरूक होकर अपने अधिकारों को समझना होगा। उन्होंने कहा कि समाज को केवल प्रतीकात्मक गतिविधियों में शामिल लोगों की जगह संविधान की समझ रखने वाले जागरूक कार्यकर्ताओं की जरूरत है। इनकी रही मौजूदगी समारोह में संस्थान के संरक्षक मंडल के चेयरमैन डॉ. भगवतीलाल दशोरा, आजीवन संरक्षक सदस्य डालचंद मेघवाल, कार्यकारिणी सदस्य प्रो. आमोश मीणा, डॉ. फिनी फिलिप (डायरेक्टर, सेंट मैथ्यूज एजुकेशनल बोर्ड एवं प्रिंसिपल, फिलाडेल्फिया इंस्टीट्यूट ऑफ ग्लोबल स्टडीज), मीडिया प्रभारी एडवोकेट पीआर सालवी, रोशनलाल मेघवाल, मोहम्मद अनीश और आजीवन सदस्य घनश्याम वर्मा सहित सर्व समाज के लोग उपस्थित रहे। प्रारंभ में संस्थान के संस्थापक अध्यक्ष गणेशलाल रायकवाल ने अतिथियों और उपस्थितजनों का स्वागत किया। Share this: Share on X (Opens in new window) X Share on Facebook (Opens in new window) Facebook More Email a link to a friend (Opens in new window) Email Share on WhatsApp (Opens in new window) WhatsApp Like this:Like Loading… Related Discover more from 24 News Update Subscribe to get the latest posts sent to your email. Type your email… Subscribe Post navigation सुखाड़िया विश्वविद्यालय में संविधान दिवस पर पैनल डिस्कशन, वेद-उपनिषद की ज्ञान परंपरा से लेकर लोकतांत्रिक संस्थाओं की भूमिका तक पर हुआ मंथन