24 News Update उदयपुर। नगर माहेश्वरी युवा संगठन, उदयपुर के तत्वावधान में महेश नवमी पर्व के मुख्य दिन मंगलवार को शहर में भव्य एवं ऐतिहासिक शोभायात्रा निकाली गई।संगठन के अध्यक्ष गजेंद्र मुंदड़ा ने बताया कि इस पावन अवसर पर पूरा माहेश्वरी समाज भक्ति के अनूठे रंग में रंगा नजर आया। शोभायात्रा में समाज की अद्भुत एकजुटता और उत्साह देखने को मिला, जहां सभी पुरुष पारंपरिक श्वेत वस्त्रों और साफों में सज-धजकर शामिल हुए, वहीं महिला शक्ति सुंदर केसरिया साड़ियों और चुन्दड़ परिधानों में कदम से कदम मिलाकर चलती नजर आईं। गाजे-बाजे और गगनभेदी जयकारों के साथ यह भव्य शोभायात्रा आरएमवी ग्राउंड से रवाना हुई। यात्रा मार्ग के दौरान अमल का कांटा, मार्शल चौराहा, धानमण्डी, तीज का चौक, देहलीगेट, बापू बाजार और सूरजपोल होते हुए जब यह पुनः आरएमवी प्रांगण पहुंची, तो पूरा माहौल धर्ममय हो गया। पूरे यात्रा मार्ग में जगह-जगह समाज जनों और शहरवासियों द्वारा पुष्प वर्षा कर शोभायात्रा का अभूतपूर्व स्वागत किया गया। झांकियों ने मोहा मन, हुई पुष्प वर्षा संगठन सचिव प्रभात अजमेरा ने बताया कि इस भव्य शोभायात्रा में कई विशेष आकर्षण शामिल रहे, जिन्होंने सभी का मन मोह लिया। यात्रा के आगे मुख्य रूप से 11 घोड़ों पर समाज के युवा सवार होकर भगवान महेश की धर्म पताका थामे शौर्य के साथ चल रहे थे। इसके साथ ही युवक-युवतियों द्वारा प्रस्तुत किया गया ‘महेश घोष’ पूरी यात्रा में विशेष आकर्षण का केंद्र रहा, जिसकी गूंज ने हर किसी को मंत्रमुग्ध कर दिया। शोभायात्रा की भव्यता को बढ़ाते हुए इसमें तीन सुसज्जित बग्घियां, दो ऊंट गाड़ियां और तीन बैंड शामिल हुए, जो मधुर भजनों की धुनें बिखेर रहे थे। वहीं झांकियों के रूप में भगवान महेश की आकर्षक झांकी और श्री राधा-कृष्ण की दिव्य झांकी के दर्शन पाकर श्रद्धालु भावविभोर हो उठे। 1008 दीपो से हुई भगवान महेश की महाआरती शोभायात्रा के पुनः आरएमवी प्रांगण पहुंचने पर भक्ति का चरम रूप देखने को मिला, जहां समूचे समाज जनों की उपस्थिति में 1008 दीपकों से भगवान महेश की भव्य एवं अलौकिक महाआरती उतारी गई। महाआरती के दीपकों के प्रकाश और मंत्रोच्चार से पूरा परिसर आलौकिक आभा से सराबोर हो गया। धार्मिक अनुष्ठानों की पूर्णाहुति के पश्चात समाज जनों के लिए एक भव्य महाप्रसादी का आयोजन किया गया, जिसमें समाज के सभी भाई-बहनों ने एक साथ मिलकर प्रसादी ग्रहण की। आयोजन समिति और संगठन के पदाधिकारियों ने इस पूरे महोत्सव को ऐतिहासिक रूप से सफल बनाने के लिए सभी समाज जनों का आभार व्यक्त किया। Share this: Share on X (Opens in new window) X Share on Facebook (Opens in new window) Facebook More Email a link to a friend (Opens in new window) Email Share on WhatsApp (Opens in new window) WhatsApp Like this:Like Loading… Related Discover more from 24 News Update Subscribe to get the latest posts sent to your email. Type your email… Subscribe Post navigation राहगीर से लूट के मामले में बाघपुरा पुलिस की कार्रवाई, तीन बाल अपचारी डिटेन, लूटा गया मोबाइल और वारदात में प्रयुक्त बाइक बरामद फायर सेफ्टी को लेकर निगम की बड़ी कार्रवाई की तैयारी: 655 प्रतिष्ठानों की जांच पूरी, 337 को नोटिस; नियमों की अनदेखी पर सीज होंगी इमारतें