विकसित भारत-जन सेवा अभियान के तहत 2394 आंगनबाड़ी केंद्रों पर हुए विविध आयोजन, बच्चों को न्यूट्री बॉक्स बांटे, गर्भवती माताओं की गोद भराई कर दी शुभकामनाएं उदयपुर, 27 सितम्बर। विकसित भारत-जन सेवा अभियान के तहत जिलेभर में 25 से 27 सितम्बर तक आयोजित आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम का रविवार को समापन हुआ। अभियान के तीसरे दिन जिले के शेष 800 से अधिक आंगनबाड़ी केंद्रों पर विभिन्न गतिविधियों के साथ कार्यक्रम आयोजित किए गए। झाड़ोल विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत ढेड़मारिया में आयोजित कार्यक्रम में जनजाति क्षेत्रीय विकास मंत्री एवं कैबिनेट मंत्री बाबूलाल खराड़ी शामिल हुए। मंत्री खराड़ी ने कार्यक्रम के दौरान बच्चों, लाभार्थी परिवारों और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं से संवाद किया। उन्होंने बच्चों को न्यूट्री बॉक्स वितरित किए और गर्भवती माताओं की गोद भराई की रस्म पूरी कर उन्हें शुभकामनाएं दीं। इस दौरान आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं आशा सहयोगिनियों का सम्मान भी किया गया। मंत्री खराड़ी ने कहा कि राज्य सरकार मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, पोषण और बच्चों के सर्वांगीण विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। आंगनबाड़ी केंद्रों को केवल पोषण वितरण तक सीमित न रखते हुए इन्हें सेवा, संस्कार और सशक्तिकरण के केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में काम किया जा रहा है। शहर सहित 36 केंद्रों पर भी उत्साह से आयोजन इधर, माछला मगरा, टेकरी, रोशन नगर, इंदिरा कॉलोनी सहित शहर के अन्य 36 आंगनबाड़ी केंद्रों पर भी आंगन मिलन कार्यक्रम उत्साह के साथ आयोजित किए गए। इन कार्यक्रमों में संबंधित वार्ड पार्षद मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। बाल विकास परियोजना अधिकारी राजेश शर्मा एवं महिला पर्यवेक्षक शारदा बंसीवाल ने आंगनबाड़ी केंद्रों के महत्व और वहां संचालित सेवाओं की जानकारी दी। सीमा जगन एवं जया वीरवाल ने पोषण, स्वास्थ्य तथा आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से दी जाने वाली सेवाओं के बारे में विस्तार से बताया। कार्यक्रमों में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं ने सक्रिय सहभागिता निभाई। 2394 केंद्रों पर तीन दिन चला अभियान महिला एवं बाल विकास विभाग के उपनिदेशक नंदलाल मेघवाल ने बताया कि आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम के तहत 25 से 27 सितम्बर तक जिले के कुल 2394 आंगनबाड़ी केंद्रों पर विविध गतिविधियां आयोजित की गईं। इस दौरान विभाग की सभी आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं का सम्मान किया गया। कार्यक्रम के दौरान पोषण माह के तहत अन्नप्राशन, गोद भराई और प्रवेशोत्सव जैसी गतिविधियां भी आयोजित हुईं। ग्राम पंचायत स्तर पर कार्यरत स्वास्थ्य, शिक्षा, पंचायती राज, राजस्व और कृषि विभाग सहित विभिन्न विभागों के कार्मिकों ने सहभागिता की। विद्यालयों के शिक्षक एवं विद्यार्थी, राजीविका स्वयं सहायता समूहों की महिलाएं, पोषण सखियां और आमजन भी कार्यक्रमों से जुड़े। तीन दिवसीय आयोजन के दौरान रंगोली, चित्रकला, कहानी एवं कविता पाठ, लाभार्थियों से संवाद, अनुभव साझा करना, विभिन्न योजनाओं की जानकारी देना और नए लाभार्थियों का पंजीकरण जैसी गतिविधियां भी कराई गईं। विभाग के अनुसार इन आयोजनों का उद्देश्य आंगनबाड़ी केंद्रों से जुड़ी सेवाओं और योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाने के साथ समुदाय की सहभागिता को मजबूत करना रहा। Share this: Share on X (Opens in new window) X Share on Facebook (Opens in new window) Facebook More Email a link to a friend (Opens in new window) Email Share on WhatsApp (Opens in new window) WhatsApp Like this:Like Loading… Related Discover more from 24 News Update Subscribe to get the latest posts sent to your email. Type your email… Subscribe Post navigation ईंटाली में आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम आयोजित, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और आशा सहयोगिनियों का सम्मान मेलजोल मेले में ‘दिवेर विजय’ ने जीवंत किया महाराणा प्रताप का गौरवशाली इतिहास