भूपालसागर (अरविंद गर्ग)। मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में पुलिस ने एक बार फिर बड़ा झटका देते हुए आधी रात की कार्रवाई में तस्करों की कमर तोड़ दी। “ऑपरेशन त्रिनेत्र” के तहत थाना भूपालसागर पुलिस और जिला स्पेशल टीम (DST) ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए एक स्कार्पियो वाहन से 504.780 किलोग्राम अवैध अफीम डोडाचूरा जब्त किया है। हालांकि अंधेरे का फायदा उठाकर तस्कर मौके से फरार हो गया, लेकिन पुलिस ने उसके नेटवर्क को खंगालना शुरू कर दिया है। जिला पुलिस अधीक्षक मनीष त्रिपाठी ने बताया कि महानिरीक्षक पुलिस उदयपुर रेंज गौरव श्रीवास्तव के निर्देश पर मादक पदार्थों के भंडारण और परिवहन पर शिकंजा कसने के लिए विशेष अभियान “ऑपरेशन त्रिनेत्र” चलाया जा रहा है। इसी के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सरिता सिंह के निर्देशन और डीएसपी कपासन हरजीलाल यादव के सुपरविजन में थानाधिकारी घेवरचन्द के नेतृत्व में भूपालसागर थाना पुलिस और DST टीम ने बबराणा-दाता रोड पर सघन नाकाबंदी की। नाकाबंदी के दौरान दाता की ओर से आ रही एक संदिग्ध स्कार्पियो गाड़ी को रुकने का इशारा किया गया, लेकिन चालक ने वाहन को तेज गति से भगाते हुए भागने का प्रयास किया। पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए पीछा किया, लेकिन अंधेरे का फायदा उठाकर आरोपी वाहन छोड़कर फरार हो गया। इसके बाद पुलिस ने नियमानुसार वाहन की तलाशी ली तो अंदर काले रंग के 25 प्लास्टिक कट्टों में भरा हुआ भारी मात्रा में अफीम डोडाचूरा मिला। कुल वजन 504.780 किलोग्राम पाया गया, जिसे मौके पर ही जब्त कर लिया गया। स्कार्पियो वाहन को भी कब्जे में लेकर प्रकरण दर्ज कर लिया गया है। पुलिस के अनुसार इतनी बड़ी मात्रा में डोडाचूरा की बरामदगी से यह साफ है कि तस्करी का यह नेटवर्क स्थानीय नहीं बल्कि अंतरजिला स्तर पर फैला हुआ हो सकता है। फरार आरोपी की तलाश के साथ-साथ इस पूरे गिरोह के अन्य सदस्यों की पहचान के लिए जांच तेज कर दी गई है। इस कार्रवाई में थाना भूपालसागर के थानाधिकारी घेवरचन्द, कांस्टेबल ओमप्रकाश, अनिल, भवानी, जितेन्द्र, सुरेश और लक्ष्मण के साथ जिला स्पेशल टीम के हैडकांस्टेबल प्रमोद कुमार, कांस्टेबल रतनसिंह, अमित कुमार, अजय कुमार, बलराम, मनोज कुमार, शीशराम, प्रीतम और दुर्गाराम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। जिला पुलिस ने आमजन से अपील की है कि मादक पदार्थ तस्करी या किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत निकटतम पुलिस थाना, कंट्रोल रूम या नारको टिप हेल्पलाइन नंबर 94604-25643 पर दें, ताकि ऐसे अवैध नेटवर्क पर समय रहते कार्रवाई की जा सके। Share this: Share on X (Opens in new window) X Share on Facebook (Opens in new window) Facebook More Email a link to a friend (Opens in new window) Email Share on WhatsApp (Opens in new window) WhatsApp Like this:Like Loading… Related Discover more from 24 News Update Subscribe to get the latest posts sent to your email. Type your email… Subscribe Post navigation शहीद जवान पहलवान गुर्जर को अंतिम विदाई, तिरंगा देखते ही बिखरा परिवार श्री सांवलियाजी मंदिर बोर्ड की बजट बैठक सम्पन्न, 579 करोड़ रुपये के विकास कार्यों का खाका तैयार