24 न्यूज अपडेट जयपुर, जयपुर में बुजुर्ग महिलाओं को निशाना बनाकर ऑटो में बैठाकर सोने के गहने लूटने वाले अंतरराज्यीय गैंग का विधायकपुरी थाना पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने दिल्ली के रघुवीर नगर की 25 गज कच्ची बस्ती में दबिश देकर गैंग के मास्टरमाइंड गोविंद राजकोटिया (71) और उसके साथी अश्विन मीठापुरा (23) को गिरफ्तार किया है। दोनों मूल रूप से गुजरात के भावनगर के रहने वाले हैं। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, 500 से अधिक ऑटो चालकों से पूछताछ और तकनीकी विश्लेषण के आधार पर इन बदमाशों को ट्रेस किया।डीसीपी साउथ दिगंत आनंद के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी लंबे समय से जयपुर और दिल्ली में सक्रिय थे और ऑटो किराए पर लेकर बुजुर्ग महिलाओं को लूटते थे। 30 जून को जयपुर में एक ही दिन में दो लूट की वारदातों को अंजाम देकर दोनों दिल्ली भाग गए थे। वारदात के बाद मास्टरमाइंड गोविंद ने पहचान छुपाने के लिए सिर मुंडवा लिया और मूंछें कटवा ली थीं।घटना क्रमः एक ही दिन में दो वारदातेंपहली वारदात मानसरोवर निवासी संगीता नंदवानी (66) के साथ हुई, जो अपने बेटे के साथ अमरापुर मंदिर दर्शन के बाद दोपहर 12ः30 बजे ऑटो से लौट रही थीं। ऑटो में बैठे चार बदमाशों ने चलते ऑटो में संगीता के सिर पर वार कर 40 ग्राम सोने के कंगन लूट लिए और अजमेर पुलिया के पास उतार कर फरार हो गए। दूसरी वारदात झोटवाड़ा निवासी हेमलता वासवानी के साथ हुई, जो अपनी देवरानी के साथ लौट रही थीं। ग्रीन-यलो ऑटो में पहले से बैठे दो और फिर एक अतिरिक्त सवारी के साथ ड्राइवर ने कुछ दूरी चलने के बाद “10 मिनट में लौटता हूं“ कहकर महिलाओं को बीच सड़क पर उतार दिया। बाद में पता चला कि हेमलता के हाथ से 28 ग्राम सोने का कंगन गायब था।वारदात का तरीकाः सोची-समझी साजिशगैंग का सरगना गोविंद साल 2014 से जयपुर में सक्रिय है। वह पहले जयपुर में खुद का ऑटो चलाता था और बाद में दिल्ली शिफ्ट होकर किराए पर ऑटो लेकर वारदातें करने लगा। वह गुजरात से साथियों को बुलाकर मंदिर, रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड के आसपास रेकी करवाता। बुजुर्ग महिलाओं को टारगेट कर सस्ते किराए का लालच देकर ऑटो में बैठाता। थोड़ी दूरी पर अन्य बदमाशों को ऑटो में बिठाकर ड्राइवर पीछे की सीट पर जाने का बहाना बनाकर गहनों की चोरी कर लेता। बाद में चालक उन्हें बीच रास्ते पर उतारकर “10 मिनट में आता हूं” कहकर गायब हो जाता। जयपुर में लूट के बाद भी उन्होंने ऑटो को रेलवे स्टेशन की पार्किंग में छोड़ दिया और दिल्ली भाग गए।अय्याशी और सट्टे की लत ने बना दिया अपराधीपुलिस पूछताछ में सामने आया कि गोविंद राजकोटिया को अय्याशी और सट्टे की बुरी लत है। इसी कारण उसके परिवार ने उसे घर से निकाल दिया था। जयपुर में रहने के दौरान उसकी पत्नी की मौत हो गई और उसने दूसरी शादी कर दिल्ली में गैंग बनाकर वारदातें शुरू कर दीं। पिछले 11 वर्षों से वह जयपुर और दिल्ली में ऑटो के माध्यम से महिलाओं को लूटने का काम कर रहा है। पुलिस ने वारदात में उपयोग हुए ऑटोरिक्शा को जब्त कर लिया है और गैंग के अन्य सदस्यों की तलाश जारी है। डीसीपी दिगंत आनंद ने बताया कि टीम की मेहनत और लगातार तकनीकी निगरानी से यह कामयाबी मिली है। Share this: Share on X (Opens in new window) X Share on Facebook (Opens in new window) Facebook More Email a link to a friend (Opens in new window) Email Share on WhatsApp (Opens in new window) WhatsApp Like this:Like Loading... Related Discover more from 24 News Update Subscribe to get the latest posts sent to your email. Type your email… Subscribe Post navigation राजस्थान में मानसून मेहरबान: इंद्रगढ़ में सबसे अधिक 144 मिमी वर्षा, अब तक सामान्य से 135% अधिक बारिश जोधपुर से 80 तोला सोना और ₹28 लाख लेकर भागे जुड़वां भाई गिरफ्तार