24 News Update उदयपुर। विदेश में कंप्यूटर ऑपरेटर की नौकरी का झांसा देकर फतेहनगर क्षेत्र के एक युवक को म्यांमार स्थित चीनी संचालित साइबर फ्रॉड सेंटर में भेजने के मामले में फतेहनगर थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नामजद आरोपी नीपेन्द्र उर्फ नीरव चौधरी (22) निवासी उधमसिंह नगर, काशीपुर (उत्तराखंड) को तिहाड़ जेल से प्रोडक्शन वारंट पर गिरफ्तार किया है। आरोपी दिल्ली की तिहाड़ जेल में सीबीआई के एक अन्य साइबर अपराध प्रकरण में न्यायिक अभिरक्षा (जेसी) में बंद था। पुलिस उसे प्रोडक्शन वारंट पर उदयपुर लाई और न्यायालय में पेश करने के बाद पूछताछ के लिए पुलिस रिमांड पर लिया गया। मामले की जांच फतेहनगर थानाधिकारी चंद्रशेखर किलानिया कर रहे हैं।पुलिस के अनुसार आरोपी वही व्यक्ति है जिसने वीडियो कॉल के माध्यम से परिवादी का इंटरव्यू लिया था और थाईलैंड में कंप्यूटर ऑपरेटर की नौकरी का झांसा देकर उसे अंतरराष्ट्रीय साइबर ठगी गिरोह के चंगुल में फंसा दिया।मामला फतेहनगर क्षेत्र की मावली तहसील के चुण्डावत खेड़ी निवासी उदय सिंह (34) की रिपोर्ट से जुड़ा है। उदय सिंह ने 12 फरवरी 2026 को फतेहनगर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उसने बताया कि जुलाई 2025 में फेसबुक पर थाईलैंड में कंप्यूटर ऑपरेटर की नौकरी का विज्ञापन देखा था, जिसमें 30 हजार थाई बाट (करीब 70 से 75 हजार रुपए) मासिक वेतन का दावा किया गया था। विज्ञापन पर क्लिक करने के बाद टेलीग्राम पर उसकी बातचीत नीरव चौधरी से हुई। वीडियो कॉल पर इंटरव्यू, 12 घंटे नौकरी का झांसापरिवादी के अनुसार नीरव चौधरी ने वीडियो कॉल पर उसका इंटरव्यू लिया और प्रतिदिन 12 घंटे काम करने की शर्त बताई। विदेश भेजने के नाम पर 60 हजार रुपए मांगे। रुपए नहीं होने पर आरोपी ने कहा कि थाईलैंड पहुंचने के बाद राशि दे देना। कुछ दिन बाद ऑनलाइन टिकट भेज दिया गया। इसके बाद 7 जुलाई 2025 को वह अहमदाबाद से फ्लाइट के जरिए थाईलैंड पहुंचा। थाईलैंड से म्यांमार बॉर्डर पार करायाथाईलैंड पहुंचने पर एक चीनी व्यक्ति उसे लेने आया और टैक्सी से म्यांमार सीमा तक ले गया। वहां से सीमा पार कराकर म्यांमार पहुंचाया गया। म्यांमार में आरोपी के निर्देश पर एक व्यक्ति को 60 हजार रुपए दिए गए। इसके बाद 11 जुलाई 2025 को उसे केके पार्क (KK Park) नामक चीनी संचालित साइबर क्राइम सेंटर में रखा गया। डेटा एंट्री की नौकरी के नाम पर कराया साइबर फ्रॉड उदय सिंह ने पुलिस को बताया कि शुरुआत में उसे कंप्यूटर ऑपरेटर और डेटा एंट्री कार्य का प्रशिक्षण दिया गया। बाद में डेटिंग वेबसाइट के जरिए अमेरिकी नागरिकों, विशेषकर बुजुर्गों से बातचीत कर उनके मोबाइल नंबर और अन्य जानकारी जुटाने का काम सौंपा गया। यह जानकारी चीनी गिरोह को दी जाती थी, जो बाद में क्रिप्टो इन्वेस्टमेंट एप के जरिए अमेरिकी नागरिकों से साइबर ठगी करता था। 150 भारतीयों को बनाया था बंधक परिवादी के अनुसार केके पार्क में भारत के करीब 150 युवक मौजूद थे। सभी को रोजाना और मासिक टारगेट दिए जाते थे। टारगेट पूरा नहीं करने पर मारपीट, मानसिक प्रताड़ना, भोजन नहीं देना, वेतन काटना और अमानवीय व्यवहार किया जाता था। किसी को भी परिसर से बाहर जाने की अनुमति नहीं थी और विरोध करने वालों को जबरन साइबर अपराध करने के लिए मजबूर किया जाता था। भारतीय दूतावास की मदद से लौटा भारत उदय सिंह ने बताया कि म्यांमार में पुलिस की कार्रवाई के बाद भारतीय दूतावास की मदद से वह भारत लौट सका। उसने आरोप लगाया कि नीरव चौधरी ने उससे 60 हजार रुपए लेकर धोखाधड़ी की और प्रत्येक व्यक्ति को चीनी गिरोह तक पहुंचाने के बदले करीब 4 हजार अमेरिकी डॉलर कमीशन लेता था।फतेहनगर थाना पुलिस ने मामले में बीएनएस की धारा 143(2), 144(2), 318(2), 319(2), 111(4), इमिग्रेशन एक्ट-1983 की धारा 24 तथा आईटी एक्ट की धारा 66 और 66डी के तहत प्रकरण दर्ज किया था। थानाधिकारी चंद्रशेखर किलानिया ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी इस मामले में नामजद था और वही परिवादी का इंटरव्यू लेने वाला व्यक्ति था। उसे सीबीआई के एक अन्य साइबर अपराध मामले में तिहाड़ जेल से प्रोडक्शन वारंट पर लाकर गिरफ्तार किया गया है। पुलिस उससे पूछताछ कर अंतरराष्ट्रीय साइबर ठगी नेटवर्क और उससे जुड़े अन्य आरोपियों की जानकारी जुटा रही है। Share this: Share on X (Opens in new window) X Share on Facebook (Opens in new window) Facebook More Email a link to a friend (Opens in new window) Email Share on WhatsApp (Opens in new window) WhatsApp Like this:Like Loading… Related Discover more from 24 News Update Subscribe to get the latest posts sent to your email. Type your email… Subscribe Post navigation अक्षय कुमार ने दिया 1 करोड़ का सहयोग, उनकी मां की स्मृति में बनने वाले ‘श्रीमती अरुणा भाटिया जनजाति कन्या छात्रावास’ का भूमिपूजन पेरेंट्स प्राइड में RTE में प्रवेश नहीं मिलने पर अभिभावकों में आक्रोश, दो दिन में समाधान नहीं हुआ तो स्कूल की तालाबंदी की चेतावनी