उदयपुर, 6 जून। आगामी मानसून को देखते हुए नगर निगम ने शहरभर में नालों की सफाई और जलनिकासी व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए विशेष अभियान शुरू कर दिया है। निगम आयुक्त अभिषेक खन्ना स्वयं मैदान में उतरकर व्यवस्थाओं की निगरानी कर रहे हैं। शनिवार को उन्होंने विभिन्न नालों, पार्कों और बलीचा स्थित डंपिंग यार्ड का निरीक्षण कर अधिकारियों को समयबद्ध कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। निगम के अनुसार शहर में कुल 372 बड़े और छोटे नाले हैं, जिनमें से अब तक 193 नालों की सफाई पूरी की जा चुकी है। शेष नालों की सफाई 30 जून से पहले पूरी करने का लक्ष्य तय किया गया है ताकि बारिश के दौरान शहर में जलभराव की स्थिति न बने। शनिवार को आयुक्त अभिषेक खन्ना ने सबसे पहले ओडी शोरूम के सामने स्थित नाले का निरीक्षण किया और सफाई कार्य की प्रगति की जानकारी ली। इसके बाद उन्होंने स्वर्णजयंती पार्क के सामने स्थित बड़े नाले का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने नाले की सफाई के लिए चैन माउंटिंग मशीन और जेसीबी मशीनों का उपयोग बढ़ाने के निर्देश दिए। वहीं पास स्थित पार्क की खराब स्थिति पर नाराजगी जताते हुए पौधारोपण और सौंदर्यीकरण कार्य शीघ्र शुरू करने को कहा। निगम आयुक्त ने इसके बाद बलीचा स्थित डंपिंग यार्ड का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने कचरा संग्रहण व्यवस्था, वाहनों की आवाजाही और डंपिंग प्रक्रिया की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण करने वाले वाहन गीला और सूखा कचरा अलग-अलग कंटेनरों में ही लेकर आएं। नियमों की अवहेलना करने वाले वाहनों का कचरा डंपिंग यार्ड में खाली नहीं किया जाएगा। डंपिंग यार्ड की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी निगम सख्त नजर आया। आयुक्त ने सुरक्षा गार्डों की संख्या बढ़ाने और अतिरिक्त सीसीटीवी कैमरे लगाने के निर्देश दिए, ताकि पूरे परिसर की गतिविधियों पर प्रभावी निगरानी रखी जा सके। नालों की सफाई को लेकर निगम मुख्यालय में सभी सेक्टर प्रभारियों की बैठक भी आयोजित की गई। बैठक में अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों के छोटे-बड़े सभी नालों की सफाई मानसून से पहले पूरी करने के निर्देश दिए गए। साथ ही उन इलाकों पर विशेष ध्यान देने को कहा गया जहां हर वर्ष जलभराव की समस्या सामने आती है। आयुक्त ने कहा कि पिछले वर्षों में जिन कारणों से शहर के विभिन्न हिस्सों में पानी भरने की स्थिति बनी थी, उन्हें चिन्हित कर इस बार पहले से सुधारात्मक कदम उठाए जा रहे हैं। सेवाश्रम क्षेत्र के बड़े नाले सहित कई प्रमुख जलनिकासी मार्गों की मशीनों से गहन सफाई करवाई जा रही है। उन्होंने यह भी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि नालों की सफाई से निकलने वाला मलबा उसी दिन मौके से हटाया जाए। कई बार सफाई के बाद मलबा सड़कों पर पड़ा रहने से लोगों को परेशानी होती है और यातायात भी प्रभावित होता है। इस बार ऐसी स्थिति नहीं बनने देने के निर्देश दिए गए हैं। नगर निगम आयुक्त अभिषेक खन्ना ने शहरवासियों से भी सहयोग की अपील करते हुए कहा कि घरेलू कचरा केवल निगम के निर्धारित वाहनों में ही डालें। प्लास्टिक, गीला और सूखा कचरा नालियों या सड़कों पर फेंकने से जलनिकासी व्यवस्था प्रभावित होती है और बारिश के समय जलभराव की समस्या बढ़ जाती है। उन्होंने कहा कि निगम और नागरिकों के संयुक्त प्रयासों से ही शहर को स्वच्छ और जलभराव मुक्त बनाया जा सकता है। Share this: Share on X (Opens in new window) X Share on Facebook (Opens in new window) Facebook More Email a link to a friend (Opens in new window) Email Share on WhatsApp (Opens in new window) WhatsApp Like this:Like Loading… Related Discover more from 24 News Update Subscribe to get the latest posts sent to your email. Type your email… Subscribe Post navigation दंपती पर तलवार से जानलेवा हमला: 8 दिन बाद मुख्य आरोपी गिरफ्तार, हथियार और बाइक बरामद उदयपुर रेजिडेंट डॉक्टर्स एसोसिएशन की नई कार्यकारिणी गठित, डॉ. विकास बामणिया बने अध्यक्ष