24 News Update उदयपुर। केंद्र सरकार की नीतियों और बढ़ती महंगाई के विरोध में कांग्रेस 17 मार्च को उदयपुर में धरना-प्रदर्शन करेगी। राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर उदयपुर देहात जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा यह कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
जिलाध्यक्ष रघुवीर सिंह मीणा ने बताया कि अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों और ईंधन संकट के मुद्दे को लेकर केंद्र की भाजपा सरकार के खिलाफ विरोध दर्ज कराया जाएगा। कांग्रेस का आरोप है कि केंद्र सरकार की विदेश नीति और आर्थिक प्रबंधन के कारण देश में पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस की उपलब्धता तथा कीमतों को लेकर संकट की स्थिति पैदा हुई है, जिससे आमजन पर महंगाई का बोझ बढ़ रहा है।
इसी के विरोध में 17 मार्च, मंगलवार को सुबह 11 बजे देहली गेट स्थित शांति जी एवं आनंदी जी स्मारक के सामने शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान केंद्र की भाजपा सरकार का पुतला दहन भी किया जाएगा। धरना-प्रदर्शन में एआईसीसी और पीसीसी सदस्य, प्रदेश कांग्रेस पदाधिकारी, पूर्व सांसद, विधायक, पूर्व विधायक, जिला एवं ब्लॉक कांग्रेस पदाधिकारी, नगर निकाय प्रतिनिधि, जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्य सहित कांग्रेस के विभिन्न अग्रिम संगठनों—सेवादल, युवा कांग्रेस, महिला कांग्रेस और एनएसयूआई के पदाधिकारी व कार्यकर्ता भाग लेंगे।
17 मार्च को उदयपुर में कांग्रेस का धरना-प्रदर्शन, केंद्र सरकार के खिलाफ पुतला दहन का ऐलान

Advertisements
