— प्रदेशाध्यक्ष डॉ. विकास बमानिया बोले- स्वास्थ्यकर्मियों की सुरक्षा से समझौता नहीं

जालौर। सरकारी अस्पताल में चिकित्सक और नर्सिंग ऑफिसर के बीच विवाद का मामला अब प्रशासनिक स्तर तक पहुंच गया है। जालौर जिले के बागोड़ा ब्लॉक स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) जुनी बाली में चिकित्सा अधिकारी प्रभारी डॉ. अनिल कुमार मीणा और नर्सिंग ऑफिसर सुरेश परिहार के बीच विवाद के बाद संबंधित नर्सिंग ऑफिसर को APO कर दिया गया है। इस मामले में डॉक्टर्स वेलफेयर फेडरेशन (DWF), राजस्थान ने हस्तक्षेप करते हुए जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा है और पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच के साथ सख्त प्रशासनिक एवं कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
चिकित्सा अधिकारी प्रभारी डॉ. अनिल कुमार मीणा ने अपने संदेश में आरोप लगाया कि नर्सिंग ऑफिसर सुरेश परिहार का उनके साथ ही नहीं, बल्कि अस्पताल के अन्य कर्मचारियों के साथ भी लगातार विवाद और अभद्र व्यवहार रहा है। उन्होंने दावा किया कि संबंधित घटनाओं के वीडियो और अन्य ठोस साक्ष्य उनके पास मौजूद हैं। डॉ. मीणा के अनुसार, इससे पहले भी अस्पताल में पदस्थ चिकित्सकों और कर्मचारियों को इस तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ा है। उन्होंने बताया कि इस संबंध में उनके और अन्य स्टाफ की ओर से पुलिस थाना बागोड़ा में एफआईआर दर्ज कराने के लिए लिखित आवेदन दिया गया है।

DWF ने कलेक्टर को लिखा पत्र, सात बिंदुओं पर कार्रवाई की मांग
डॉक्टर्स वेलफेयर फेडरेशन के प्रदेशाध्यक्ष डॉ. विकास बमानिया और प्रदेश महासचिव डॉ. एचपी शर्मा ने 13 नवंबर को जिला कलेक्टर, जालौर को पत्र भेजकर मामले में हस्तक्षेप की मांग की। फेडरेशन ने कहा कि यह विवाद केवल एक चिकित्सक या स्वास्थ्य केंद्र तक सीमित नहीं है, बल्कि सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में काम करने वाले चिकित्सकों और अन्य कार्मिकों की सुरक्षा, सम्मान तथा कार्यस्थल के अनुशासन से जुड़ा गंभीर विषय है। ज्ञापन में फेडरेशन ने पूरे घटनाक्रम की उच्च स्तरीय और निष्पक्ष जांच करवाने, पूर्व में हुई घटनाओं एवं शिकायतों को भी जांच में शामिल करने, संबंधित नर्सिंग ऑफिसर को अन्यत्र स्थानांतरित करने अथवा नियमानुसार प्रशासनिक कार्रवाई करने की मांग की है। इसके साथ ही उपलब्ध वीडियो, दस्तावेजी साक्ष्यों और गवाहों के बयानों के आधार पर पुलिस जांच कर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने की बात कही है।

निजी प्रैक्टिस के आरोपों की जांच की भी मांग
फेडरेशन ने एक अन्य गंभीर बिंदु उठाते हुए मांग की है कि यदि संबंधित नर्सिंग ऑफिसर द्वारा राजकीय ड्यूटी और ओपीडी समय के दौरान निजी प्रैक्टिस अथवा अन्य निजी व्यावसायिक गतिविधियां संचालित की जा रही थीं, तो इसकी भी जांच कर दोष सिद्ध होने पर सेवा नियमों के अनुसार कार्रवाई की जाए। साथ ही अस्पताल के अटेंडेंस रिकॉर्ड और संबंधित कार्मिक के विरुद्ध पूर्व में मिली शिकायतों की भी समग्र जांच करवाने का आग्रह किया है।

डॉ. विकास बमानिया बोले- चिकित्सकों की सुरक्षा से समझौता नहीं
DWF के प्रदेशाध्यक्ष डॉ. विकास बमानिया ने कहा कि चिकित्सक और स्वास्थ्यकर्मी विषम परिस्थितियों में भी दिन-रात आमजन को सेवाएं देते हैं। ऐसे में उनके साथ धमकी, अभद्रता और अनुशासनहीनता किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है। फेडरेशन का उद्देश्य किसी व्यक्ति विशेष के खिलाफ कार्रवाई करवाना नहीं, बल्कि सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में सुरक्षित, सम्मानजनक और अनुशासित कार्य वातावरण सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि नर्सिंग ऑफिसर को APO किया जाना इस दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रशासनिक कदम है, लेकिन पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कर नियमानुसार आगे की कार्रवाई भी सुनिश्चित होनी चाहिए। फेडरेशन ने स्पष्ट किया कि प्रदेश में किसी भी चिकित्सक या स्वास्थ्यकर्मी के सम्मान और सुरक्षा से जुड़े मामले में संगठन मजबूती से उनके साथ खड़ा रहेगा।


Discover more from 24 News Update

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

desk 24newsupdate's avatar

By desk 24newsupdate

Watch 24 News Update and stay tuned for all the breaking news in Hindi ! 24 News Update is Rajasthan's leading Hindi News Channel. 24 News Update channel covers latest news in Politics, Entertainment, Bollywood, business and sports. 24 न्यूज अपडेट राजस्थान का सर्वश्रेष्ठ हिंदी न्‍यूज चैनल है । 24 न्यूज अपडेट चैनल राजनीति, मनोरंजन, बॉलीवुड, व्यापार और खेल में नवीनतम समाचारों को शामिल करता है। 24 न्यूज अपडेट राजस्थान की लाइव खबरें एवं ब्रेकिंग न्यूज के लिए बने रहें ।

Leave a Reply

error: Content is protected !!

Discover more from 24 News Update

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading