12 दिन पहले भी वसूले थे 1 हजार रुपए, एसीबी ने एक महीने तक रखी निगरानी; अस्पताल नहीं आने के बावजूद अटेंडेंस रजिस्टर में पूरी हाजिरी डूंगरपुर। मेडिकल सर्टिफिकेट बनाने के बदले रिश्वत मांगने के आरोप में डूंगरपुर एसीबी ने झोंथरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सक अमित परमार को एक हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। चिकित्सक ने परिवादी से पहले भी एक हजार रुपए ले लिए थे। शेष एक हजार रुपए लेते ही एसीबी की टीम ने उसे दबोच लिया। खास बात यह है कि चिकित्सक की अस्पताल में नियमित उपस्थिति को लेकर भी एसीबी की निगरानी में गं भीर अनियमितता सामने आई है। बताया गया कि वह अस्पताल नहीं आता था, लेकिन अटेंडेंस रजिस्टर में उसके पूरे हस्ताक्षर दर्ज थे। एसीबी के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजेंद्र जैन के अनुसार परिवादी ने 14 अक्टूबर को शिकायत दी थी। उसने बताया कि 2 अक्टूबर को चौरासी थाने में मारपीट का मामला दर्ज कराया था। इस प्रकरण में पुलिस ने मेडिकल सर्टिफिकेट बनवाने के लिए लिखा था। परिवादी 9 अक्टूबर को झोंथरी पीएचसी पहुंचा, जहां चिकित्सक अमित परमार ने मेडिकल सर्टिफिकेट बनाने के बदले 10 हजार रुपए की रिश्वत मांगी। परिवादी ने आर्थिक स्थिति का हवाला देते हुए इतनी राशि देने में असमर्थता जताई। बाद में दो हजार रुपए में सौदा तय हुआ। 31 अक्टूबर को पहली किस्त में लिए थे एक हजार शिकायत मिलने के बाद एसीबी ने 31 अक्टूबर को रिश्वत मांग का सत्यापन कराया। इसमें चिकित्सक की ओर से दो हजार रुपए मांगने की पुष्टि हुई। सत्यापन के दौरान चिकित्सक ने परिवादी से एक हजार रुपए ले लिए, जबकि शेष राशि बाद में देने की बात तय हुई। इसके बाद परिवादी मेडिकल सर्टिफिकेट लेने के लिए कई बार अस्पताल पहुंचा, लेकिन चिकित्सक नहीं मिला। गुरुवार को परिवादी ने फोन पर संपर्क किया तो पहले चिकित्सक ने कॉल नहीं उठाया। बाद में खुद फोन कर उसे अस्पताल बुलाया। एसीबी ने इसी मौके को ट्रैप कार्रवाई के लिए चुना। मेडिकल सर्टिफिकेट थमाया, दराज में रखवाए रुपए और दबोचा गया एसीबी ने परिवादी को एक हजार रुपए देकर अस्पताल भेजा। चिकित्सक ने 31 अक्टूबर की तारीख में तैयार मेडिकल सर्टिफिकेट उसे दिया और बकाया एक हजार रुपए मांगे। परिवादी ने रिश्वत की राशि चिकित्सक के कहने पर उसकी टेबल की दराज में रख दी। इसी दौरान पहले से मुस्तैद एसीबी टीम ने कार्रवाई करते हुए चिकित्सक को रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। एक महीने निगरानी, अस्पताल नहीं आने पर भी पूरी हाजिरी एसीबी के अनुसार 14 अक्टूबर को शिकायत मिलने के बाद से चिकित्सक पर लगातार नजर रखी जा रही थी। निगरानी के दौरान सामने आया कि वह नियमित रूप से अस्पताल नहीं आता था। उसकी कॉल डिटेल के आधार पर भी अक्सर उदयपुर या अन्य स्थानों पर होने की जानकारी मिली। अस्पताल में उसकी अनुपस्थिति के बावजूद अटेंडेंस रजिस्टर में पूरे हस्ताक्षर दर्ज थे। बताया गया कि वह सप्ताह में कभी-कभार अस्पताल आकर उपस्थिति दर्ज करता और चला जाता था। इसी वजह से एसीबी को उसे रंगे हाथ पकड़ने के लिए करीब एक महीने तक इंतजार करना पड़ा। एसीबी की कार्रवाई के बाद अब रिश्वतखोरी के मामले के साथ ही सरकारी अस्पताल में चिकित्सक की उपस्थिति और अटेंडेंस व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो गए हैं। Share this: Share on X (Opens in new window) X Share on Facebook (Opens in new window) Facebook More Email a link to a friend (Opens in new window) Email Share on WhatsApp (Opens in new window) WhatsApp Like this:Like Loading… Related Post navigation उदयपुर की सड़कों पर स्टंटबाजी कर गुजरात भागे युवक पुलिस के हत्थे चढ़े,तीनों डिटेन, मोटर वाहन अधिनियम में कार्रवाई चिकित्सक से विवाद के बाद नर्सिंग ऑफिसर APO, DWF ने उठाया मामला; कलेक्टर से निष्पक्ष जांच की मांग