उदयपुर में ACB की बड़ी कार्रवाई, 272 प्लॉट प्रकरण में राहत दिलाने और जब्त दस्तावेज लौटाने के बदले रिश्वत मांगने का आरोप

उदयपुर/जयपुर, 26 सितंबर। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने उदयपुर में बड़ी कार्रवाई करते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एसओजी उदयपुर मुकेश कुमार सोनी की संदिग्ध भूमिका से जुड़े एक निजी व्यक्ति को दो करोड़ रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। ACB ने आरोपी सज्जन सिंह उर्फ टाटला को परिवादी की फैक्ट्री से रिश्वत की रकम लेते पकड़ा। वहीं, मुकेश कुमार सोनी को उनकी भूमिका संदिग्ध पाए जाने पर उनके निवास स्थल बालोतरा से डिटेन किया गया है।

ACB के महानिदेशक पुलिस गोविंद गुप्ता के अनुसार इंटेलीजेंस यूनिट उदयपुर को 23 सितंबर को शिकायत मिली थी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि उदयपुर नगर निगम के 272 भूखंडों से जुड़े चर्चित प्रकरण संख्या 97/2022 में पूर्व में गिरफ्तार आरोपियों को दर्ज मामलों में राहत दिलाने, अन्य मामलों में आरोपी नहीं बनाने तथा गिरफ्तारी के दौरान घरों से बरामद किए गए ऐसे दस्तावेज, जिन्हें जब्त नहीं किया गया था, वापस लौटाने के बदले दो करोड़ रुपए की रिश्वत मांगी जा रही थी।

शिकायत के सत्यापन के दौरान रिश्वत मांगने संबंधी बातचीत की पुष्टि होने के बाद ACB ने 26 सितंबर को कार्रवाई की। आरोपी सज्जन सिंह पुत्र गणेशलाल जैन, उम्र 59 वर्ष, निवासी सेक्टर-11, उदयपुर को परिवादी की फैक्ट्री से दो करोड़ रुपए की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया गया।

ASP की भूमिका संदिग्ध, बालोतरा से डिटेन

ACB के अनुसार मामले में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एसओजी उदयपुर मुकेश कुमार सोनी की भूमिका संदिग्ध सामने आई। इसके बाद कार्रवाई करते हुए उन्हें उनके निवास स्थल जिला बालोतरा से डिटेन किया गया। ACB का कहना है कि उनसे आवश्यक पूछताछ की जा रही है और पूछताछ के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

कार्रवाई डॉ. रामेश्वर सिंह, उप महानिरीक्षक पुलिस, ACB उदयपुर रेंज तथा गोपालस्वरूप मेवाड़ा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं अतिरिक्त प्रभार ब्यूरो चौकी इंटेलीजेंस उदयपुर के सुपरविजन में की गई। पुलिस उप अधीक्षक डॉ. सोनू शेखावत के नेतृत्व में दलपत सिंह, सहायक प्रशासनिक अधिकारी, मुनीर मोहम्मद, सहायक उप निरीक्षक, अजय कुमार कांस्टेबल सहित अतिरिक्त जाब्ते ने कार्रवाई को अंजाम दिया।

ACB के अनुसार मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 7, 7A तथा BNS की धारा 61(2) के तहत प्रकरण दर्ज कर अग्रिम अनुसंधान किया जाएगा।

क्या है 272 प्लॉट का मामला?

ACB के मुताबिक रिश्वत का कथित लेन-देन उदयपुर नगर निगम के 272 भूखंडों से जुड़े पुराने प्रकरण से संबंधित है। इस मामले में आरोप रहा है कि वर्ष 2012 में UIT की ओर से कई कॉलोनियां नगर निगम को हस्तांतरित की गई थीं। इनमें बड़ी संख्या में भूखंड खाली थे। आरोप है कि भू-माफिया और निगम के अधिकारी-कर्मचारियों की मिलीभगत से इन खाली भूखंडों के फर्जी दस्तावेज और लीज डीड तैयार कराए गए तथा फर्जी व्यक्तियों के नाम नामांतरण खोलकर भूखंड आगे बेच दिए गए।

वर्ष 2022 में इस मामले में सूरजपोल थाने में FIR दर्ज हुई थी। इसके बाद मामले की जांच एसओजी तक पहुंची और कई आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की गई।

गिरफ्तारी के दौरान जब्त हुए थे जेवर और नकदी

इसी प्रकरण में सुखेर निवासी पूर्व जिला अल्पसंख्यक अधिकारी हेमलता कांकरिया और उनके पति निरंजन मोगरा की गिरफ्तारी का भी उल्लेख सामने आया था। उनके घर से करीब 2 किलो सोने के आभूषण और 11 लाख रुपए नकद बरामद किए जाने की जानकारी सामने आई थी।

अब ACB की कार्रवाई में आरोप है कि इसी प्रकरण में राहत दिलाने, मामले में एफआर लगाने तथा जब्त सामान वापस कराने के बदले दो करोड़ रुपए की रिश्वत मांगी गई थी। हालांकि इन आरोपों की विस्तृत पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।

मुकेश सोनी को लेकर पहले भी उठे थे सवाल

ACB की प्रेस विज्ञप्ति में वर्तमान कार्रवाई से जुड़े आरोपों के अलावा मुकेश कुमार सोनी को लेकर पूर्व में सामने आए विवादों का उल्लेख नहीं है। उपलब्ध जानकारी के अनुसार वर्ष 2022 में अजमेर में नशीली दवाओं की तस्करी के एक मामले में आरोपी को कथित लाभ पहुंचाने के आरोपों के बाद मुकेश सोनी सहित तीन पुलिस अधिकारियों को हाईकोर्ट के आदेश पर रेंज से बाहर भेजे जाने की बात सामने आई थी।

वर्ष 2024 में मुकेश सोनी एसओजी की अजमेर चौकी में तैनात रहे। बाद में उन्हें वहां से हटाया गया और नवंबर 2025 में एसओजी की उदयपुर यूनिट में तैनाती हुई।

फिलहाल ACB की कार्रवाई जारी है। दो करोड़ रुपए की रिश्वत के इस मामले में गिरफ्तार दलाल से पूछताछ और ASP मुकेश सोनी से पूछताछ के बाद मामले से जुड़े अन्य तथ्यों और संभावित भूमिकाओं का खुलासा होने की संभावना है।


Discover more from 24 News Update

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

desk 24newsupdate's avatar

By desk 24newsupdate

Watch 24 News Update and stay tuned for all the breaking news in Hindi ! 24 News Update is Rajasthan's leading Hindi News Channel. 24 News Update channel covers latest news in Politics, Entertainment, Bollywood, business and sports. 24 न्यूज अपडेट राजस्थान का सर्वश्रेष्ठ हिंदी न्‍यूज चैनल है । 24 न्यूज अपडेट चैनल राजनीति, मनोरंजन, बॉलीवुड, व्यापार और खेल में नवीनतम समाचारों को शामिल करता है। 24 न्यूज अपडेट राजस्थान की लाइव खबरें एवं ब्रेकिंग न्यूज के लिए बने रहें ।

Leave a Reply

error: Content is protected !!

Discover more from 24 News Update

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading

Discover more from 24 News Update

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading