24 News Update उदयपुर, 10 सितंबर। महीनों से चल रही चुनावी सरगर्मी अब उस मुकाम पर पहुंच गई है, जहां प्रत्याशियों की मेहनत, राजनीतिक दलों के दावे और मतदाताओं की खामोशी—सबका फैसला कल ईवीएम करेगी। नगरीय निकाय चुनाव के द्वितीय चरण में शुक्रवार को उदयपुर नगर निगम के साथ मावली और कानोड़ नगरपालिका में मतदान होगा। तीनों निकायों के 120 वार्डों में 331 प्रत्याशी मैदान में हैं, जबकि 4 लाख 33 हजार 736 मतदाता उनके राजनीतिक भविष्य का फैसला करेंगे। मतदान से एक दिन पहले प्रशासन ने तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया। गुरुवार को मतदान दलों का अंतिम प्रशिक्षण हुआ और प्रशिक्षण के बाद सभी दल चुनाव सामग्री लेकर अपने-अपने मतदान केंद्रों के लिए रवाना हो गए। अब गुरुवार की रात बूथों पर चुनावी मशीनरी की निगरानी में गुजरेगी और शुक्रवार सुबह 7 बजे से मतदाताओं की कतारें लोकतंत्र के इस पर्व की तस्वीर बदलना शुरू करेंगी।

450 दल उदयपुर में, 44 दल मावली-कानोड़ रवाना
जिला निर्वाचन अधिकारी गौरव अग्रवाल ने मतदान कार्मिकों से कहा कि स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण चुनाव कराना उनकी सबसे महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। उन्होंने निर्वाचन आयोग के निर्देशों की अक्षरशः पालना और मतदान के दौरान पूरी सतर्कता बरतने के निर्देश दिए।
उदयपुर नगर निगम के मतदान दलों को सुखाड़िया रंगमंच पर दो पारियों में प्रशिक्षण दिया गया, जबकि मावली और कानोड़ के दलों का प्रशिक्षण पं. दीनदयाल उपाध्याय सभागार में हुआ। उप जिला निर्वाचन अधिकारी दीपेंद्रसिंह राठौड़ एवं प्रशिक्षण प्रकोष्ठ प्रभारी कीर्ति राठौड़ के निर्देशन में सहायक प्रभारी डॉ. महामाया प्रसाद चौबीसा ने मतदान कार्मिकों को प्रक्रिया और दायित्वों की जानकारी दी। प्रशिक्षण के बाद नगर निगम के 40 आरक्षित दलों सहित 450 मतदान दल राजस्थान कृषि महाविद्यालय स्थित वितरण केंद्र से चुनाव सामग्री लेकर रवाना हुए। मावली और कानोड़ के 4 आरक्षित दलों सहित 44 दल भी अपने निर्धारित केंद्रों के लिए निकल गए। कानोड़ के दलों ने पं. उदय जैन महाविद्यालय तथा मावली के दलों ने पीएम श्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय से सामग्री प्राप्त की।

निगम में 220 प्रत्याशी, मावली-कानोड़ में भी कड़ा मुकाबला
उदयपुर नगर निगम के 80 वार्डों में 220 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। यहां 410 मतदान केंद्रों पर वोट डाले जाएंगे। निगम क्षेत्र में अकेले 4,16,143 मतदाता हैं।
मावली के 20 वार्डों में 59 प्रत्याशी और कानोड़ के 20 वार्डों में 52 प्रत्याशी मैदान में हैं। दोनों नगरपालिकाओं में 20-20 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। तीनों निकायों में मतदान सुबह 7 बजे से शुरू होगा।

किसके पक्ष में निकलेगी जनता की चुप्पी?
चुनाव के दौरान राजनीतिक दलों और प्रत्याशियों ने अपने-अपने मुद्दों के साथ मतदाताओं तक पहुंचने की कोशिश की। अब प्रचार, दावे और समीकरण पीछे छूट चुके हैं। शुक्रवार को मतदाता जिस मुद्दे, प्रत्याशी या दल के पक्ष में मुहर लगाएंगे, वही अगले चरण में निकायों की राजनीति की दिशा तय करेगा।

वोटर आईडी नहीं तो भी मतदान संभव
मतदाता पहचान पत्र नहीं होने पर भी वोट से वंचित नहीं होना पड़ेगा। राज्य निर्वाचन आयोग ने 11 वैकल्पिक पहचान दस्तावेजों को मान्यता दी है। इनमें आधार कार्ड, मनरेगा/वीबी जी राम जी जॉब कार्ड, फोटोयुक्त बैंक या डाकघर पासबुक, आयुष्मान भारत हेल्थ कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, पैन कार्ड, पासपोर्ट, फोटोयुक्त पेंशन दस्तावेज, फोटोयुक्त सरकारी/पीएसयू सेवा पहचान पत्र, सांसद-विधायक-एमएलसी का आधिकारिक पहचान पत्र और यूडीआईडी कार्ड शामिल हैं। मूल दस्तावेज ही मान्य होगा; फोटो कॉपी या सॉफ्ट कॉपी से मतदान नहीं किया जा सकेगा।

नजर आंकड़ों पर
उदयपुर नगर निगम: 80 वार्ड | 410 बूथ | 220 प्रत्याशी | 4,16,143 मतदाता
मावली नगरपालिका: 20 वार्ड | 20 बूथ | 59 प्रत्याशी | 8,198 मतदाता
कानोड़ नगरपालिका: 20 वार्ड | 20 बूथ | 52 प्रत्याशी | 9,395 मतदाता


Discover more from 24 News Update

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

desk 24newsupdate's avatar

By desk 24newsupdate

Watch 24 News Update and stay tuned for all the breaking news in Hindi ! 24 News Update is Rajasthan's leading Hindi News Channel. 24 News Update channel covers latest news in Politics, Entertainment, Bollywood, business and sports. 24 न्यूज अपडेट राजस्थान का सर्वश्रेष्ठ हिंदी न्‍यूज चैनल है । 24 न्यूज अपडेट चैनल राजनीति, मनोरंजन, बॉलीवुड, व्यापार और खेल में नवीनतम समाचारों को शामिल करता है। 24 न्यूज अपडेट राजस्थान की लाइव खबरें एवं ब्रेकिंग न्यूज के लिए बने रहें ।

Leave a Reply

error: Content is protected !!

Discover more from 24 News Update

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading

Discover more from 24 News Update

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading