महापौर पारस सिंघवी ने परिवारों को दिए भूखंडों के दस्तावेज, वर्षों से लंबित विस्थापन प्रक्रिया एक माह की तय अवधि से पहले पूरी; बॉटलनेक की बाधा दूर होने से शहर की यातायात परियोजना को मिलेगी गति उदयपुर। शहर की यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण माने जा रहे शक्तिनगर बॉटलनेक का रास्ता साफ करने के लिए नगर निगम ने धनतेरस पर बड़ा कदम उठाया। इस मार्ग के विकास कार्य से प्रभावित आठ विस्थापित परिवारों को शुक्रवार को भूखंडों के आवंटन पत्र, कब्जा पत्र और पट्टे सौंपे गए। महापौर पारस सिंघवी ने निगम अधिकारियों की मौजूदगी में सभी परिवारों को दस्तावेज प्रदान किए। लंबे समय से लंबित इस प्रकरण का निस्तारण होने से बॉटलनेक की समस्या के समाधान की दिशा में महत्वपूर्ण प्रगति हुई है। शक्तिनगर बॉटलनेक का मामला लंबे समय से अटका हुआ था। यहां यातायात की बाधा दूर करने के लिए विकास कार्य प्रस्तावित है, लेकिन इससे प्रभावित परिवारों के विस्थापन और उन्हें भूखंड आवंटित करने की प्रक्रिया पूरी होना जरूरी था। इसी सिलसिले में कुछ समय पहले महापौर पारस सिंघवी की अध्यक्षता में नगर निगम कार्यालय में संबंधित परिवारों के प्रतिनिधियों और निगम अधिकारियों की बैठक हुई थी। बैठक में आपसी सहमति से तय किया गया था कि सभी आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कर एक माह के भीतर परिवारों को भूखंडों के आवंटन पत्र और कब्जा पत्र जारी कर दिए जाएंगे। महापौर ने इस मामले को प्राथमिकता पर लेते हुए अधिकारियों को प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिए। इसके बाद निगम के संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों ने दस्तावेजी औपचारिकताएं पूरी करने में तेजी दिखाई। तय समयसीमा पूरी होने का इंतजार किए बिना ही सभी आठ परिवारों के आवंटन पत्र, कब्जा पत्र और पट्टे तैयार कर जारी कर दिए गए। धनतेरस के दिन दस्तावेज मिलने से प्रभावित परिवारों में खुशी का माहौल रहा। इन आठ परिवारों को मिले दस्तावेज महापौर पारस सिंघवी ने सुनील कालरा, पुरुषोत्तम लीलानी, ओमप्रकाश डोडेजा, संजय पाहूजा, स्वरूप विनोद तुलसीजा, नन्दलाल बुद्धराज, मनोज कालरा और सुजाता कालरा को आवंटन पत्र, कब्जा पत्र एवं पट्टे सौंपे। सभी परिवारों और उपस्थित समाजजनों ने वर्षों से लंबित मामले का समाधान कराने के लिए महापौर और नगर निगम प्रशासन का आभार जताया। उन्होंने कहा कि सकारात्मक पहल और अधिकारियों की तत्परता से उन्हें लंबे इंतजार के बाद राहत मिली है। बॉटलनेक खुलने से शहर को मिलेगी यातायात राहत शक्तिनगर बॉटलनेक शहर की यातायात व्यवस्था के लिहाज से महत्वपूर्ण स्थान है। यहां सड़क की सीमित चौड़ाई और आवागमन की बाधा के कारण लंबे समय से यातायात प्रभावित होता रहा है। इस हिस्से का विकास कार्य पूरा होने पर वाहन चालकों को आवाजाही में सुविधा मिलने और जाम की समस्या कम होने की उम्मीद है। आठ विस्थापित परिवारों से जुड़ी प्रक्रिया पूरी होने के बाद परियोजना को आगे बढ़ाने में मदद मिलेगी। महापौर पारस सिंघवी ने कहा कि नगर निगम का प्रयास है कि इस महत्वपूर्ण विकास कार्य को जल्द पूरा कर शहरवासियों को राहत दी जाए। अधिकारी और जनप्रतिनिधि रहे मौजूद दस्तावेज वितरण के दौरान निगम उपायुक्त हरि सिंह देवल, उपनगर नियोजक सिराजुद्दीन, सहायक नगर नियोजक शुचिता कोठारी, क्षेत्रीय पार्षद विजय आहूजा, सहायक प्रशासनिक अधिकारी गौतम यादव और राजेश जैन सहित बड़ी संख्या में समाजजन मौजूद रहे। इस पूरे प्रकरण के समाधान में क्षेत्रीय पार्षद विजय आहूजा की भी महत्वपूर्ण भूमिका रही। सभी ने इसे शहर के विकास और यातायात सुधार की दिशा में अहम उपलब्धि बताया। Share this: Share on X (Opens in new window) X Share on Facebook (Opens in new window) Facebook More Email a link to a friend (Opens in new window) Email Share on WhatsApp (Opens in new window) WhatsApp Like this:Like Loading… Related Discover more from 24 News Update Subscribe to get the latest posts sent to your email. Type your email… Subscribe Post navigation स्वस्थ रहने का मूल मन्त्र आयुर्वेद के सिद्धांतों को अपने जीवन में उतारे : डॉ औदीच्य