गुयाना से मैक्सिको और डंकी रूट से अमेरिका पहुंचा था गैंगस्टर, राजस्थान AGTF ने 14 बार इंटरपोल के जरिए भेजे रेफरेंस; अब भारत लाने की तैयारी जयपुर। लॉरेंस बिश्नोई गैंग का विदेश में बैठकर भारत में रंगदारी और फायरिंग का नेटवर्क चलाने वाला गैंगस्टर हरिचंद जाट उर्फ हरि बॉक्सर आखिरकार अमेरिकी एजेंसी के शिकंजे में आ गया है। राजस्थान पुलिस की एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स (AGTF) के लगातार पीछा करने और अंतरराष्ट्रीय एजेंसियों से समन्वय के बाद अमेरिका की इमिग्रेशन एंड कस्टम्स एनफोर्समेंट (ICE) ने उसे डिटेन किया है। राजस्थान पुलिस अब उसे भारत लाने की प्रक्रिया में जुटी है। हरि बॉक्सर पर राजस्थान सहित कई राज्यों में हत्या के प्रयास, रंगदारी, अवैध हथियार और संगठित अपराध के 22 से अधिक मामले दर्ज हैं। हरि बॉक्सर की गिरफ्तारी को राजस्थान पुलिस की विदेश में बैठे गैंगस्टरों के खिलाफ बड़ी कामयाबी माना जा रहा है। वह विदेश में रहकर लॉरेंस बिश्नोई और रोहित गोदारा गैंग के लिए भारत में आपराधिक गतिविधियां संचालित करने में सक्रिय था। पुलिस के अनुसार, गिरोह के लिए हथियारों की आपूर्ति करना और कारोबारियों को धमकाकर रंगदारी वसूलने के नेटवर्क में उसकी अहम भूमिका थी। गिरोह के सदस्य व्हाट्सएप और सिग्नल जैसे माध्यमों से वॉयस ओवर इंटरनेट प्रोटोकॉल (VOIP) कॉल कर व्यापारियों को धमकियां देते थे। फिरौती नहीं मिलने पर गोलीबारी तक की जाती थी। गुयाना से मैक्सिको, फिर अमेरिका पहुंचा पुलिस की पड़ताल में हरि बॉक्सर के विदेश भागने की कहानी भी सामने आई है। वह अप्रैल 2023 में अपने पासपोर्ट पर भारत से फरार हुआ था। राजस्थान AGTF को पहले उसकी लोकेशन दुबई में मिली। इसके बाद उसके डोमिनिकन रिपब्लिक, गुयाना और फिर मैक्सिको पहुंचने की सूचनाएं जुटाई गईं। फरवरी 2025 में गुयाना में उसकी मौजूदगी का पता चलने पर प्रोविजनल अरेस्ट रिक्वेस्ट भेजी गई, लेकिन कार्रवाई से पहले ही वह डंकी रूट के जरिए मैक्सिको होते हुए अमेरिका पहुंच गया। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और अपने खुफिया नेटवर्क से उसकी कैलिफोर्निया में मौजूदगी की जानकारी जुटाई और अमेरिकी एजेंसियों तक पहुंचाई। 14 बार इंटरपोल रेफरेंस, फिर रेड कॉर्नर नोटिस हरि बॉक्सर को पकड़ने के लिए राजस्थान पुलिस ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर लगातार दबाव बनाए रखा। नवंबर 2024 में उसके खिलाफ इंटरपोल का रेड कॉर्नर नोटिस जारी करवाया गया था। इसके बाद सीबीआई के माध्यम से करीब पांच देशों को 14 बार इंटरपोल रेफरेंस भेजे गए। इनमें उसके संभावित ठिकानों, विदेशों में इस्तेमाल किए जा रहे मोबाइल नंबरों और आपराधिक गतिविधियों से जुड़ी सूचनाएं साझा की गईं। 21 फरवरी 2025 को प्रोविजनल अरेस्ट रिक्वेस्ट भेजी गई। इसके बाद 19 अगस्त 2026 को अपडेटेड ब्रीफ डोजियर और 29 अक्टूबर 2026 को फिंगरप्रिंट भी उपलब्ध कराए गए। लगातार सूचनाएं साझा करने और अमेरिकी एजेंसियों के साथ समन्वय के बाद ICE ने उसे डिटेन किया। रोहित शेट्टी के घर फायरिंग के बाद आया था चर्चा में हरि बॉक्सर का नाम मुंबई में फिल्म निर्देशक रोहित शेट्टी के घर के बाहर हुई फायरिंग के बाद भी चर्चा में आया था। पुलिस के अनुसार, इस घटना के बाद सोशल मीडिया पर हरि बॉक्सर ने वारदात की जिम्मेदारी लेने संबंधी पोस्ट की थी। वह राजस्थान, हरियाणा और मुंबई के अलावा पंजाब, दिल्ली, मध्यप्रदेश और महाराष्ट्र में रंगदारी तथा फायरिंग की घटनाओं में वांछित रहा है। राजस्थान के विभिन्न थानों में उसके खिलाफ चोरी, मारपीट, हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट और अवैध वसूली के 22 से अधिक प्रकरण दर्ज हैं। दिनेश एमएन के निर्देशन में चला ऑपरेशन अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक दिनेश एमएन के निर्देशन में चलाए गए इस अभियान में AGTF की ऑपरेशनल और इंटरपोल शाखा ने समन्वित प्रयास किए। पुलिस उपमहानिरीक्षक योगेश यादव के सुपरविजन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सिद्धांत शर्मा के नेतृत्व वाली टीम ने सूचनाएं जुटाईं। इसमें उप अधीक्षक रविन्द्र प्रताप, निरीक्षक सुनील जांगिड़, मनीष शर्मा और रामविलास विश्नोई शामिल रहे। इंटरपोल विंग के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नरोत्तम लाल वर्मा और उनकी टीम ने सीबीआई के माध्यम से नोटिस जारी करवाने और विदेशी एजेंसियों से संपर्क बनाए रखने में भूमिका निभाई। तकनीकी शाखा के मोहन भूरिया और जगसीर सिंह ने विदेशी मोबाइल नंबरों और डिजिटल गतिविधियों का विश्लेषण किया। अब AGTF हरि बॉक्सर को भारत लाने की अग्रिम कानूनी और कूटनीतिक प्रक्रिया में जुटी है। अमेरिकी एजेंसी द्वारा डिटेन किए जाने के बाद अगला महत्वपूर्ण पड़ाव उसे भारत प्रत्यर्पित कराना होगा, ताकि यहां दर्ज मामलों में उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा सके। Share this: Share on X (Opens in new window) X Share on Facebook (Opens in new window) Facebook More Email a link to a friend (Opens in new window) Email Share on WhatsApp (Opens in new window) WhatsApp Like this:Like Loading… Related Discover more from 24 News Update Subscribe to get the latest posts sent to your email. Type your email… Subscribe Post navigation उत्तर पश्चिम रेलवे ने वंदे मातरम् के 150 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित सालभर के समारोह का किया समापन