24 News Update उदयपुर। नगर निकाय चुनाव से पहले राज्य सरकार ने शहरी क्षेत्रों के लोगों को बड़ी राहत देने का फैसला किया है। 12 जून से 15 जुलाई तक प्रदेशभर में शहरी सेवा शिविर-2026 आयोजित किए जाएंगे, जहां आमजन के वर्षों से लंबित मामलों का मौके पर निस्तारण किया जाएगा और कई जरूरी सेवाएं एक ही छत के नीचे उपलब्ध होंगी।
अभियान सभी नगर निगम, नगर परिषद, नगर पालिका, विकास प्राधिकरण, नगर सुधार न्यास और हाउसिंग बोर्ड क्षेत्रों में चलाया जाएगा। सरकार का दावा है कि शिविरों के जरिए लोगों को दफ्तरों के चक्कर लगाने से मुक्ति मिलेगी।

कॉलोनियों के नियमन का रास्ता हुआ आसान

सरकार ने कृषि भूमि पर विकसित 31 दिसंबर 2021 तक की कॉलोनियों को विशेष प्रावधानों के तहत नियमित करने का फैसला किया है। वहीं सरकारी भूमि पर 1 जनवरी 2013 तक बस चुकी कॉलोनियों को भी नियमन का लाभ मिलेगा। डीनोटिफाइड कच्ची बस्तियों के निवासियों को पट्टे जारी करने का रास्ता भी साफ किया गया है।

सस्ते में मिलेगा पट्टा

200 वर्गमीटर तक के भूखंड के लिए पट्टा केवल 100 रुपये प्रति वर्गमीटर की दर से जारी होगा, जबकि 200 से 500 वर्गमीटर तक के भूखंडों के लिए यह दर 120 रुपये प्रति वर्गमीटर तय की गई है। पुराने बिजली-पानी के बिल और बिना रजिस्ट्री वाले पुराने इकरारनामों को भी पात्रता के आधार के रूप में स्वीकार किया जाएगा।

शुल्क और प्रीमियम में भारी राहत

शिविरों में आने वाले आवेदकों को कई तरह की फीस में बड़ी छूट मिलेगी। स्टाम्प शुल्क और अतिरिक्त प्रीमियम में 100 प्रतिशत तक की राहत का प्रावधान किया गया है। पुरानी लीज राशि एकमुश्त जमा कराने पर ब्याज पूरी तरह माफ किया जाएगा। इसके अलावा नामांतरण शुल्क में 50 प्रतिशत तक तथा भू-उपयोग परिवर्तन, उप-विभाजन और पुनर्गठन शुल्क में 25 से 75 प्रतिशत तक की छूट दी जाएगी।

भवन निर्माण और जमीन संबंधी प्रक्रियाएं हुईं सरल

सरकार ने भवन निर्माण स्वीकृति शुल्क में राहत देने के साथ नामांतरण, उप-विभाजन, पुनर्गठन, भू-उपयोग परिवर्तन और फ्री-होल्ड जैसे मामलों की प्रक्रिया को आसान बनाया है। मौका निरीक्षण की अनिवार्यता समाप्त कर दी गई है, जबकि आपत्तियां दर्ज कराने की समय सीमा 15 दिन से घटाकर 7 दिन कर दी गई है।

शिविरों में मिलेंगी दर्जनों सेवाएं

इन शिविरों में जन्म-मृत्यु और विवाह पंजीकरण, फायर एनओसी, ट्रेड लाइसेंस, सीवर कनेक्शन, ईडब्ल्यूएस प्रमाण पत्र, भवन निर्माण स्वीकृति, नामांतरण, फ्रीहोल्ड, लीज मुक्ति, भू-उपयोग परिवर्तन, उप-विभाजन और पुनर्गठन जैसे मामलों का निस्तारण किया जाएगा।
इसके अलावा सड़क, नाली, सीवर, स्ट्रीट लाइट, पार्कों और सार्वजनिक स्थलों के रखरखाव से जुड़ी शिकायतें भी दर्ज कराई जा सकेंगी। सामाजिक सुरक्षा पेंशन, पीएम स्वनिधि, मुख्यमंत्री निशुल्क बिजली योजना, कुसुम योजना समेत विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के आवेदन भी स्वीकार किए जाएंगे।

ऑनलाइन आवेदन, मौके पर पूरी सहायता

अधिकांश सेवाओं के लिए आवेदन ऑनलाइन किए जाएंगे। जिन मामलों में ऑनलाइन सुविधा उपलब्ध नहीं है, वहां ऑफलाइन आवेदन लेकर निकाय स्वयं उन्हें पोर्टल पर दर्ज करेंगे। प्रत्येक शिविर में हेल्प डेस्क, ई-मित्र, नोटरी, स्टाम्प वेंडर और डीड राइटर की व्यवस्था भी रहेगी, ताकि लोगों को सभी सुविधाएं एक ही स्थान पर मिल सकें।


Discover more from 24 News Update

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

desk 24newsupdate's avatar

By desk 24newsupdate

Watch 24 News Update and stay tuned for all the breaking news in Hindi ! 24 News Update is Rajasthan's leading Hindi News Channel. 24 News Update channel covers latest news in Politics, Entertainment, Bollywood, business and sports. 24 न्यूज अपडेट राजस्थान का सर्वश्रेष्ठ हिंदी न्‍यूज चैनल है । 24 न्यूज अपडेट चैनल राजनीति, मनोरंजन, बॉलीवुड, व्यापार और खेल में नवीनतम समाचारों को शामिल करता है। 24 न्यूज अपडेट राजस्थान की लाइव खबरें एवं ब्रेकिंग न्यूज के लिए बने रहें ।

Leave a Reply

error: Content is protected !!

Discover more from 24 News Update

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading