24 News update खेरवाड़ा, 31 अगस्त। पंचायत चुनावों की तैयारियों के बीच कांग्रेस ने खेरवाड़ा विधानसभा क्षेत्र में संगठन को बूथ स्तर तक सक्रिय करने की कवायद तेज कर दी है। रविवार को उपखंड खेरवाड़ा की उपतहसील बावलवाड़ा के नवाघरा कांग्रेस मंडल के अंतर्गत विभिन्न ग्राम पंचायतों में कार्यकर्ताओं की बैठकें आयोजित की गईं। बैठकों में विधायक डॉ. दयाराम परमार ने कार्यकर्ताओं से चुनावी तैयारियों में जुटने और संगठन को मजबूत करने का आह्वान किया। डॉ. परमार ने कहा कि राजनीति में ईमानदारी सबसे महत्वपूर्ण है। ग्राम पंचायत का सरपंच हो या कोई अन्य जनप्रतिनिधि, उसका ईमानदार होना जरूरी है। उन्होंने कहा कि जब जनता ईमानदार और जिम्मेदार प्रतिनिधि का चयन करती है, तभी पंचायत क्षेत्र में योजनाओं का सही क्रियान्वयन और समुचित विकास संभव हो पाता है।उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि कांग्रेस के निर्देशानुसार ब्लॉक, मंडल, पंचायत इकाई और बूथ कमेटियों का गठन किया गया है। अब प्रत्येक पदाधिकारी को अपनी जिम्मेदारी गंभीरता से निभानी होगी। आगामी पंचायती राज चुनाव में वार्ड पंच से लेकर जिला परिषद सदस्य तक कांग्रेस के प्रत्याशियों को मजबूत करने के लिए कार्यकर्ताओं को बूथ स्तर पर सक्रिय भूमिका निभानी होगी। छह ग्राम पंचायतों में कार्यकर्ताओं से संवादडॉ. परमार ने मगरा, ढिकवास, कानपुर, कातरवास, भीलान बरोठी और नवाघरा ग्राम पंचायतों में आयोजित बैठकों को संबोधित किया। इन बैठकों का उद्देश्य पंचायत चुनाव से पहले कार्यकर्ताओं से सीधा संपर्क स्थापित करना तथा संगठन की जमीनी स्थिति की समीक्षा करना रहा।इस दौरान डॉ. परमार ने केंद्र और राज्य की भाजपा सरकार पर भी निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार की नीतियों के कारण महंगाई और बेरोजगारी बढ़ी है। खेरवाड़ा विधानसभा क्षेत्र में भी भाजपा शासन के दौरान अपेक्षा के अनुरूप विकास कार्य नहीं होने का आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि क्षेत्र के कई विद्यालयों के भवन जर्जर स्थिति में हैं। वहीं उच्च माध्यमिक विद्यालयों में प्रधानाचार्यों और विषय अध्यापकों के पद रिक्त पड़े हैं, जिससे विद्यार्थियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। पंचायतों में कांग्रेस का बोर्ड बनाने का लक्ष्यपूर्व उपप्रधान सुंदरलाल अहारी ने कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस विचारधारा से जुड़े सरपंच और वार्ड पंचों को जीत दिलाने के लिए कार्यकर्ताओं को अभी से सक्रिय होना होगा। उन्होंने पंचायत समिति और जिला परिषद में कांग्रेस का बोर्ड बनाने के लक्ष्य के साथ एकजुट होकर चुनाव लड़ने की बात कही। बैठकों की अध्यक्षता ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष दिनेश मीणा ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में पूर्व अधीक्षण अभियंता हीरालाल सालवी, देहात जिला कांग्रेस महिला उपाध्यक्ष एवं पूर्व प्रधान पुष्पा मीणा, पूर्व उपप्रधान सुंदरलाल अहारी तथा मंडल अध्यक्ष वीरेंद्र सिंह गरासिया मौजूद रहे। बैठकों में पंचायत इकाइयों और बूथ स्तर के पदाधिकारियों ने अपनी जिम्मेदारियां संभालते हुए आगामी पंचायती राज चुनाव में कांग्रेस को मजबूत करने का संकल्प लिया। इस दौरान ब्लॉक कांग्रेस के पदाधिकारियों के अलावा विभिन्न पंचायतों के सरपंच, पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन गोरीशंकर बोदर और वीरेंद्र सिंह गरासिया ने किया। अंत में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष दिनेश मीणा ने सभी का आभार व्यक्त किया। Share this: Share on X (Opens in new window) X Share on Facebook (Opens in new window) Facebook More Email a link to a friend (Opens in new window) Email Share on WhatsApp (Opens in new window) WhatsApp Like this:Like Loading… Related Discover more from 24 News Update Subscribe to get the latest posts sent to your email. Type your email… Subscribe Post navigation भीलवाड़ा में निकाय चुनाव से पहले बीजेपी को बड़ा झटका: प्रताप मंडल के 70 पदाधिकारियों ने दिया सामूहिक इस्तीफा सड़क सुरक्षा एवं नशा मुक्ति अभियान के तहत छात्राओं ने निकाली जागरूकता रैली