24 News Update उदयपुर। आरजीएचएस सेवाओं में लगातार आ रही परेशानियों, सरेंडर लीव भुगतान बंद करने और लंबित मांगों के विरोध में बुधवार को उदयपुर में राज्य कर्मचारियों का आक्रोश खुलकर सामने आया। अखिल राजस्थान राज्य कर्मचारी संयुक्त महासंघ (एकीकृत) के बैनर तले कर्मचारियों ने जिला कलेक्टर और विभागाध्यक्षों के माध्यम से मुख्यमंत्री के नाम चेतावनी ज्ञापन सौंपते हुए सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।प्रदर्शन के दौरान कर्मचारियों ने “मुख्यमंत्री होश में आओ”, “सरकार निकम्मी है”, “सरकार बदलनी है”, “हमारी मांगे सच्ची हैं, सरकार की नीति कच्ची है” जैसे नारों से माहौल गरमा दिया। कर्मचारियों ने आरोप लगाया कि हर महीने वेतन से राशि कटने के बावजूद आरजीएचएस के तहत अस्पतालों में समय पर इलाज और दवाइयों की सुविधा नहीं मिल रही है। अखिल राजस्थान राज्य कर्मचारी संयुक्त महासंघ (एकीकृत) के जिलाध्यक्ष प्रदीप गर्ग ने कहा कि प्रदेशव्यापी आह्वान के तहत उदयपुर में यह प्रदर्शन किया गया है। उन्होंने कहा कि कर्मचारी नियमित रूप से आरजीएचएस में अंशदान दे रहे हैं, लेकिन अस्पतालों में न तो समुचित चिकित्सा सुविधा मिल रही है और न ही दवाइयों की उपलब्धता सुनिश्चित हो पा रही है। इससे कर्मचारियों में भारी नाराजगी है। महासंघ ने ज्ञापन में मांग की है कि राजस्थान गवर्नमेंट हेल्थ स्कीम को पूर्व की भांति प्रभावी रूप से संचालित रखा जाए और इसे बीमा कंपनियों के हवाले नहीं किया जाए। साथ ही समस्त अनुमोदित अस्पतालों में ओपीडी और आईपीडी सुविधाएं निर्बाध जारी रखने, दवाइयों की उपलब्धता सुनिश्चित करने, सरेंडर लीव का भुगतान करने, पदोन्नति में दो वर्ष की छूट देने तथा संविदा और ठेका कर्मियों के नियमितीकरण की मांग भी उठाई गई। महासंघ के प्रदेशाध्यक्ष गजेंद्रसिंह राठौड, वरिष्ठ उपाध्यक्ष देवेंद्र सिंह नरूका और महामंत्री मोहन लाल शर्मा के निर्देशन में चल रहे इस आंदोलन को चरणबद्ध तरीके से आगे बढ़ाने की घोषणा की गई है। कर्मचारियों ने चेतावनी दी है कि यदि सरकार ने शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं लिया तो 25 मई से 30 मई तक विभागों में कार्य बहिष्कार किया जाएगा। इसके बाद पूरे जिले में कर्मचारी जागृति यात्रा निकालकर बड़ा आंदोलन शुरू किया जाएगा।कर्मचारी नेताओं ने कहा कि सरकार ने महासंघ के लंबित 25 सूत्रीय मांगपत्र पर अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की है। ऐसे में कर्मचारियों का धैर्य अब जवाब देने लगा है और आने वाले दिनों में आंदोलन और उग्र हो सकता है। Share this: Share on X (Opens in new window) X Share on Facebook (Opens in new window) Facebook More Email a link to a friend (Opens in new window) Email Share on WhatsApp (Opens in new window) WhatsApp Like this:Like Loading… Related Discover more from 24 News Update Subscribe to get the latest posts sent to your email. Type your email… Subscribe Post navigation राजीव गांधी की पुण्यतिथि पर कांग्रेस ने दी श्रद्धांजलि, आधुनिक भारत के निर्माण में योगदान को किया याद जनगणना में मकान गिनने गए तो घनचक्कर हो गए प्रगणक, कलेक्टर की जनसुनवाई में कहा—जितने बताए उससे ज्यादा मकान, कैसे होगा काम!!!