24 News Update उदयपुर। उमरड़ा स्थित साई तिरुपति विश्वविद्यालय का चतुर्थ दीक्षांत समारोह शनिवार को मेवाड़ बेनक्वेट हॉल में गरिमामय वातावरण में सम्पन्न हुआ। समारोह में चिकित्सा और उच्च शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को डिग्रियां, पीएचडी की उपाधियां और स्वर्ण पदक प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में पिम्स मेडिकल कॉलेज के 125 एमबीबीएस विद्यार्थियों, 58 एमडी-एमएस स्नातकोत्तर छात्रों तथा विश्वविद्यालय के 29 शोधार्थियों को पीएचडी की उपाधि प्रदान की गई, जबकि स्वर्ण पदक विजेताओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ के साथ शुरू हुए समारोह की अध्यक्षता विश्वविद्यालय के चेयरपर्सन आशीष अग्रवाल ने की। अपने स्वागत उद्बोधन में कुलपति प्रो. डॉ. प्रशांत नाहर ने वर्ष 2016 में स्थापित साई तिरुपति विश्वविद्यालय की एक दशक की विकास यात्रा का विस्तृत विवरण प्रस्तुत किया। उन्होंने बताया कि विश्वविद्यालय ने इस दौरान आधुनिक शैक्षणिक सुविधाओं, डिजिटलीकरण, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के समावेश, नए पाठ्यक्रमों, शोध कार्यक्रमों, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक सरोकारों के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य किए हैं। साथ ही उन्होंने दक्षिणी राजस्थान के प्रमुख चिकित्सा संस्थान पिम्स हॉस्पिटल की अत्याधुनिक स्वास्थ्य सेवाओं और उपलब्धियों पर भी प्रकाश डाला।
विश्वविद्यालय की मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) श्रीमती शीतल अग्रवाल ने डिग्री और पदक प्राप्त करने वाले सभी विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि चिकित्सा केवल एक पेशा नहीं बल्कि मानव सेवा का सर्वोच्च माध्यम है। उन्होंने विद्यार्थियों से निस्वार्थ भाव से समाज की सेवा करने और अपने ज्ञान का उपयोग मानवता के कल्याण के लिए करने का आह्वान किया।
एमडी नमन अग्रवाल ने विश्वविद्यालय और पिम्स की भावी योजनाओं की जानकारी देते हुए संस्थान की प्रगति में चिकित्सकों, फैकल्टी सदस्यों और कर्मचारियों के योगदान की सराहना की। वहीं पिम्स मेडिकल कॉलेज के डीन प्रो. डॉ. सुरेश गोयल ने मेडिकल स्नातक एवं स्नातकोत्तर विद्यार्थियों को डिग्री प्रदान करने के बाद हिप्पोक्रेटिक शपथ दिलाई और उन्हें चिकित्सा नैतिकता के साथ जनसेवा के लिए समर्पित रहने का संकल्प दिलाया।
समारोह के मुख्य अतिथि रवीन्द्रनाथ टैगोर मेडिकल कॉलेज (आरएनटी) उदयपुर के प्राचार्य एवं नियंत्रक डॉ. राहुल जैन ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि उन्हें मिली डिग्री केवल एक प्रमाण पत्र नहीं, बल्कि समाज और मानवता के विश्वास का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि चिकित्सा क्षेत्र में चुनौतियां लगातार बढ़ रही हैं और ऐसे समय में डॉक्टरों को केवल इलाज ही नहीं बल्कि मरीजों और उनके परिजनों के साथ संवेदनशील व्यवहार भी बनाए रखना चाहिए।
डॉ. राहुल जैन ने अपने प्रेरक संबोधन में कहा कि अस्पताल आने वाला कोई भी व्यक्ति घूमने नहीं बल्कि उम्मीद और विश्वास लेकर आता है। इसलिए डॉक्टरों का दायित्व है कि वे मरीज की मानसिक और आर्थिक परिस्थितियों को समझते हुए उसका उपचार करें। उन्होंने कहा कि मरीज अक्सर दवाइयों के नाम या उपचार की तकनीक नहीं याद रखता, लेकिन डॉक्टर का व्यवहार और संवेदनशीलता जीवनभर उसके मन में बनी रहती है। यदि मरीज और परिजन संतुष्ट होकर दुआएं देकर जाते हैं तो वही एक चिकित्सक की सबसे बड़ी पूंजी होती है।
समारोह के अंत में विश्वविद्यालय के रजिस्ट्रार डॉ. देवेंद्र जैन ने मुख्य अतिथियों, बोर्ड ऑफ मैनेजमेंट एवं अकादमिक काउंसिल के सदस्यों, विभिन्न संघटक महाविद्यालयों के डीन, फैकल्टी सदस्यों, कर्मचारियों, विद्यार्थियों, अभिभावकों और आयोजन समिति का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. नरेंद्र सिंह गोयल ने किया। दीक्षांत समारोह के दौरान विद्यार्थियों और उनके परिजनों में उत्साह और गर्व का विशेष माहौल देखने को मिला।


Discover more from 24 News Update

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

desk 24newsupdate's avatar

By desk 24newsupdate

Watch 24 News Update and stay tuned for all the breaking news in Hindi ! 24 News Update is Rajasthan's leading Hindi News Channel. 24 News Update channel covers latest news in Politics, Entertainment, Bollywood, business and sports. 24 न्यूज अपडेट राजस्थान का सर्वश्रेष्ठ हिंदी न्‍यूज चैनल है । 24 न्यूज अपडेट चैनल राजनीति, मनोरंजन, बॉलीवुड, व्यापार और खेल में नवीनतम समाचारों को शामिल करता है। 24 न्यूज अपडेट राजस्थान की लाइव खबरें एवं ब्रेकिंग न्यूज के लिए बने रहें ।

Leave a Reply

error: Content is protected !!

Discover more from 24 News Update

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading