24 News Update उदयपुर। शहर के शिल्पग्राम क्षेत्र से सटे हवालाखुर्द में मंगलवार दोपहर उदयपुर विकास प्राधिकरण (यूडीए) ने बड़े स्तर पर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई को अंजाम दिया। भारी पुलिस जाब्ते, होमगार्ड और प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में 60 फीट रोड के आसपास सरकारी भूमि पर किए गए अवैध निर्माणों पर बुलडोजर चलाया गया। कार्रवाई के दौरान पक्की चारदीवारियां, निर्माणाधीन मकान और अन्य अस्थायी ढांचे ध्वस्त कर दिए गए।यूडीए की अलग-अलग टीमें दोपहर में शिल्पग्राम के आगे बड़ी गांव की ओर जाने वाली सड़क पर पहुंचीं और राजस्व ग्राम हवालाखुर्द स्थित प्राधिकरण की भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने का अभियान शुरू किया। सबसे पहले सड़क किनारे बने अवैध निर्माणों को हटाया गया, जिसके बाद कार्रवाई का दायरा आगे बढ़ाया गया।यूडीए आयुक्त अभिषेक खन्ना ने बताया कि राजस्व रिकॉर्ड में प्राधिकरण के नाम दर्ज भूमि पर अवैध कब्जों की शिकायतें लगातार मिल रही थीं। अभियान के दौरान करीब 20 पक्की बाउंड्रीवाल, तीन निर्माणाधीन मकान और अन्य कच्चे-पक्के ढांचे हटाए गए। कार्रवाई में लगभग 1.75 लाख वर्गफीट भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया गया, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत करीब 50 करोड़ रुपए बताई जा रही है।कार्रवाई के दौरान एक नया बना मकान भी बुलडोजर की जद में आ गया। मकान मालिकों ने अधिकारियों से कुछ समय देने और सामान निकालने की गुहार लगाई। अधिकारियों ने सीमित समय देकर सामान हटाने की अनुमति दी, जिसके बाद ध्वस्तीकरण की प्रक्रिया फिर शुरू कर दी गई।यूडीए सचिव हेमेंद्र नागर ने बताया कि संबंधित भूमि पर कुछ लोगों ने चारदीवारियां खड़ी कर कब्जा जमाने का प्रयास किया था, जबकि कई स्थानों पर निर्माण कार्य भी शुरू कर दिया गया था। प्राधिकरण ने शुरुआती स्तर पर ही निर्माण रुकवाने की कार्रवाई की थी, लेकिन राजकीय अवकाश के दौरान चोरी-छिपे काम आगे बढ़ाने की सूचनाएं मिलीं। इसके बाद संबंधित लोगों को उदयपुर विकास प्राधिकरण अधिनियम-2023 के तहत नोटिस जारी कर सुनवाई का अवसर दिया गया।नागर के अनुसार सुनवाई के दौरान अधिकांश निर्माणकर्ता भूमि पर अपने स्वामित्व के वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। दस्तावेजों के अभाव में नियमानुसार अतिक्रमण हटाने का निर्णय लिया गया और मंगलवार को पुलिस की मौजूदगी में कार्रवाई पूरी की गई।यूडीए के अनुसार हवालाखुर्द क्षेत्र की आराजी संख्या 534/1, 535, 735 और 746 सहित कई भूखंड राजस्व रिकॉर्ड में उदयपुर विकास प्राधिकरण के नाम दर्ज हैं। इन्हीं भूखंडों पर अवैध निर्माण और कब्जों की शिकायतों के बाद यह अभियान चलाया गया।कार्रवाई के दौरान कुछ महिलाएं और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और निर्माण नहीं तोड़ने की मांग करते हुए अधिकारियों से गुहार लगाते रहे, लेकिन प्रशासन ने नियमानुसार कार्रवाई जारी रखी। घटनास्थल पर बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जमा रही। क्षेत्र में यह चर्चा भी रही कि कुछ निर्माण प्रभावशाली लोगों से जुड़े बताए जा रहे थे, हालांकि आधिकारिक तौर पर इसकी पुष्टि नहीं की गई।अभियान में यूडीए उपायुक्त रमेशचंद्र बहड़िया, डीएसपी गोपाल चंदेल, नाई थाना प्रभारी मुकेश सोनी, तहसीलदार डॉ. अभिनव शर्मा सहित राजस्व और पुलिस विभाग के कई अधिकारी मौजूद रहे। पूरे अभियान के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस और होमगार्ड का पर्याप्त जाब्ता तैनात किया गया। Share this: Share on X (Opens in new window) X Share on Facebook (Opens in new window) Facebook More Email a link to a friend (Opens in new window) Email Share on WhatsApp (Opens in new window) WhatsApp Like this:Like Loading… Related Discover more from 24 News Update Subscribe to get the latest posts sent to your email. Type your email… Subscribe Post navigation फतेह स्कूल में 15 दिवसीय ग्रीष्मकालीन निःशुल्क हॉकी प्रशिक्षण 6 जून से हांगकांग की अंतरराष्ट्रीय संगोष्ठी में उदयपुर के प्रो. अजात शत्रु सिंह शिवरती होंगे मुख्य वक्ता, मेवाड़ के इतिहास और संस्कृति पर रखेंगे विचार