24 News Update उदयपुर। उदयपुर पुलिस के “ऑपरेशन त्रिनेत्र” के तहत शनिवार को वल्लभनगर क्षेत्र में की गई बड़ी कार्रवाई में अंतर्राज्यीय मादक पदार्थ तस्करी और अवैध हथियार नेटवर्क का पर्दाफाश हुआ है। पुलिस ने कीर की चौकी स्थित श्रीराम होटल पर दबिश देकर बाड़मेर और पंजाब के चार तस्करों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान अवैध ऑटोमैटिक पिस्टल, जिंदा कारतूस, अफीम, फर्जी नंबर प्लेट लगी कार और होटल संचालक के कब्जे से 20.44 लाख रुपए नकद बरामद किए गए हैं।

जिला पुलिस अधीक्षक डॉ. अमृता दुहन के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अंजना सुखवाल और राजेन्द्र सिंह जैन के नेतृत्व में वल्लभनगर एवं खेरोदा थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने यह कार्रवाई अंजाम दी।

होटल के कमरे से मिली पिस्टल, कारतूस और अफीम
पुलिस को सूचना मिली थी कि होटल में पश्चिम राजस्थान के कुछ संदिग्ध तस्कर ठहरे हुए हैं। जांच के दौरान होटल के कमरा नंबर 213 में ठहरे बाड़मेर निवासी मोहनलाल उर्फ मुन्ना जाट के कब्जे से एक अवैध ऑटोमैटिक पिस्टल बरामद हुई। वहीं उसके साथी हुकमाराम सारण की तलाशी में 14 ग्राम अफीम और तीन जिंदा कारतूस मिले।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों आरोपी करीब चार क्विंटल डोडा चूरा की बड़ी खेप का सौदा कर उसे मारवाड़ क्षेत्र में पहुंचाने की तैयारी में थे। पुलिस ने मामले में मास्टरमाइंड को भी नामजद करते हुए एनडीपीएस एक्ट और आर्म्स एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया है।

पंजाब से आए तस्कर फर्जी नंबर प्लेट वाली कार में पहुंचे
कार्रवाई के दौरान होटल के कमरा नंबर 108 की तलाशी में पंजाब के संगरूर जिले के दो तस्कर जसविंदर सिंह और कुलदीप सिंह को 8 ग्राम अफीम के साथ गिरफ्तार किया गया। पुलिस जांच में चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि दोनों जिस स्विफ्ट कार से उदयपुर पहुंचे थे, उस पर दो अलग-अलग नंबर प्लेट लगी हुई थीं। आरोपियों द्वारा वाहन की पहचान छिपाने और जांच एजेंसियों को गुमराह करने के लिए फर्जी नंबर प्लेट का इस्तेमाल किया जा रहा था। पुलिस को यह भी जानकारी मिली है कि आरोपियों ने अवैध डोडा चूरा खरीदने के लिए स्थानीय तस्करों को रकम ट्रांसफर की थी।

होटल संचालक के पास मिले 20.44 लाख रुपए
दबिश के दौरान पुलिस ने होटल संचालक राजेश मेनारिया के कब्जे से 20 लाख 44 हजार रुपए नकद और कई जमीनों से जुड़े दस्तावेज भी बरामद किए। रकम के स्रोत को लेकर संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर पुलिस ने बीएनएसएस की धारा 106 के तहत नकदी और दस्तावेज जब्त कर लिए हैं। मामले की सूचना आयकर विभाग को भी भेज दी गई है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद नकदी का संबंध मादक पदार्थ तस्करी या किसी अन्य अवैध गतिविधि से तो नहीं है।

पुलिस की जांच कई बड़े नामों तक पहुंच सकती है
पुलिस अधिकारियों का मानना है कि गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ में मादक पदार्थ तस्करी के बड़े नेटवर्क और हथियार सप्लाई चैन से जुड़े अहम खुलासे हो सकते हैं। चार क्विंटल डोडा चूरा की संभावित डील, फर्जी नंबर प्लेटों का इस्तेमाल और होटल से बरामद भारी नकदी इस पूरे मामले को साधारण गिरफ्तारी से कहीं अधिक गंभीर बना रही है।
उदयपुर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध मादक पदार्थों और हथियारों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा तथा गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर नेटवर्क के अन्य सदस्यों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है।


Discover more from 24 News Update

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

desk 24newsupdate's avatar

By desk 24newsupdate

Watch 24 News Update and stay tuned for all the breaking news in Hindi ! 24 News Update is Rajasthan's leading Hindi News Channel. 24 News Update channel covers latest news in Politics, Entertainment, Bollywood, business and sports. 24 न्यूज अपडेट राजस्थान का सर्वश्रेष्ठ हिंदी न्‍यूज चैनल है । 24 न्यूज अपडेट चैनल राजनीति, मनोरंजन, बॉलीवुड, व्यापार और खेल में नवीनतम समाचारों को शामिल करता है। 24 न्यूज अपडेट राजस्थान की लाइव खबरें एवं ब्रेकिंग न्यूज के लिए बने रहें ।

Leave a Reply

error: Content is protected !!

Discover more from 24 News Update

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading

Discover more from 24 News Update

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading