24 News Update उदयपुर। ग्रामीण भारत में डिजिटल कनेक्टिविटी को मजबूत बनाने और युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ने के उद्देश्य से भारत संचार निगम लिमिटेड (बीएसएनएल) ने भारतनेट उद्यमी योजना को गति दी है। योजना के तहत उदयपुर, राजसमंद और सलूम्बर जिलों के युवाओं, तकनीकी छात्रों, केबल ऑपरेटरों, स्वयं सहायता समूहों और स्थानीय फर्मों को कम निवेश में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं।बीएसएनएल के प्रधान महाप्रबंधक हरिप्रसाद मीणा ने बताया कि भारत सरकार के डिजिटल इंडिया और आत्मनिर्भर भारत अभियान के अनुरूप यह योजना ग्रामीण क्षेत्रों में इंटरनेट सेवाओं के विस्तार के साथ स्थानीय स्तर पर रोजगार सृजन का माध्यम बन रही है। योजना से जुड़ने वाले उद्यमियों को नए कनेक्शन उपलब्ध कराने पर प्रोत्साहन राशि दी जाएगी, वहीं प्रत्येक सक्रिय कनेक्शन से प्राप्त मासिक बिल राशि का लगभग 50 प्रतिशत तक कमीशन भी प्रदान किया जाएगा।उन्होंने बताया कि योजना के तहत आवेदन के लिए आधार कार्ड, पैन कार्ड, एमएसएमई अथवा जीएसटी पंजीकरण संबंधी दस्तावेज तथा 500 रुपये की सुरक्षा राशि जमा करानी होगी। चयनित उद्यमियों को बीएसएनएल द्वारा तकनीकी प्रशिक्षण भी दिया जाएगा, जिससे वे ग्रामीण क्षेत्रों में फाइबर आधारित इंटरनेट सेवाओं का संचालन और विस्तार कर सकें।मीणा ने कहा कि बीएसएनएल उदयपुर और राजसमंद संभाग के सभी ब्लॉकों में भारतनेट परियोजना का संचालन और रखरखाव कर रहा है। ऑप्टिकल फाइबर नेटवर्क के माध्यम से ग्राम पंचायतों को जोड़ा जा रहा है तथा ग्रामीण क्षेत्रों में भारत फाइबर कनेक्शन उपलब्ध कराए जा रहे हैं। इससे स्कूलों, स्वास्थ्य केंद्रों और सरकारी कार्यालयों तक हाई-स्पीड इंटरनेट पहुंचाने में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि भारतनेट उद्यमी ग्रामीण डिजिटल कनेक्टिविटी की रीढ़ साबित होंगे। इससे न केवल इंटरनेट सेवाओं का विस्तार होगा बल्कि स्थानीय उद्यमिता और रोजगार के नए अवसर भी विकसित होंगे।बीएसएनएल ने आमजन से अपील की है कि योजना से संबंधित किसी भी प्रकार की जानकारी केवल अधिकृत बीएसएनएल कार्यालयों और उपभोक्ता सेवा केंद्रों से ही प्राप्त करें तथा किसी भी भ्रामक सूचना या अनधिकृत व्यक्ति के बहकावे में आकर धनराशि का लेन-देन न करें। ग्रामीण क्षेत्रों में डिजिटल सेवाओं के विस्तार और स्थानीय युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में भारतनेट उद्यमी योजना को एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है। यह जानकारी पीआरओ गिरिराज पालीवाल ने दी। Share this: Share on X (Opens in new window) X Share on Facebook (Opens in new window) Facebook More Email a link to a friend (Opens in new window) Email Share on WhatsApp (Opens in new window) WhatsApp Like this:Like Loading… Related Discover more from 24 News Update Subscribe to get the latest posts sent to your email. Type your email… Subscribe Post navigation जीबीएच बेड़वास परिसर से बाइक चोरी, मामला दर्ज मात्स्यकी महाविद्यालय में योग प्रोटोकॉल एवं ध्यान सत्र का आयोजन