निम्बाहेड़ा (कविता पारख)। नगर परिषद निम्बाहेड़ा और नगर पालिका छोटीसादड़ी के नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों के अभिनंदन के बहाने भाजपा ने कृषि उपज मंडी परिसर में कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित कर आगामी पंचायतीराज चुनावों की तैयारियों का भी बिगुल बजाया। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद मदन राठौड़ मुख्य अतिथि रहे, जबकि पूर्व भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद सीपी जोशी ने अध्यक्षता की। कार्यक्रम पूर्व यूडीएच मंत्री एवं विधायक श्रीचंद कृपलानी के मार्गदर्शन में हुआ।
समारोह में दोनों नगरीय निकायों के नवनिर्वाचित सभापति, उपसभापति, अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और पार्षदों का अतिथियों एवं भाजपा पदाधिकारियों ने अभिनंदन किया। बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता कार्यक्रम में मौजूद रहे।

फूलों की माला, साफा और उपरने से राठौड़ का स्वागत
कार्यक्रम स्थल पर प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ का विधायक श्रीचंद कृपलानी के नेतृत्व में भाजपा मंडल अध्यक्षों, कार्यकारिणी सदस्यों और जनप्रतिनिधियों ने स्वागत किया। राठौड़ को फूलों की बड़ी माला पहनाई गई। मेवाड़ी परंपरा के अनुसार उपरना ओढ़ाकर और साफा पहनाकर सम्मान किया गया। भगवान श्रीराधा-कृष्ण की प्रतिमा स्मृति चिह्न के रूप में भेंट की गई।

राठौड़ बोले- जनता के भरोसे को विकास में बदलें
मदन राठौड़ ने नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों को बधाई देते हुए कहा कि जनता ने उन पर जो विश्वास जताया है, उसके साथ उनकी जिम्मेदारी भी बढ़ी है। उन्होंने जनप्रतिनिधियों से पारदर्शिता और समर्पण के साथ काम करते हुए अपने क्षेत्रों की समस्याओं का समाधान करने तथा विकास कार्यों को गति देने का आह्वान किया। राठौड़ ने केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि योजनाओं का लाभ अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक पहुंचाना संगठन और जनप्रतिनिधियों की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों को आमजन तक पहुंचाने की बात कही।
आगामी पंचायतीराज चुनावों का जिक्र करते हुए राठौड़ ने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर गांवों में सक्रिय होने का आह्वान किया। उन्होंने भाजपा और भाजपा समर्थित सरपंच, वार्ड पंच एवं अन्य प्रत्याशियों के लिए संगठनात्मक स्तर पर काम करने की बात कही। उन्होंने कहा कि ग्राम स्तर पर मजबूत जनप्रतिनिधित्व से विकास की कड़ी को आगे बढ़ाया जा सकता है।
राठौड़ ने विधायक श्रीचंद कृपलानी के नेतृत्व में क्षेत्र में संगठनात्मक गतिविधियों और विकास कार्यों को आगे बढ़ाने के प्रयासों की सराहना की।

सीपी जोशी बोले- जनता के विश्वास को जनसेवा से मजबूत करें
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे सांसद सीपी जोशी ने नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि चुनाव में मिली जिम्मेदारी जनता के विश्वास का प्रतीक है। जनप्रतिनिधियों को इस विश्वास को विकास और जनसेवा के माध्यम से और मजबूत करना चाहिए।
उन्होंने सरकार की योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने तथा विकास कार्यों को अंतिम व्यक्ति तक ले जाने पर जोर दिया। जोशी ने आगामी पंचायतीराज चुनावों को संगठन के लिए महत्वपूर्ण बताते हुए कार्यकर्ताओं से गांव-गांव संपर्क बढ़ाने और चुनावी तैयारियों में जुटने का आह्वान किया।

कृपलानी ने जनता का जताया आभार
स्वागत उद्बोधन में विधायक एवं पूर्व यूडीएच मंत्री श्रीचंद कृपलानी ने मदन राठौड़, सीपी जोशी सहित सभी अतिथियों और कार्यकर्ताओं का स्वागत किया। उन्होंने निकाय चुनाव में भाजपा को मिले जनसमर्थन के लिए जनता का आभार जताया। कृपलानी ने पिछले ढाई वर्षों में विधानसभा क्षेत्र में हुए विकास कार्यों के लिए मुख्यमंत्री, केंद्र और राज्य सरकार तथा संबंधित विभागों का आभार जताया। उन्होंने नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों से दलगत राजनीति से ऊपर उठकर जनता की समस्याओं के समाधान और विकास कार्यों को प्राथमिकता देने की अपील की।

इन जनप्रतिनिधियों का हुआ अभिनंदन
समारोह में नगर परिषद निम्बाहेड़ा की सभापति शिल्पा भूतड़ा, उपसभापति निलेश मेहता, छोटीसादड़ी नगर पालिका अध्यक्ष प्रदीप व्यास, उपाध्यक्ष प्रदीप उपाध्याय तथा रावतभाटा नगर पालिका उपाध्यक्ष विजय गुप्ता सहित नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों का अभिनंदन किया गया।

गांधी-शास्त्री को किया नमन
2 अक्टूबर के अवसर पर कार्यक्रम के दौरान महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लालबहादुर शास्त्री के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी गई। अतिथियों और कार्यकर्ताओं ने दोनों महान विभूतियों के आदर्शों और राष्ट्रसेवा के योगदान को स्मरण किया।

कई पदाधिकारियों ने रखे विचार
समारोह में पूर्व विधायक अशोक नवलखा, प्रतापगढ़ भाजपा जिलाध्यक्ष महावीर सिंह कृष्णावत, पूर्व जिलाध्यक्ष मिट्ठूलाल जाट, नगर परिषद निम्बाहेड़ा निकाय चुनाव प्रभारी एवं पूर्व विधायक दलीचंद डांगी, छोटीसादड़ी नगर पालिका चुनाव प्रभारी गणपत सुथार, निवर्तमान जिला प्रमुख गब्बर सिंह अहीर, नगर पालिका पूर्व अध्यक्ष प्रहलाद सोनी, जिला प्रवक्ता मानवेंद्र सिंह चौहान, कनेरा मंडल अध्यक्ष जुगलकिशोर धाकड़, निम्बाहेड़ा पश्चिम मंडल अध्यक्ष अशोक जाट, छोटीसादड़ी पूर्वी मंडल अध्यक्ष विक्रम कुमावत, नगर मंडल अध्यक्ष अशोक कुमावत, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष वीणा दशोरा और भाजयुमो प्रदेश मंत्री कृष्णपाल सिंह चुंडावत ने भी विचार रखे। वक्ताओं ने नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों को शुभकामनाएं देते हुए संगठन को मजबूत करने, जनसमस्याओं के समाधान और आगामी पंचायतीराज चुनावों की तैयारियों में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। कार्यक्रम में नगर निकाय चुनाव संयोजक उमेश तोतला, सह संयोजक मोतीलाल आहूजा, भाजपा नगर अध्यक्ष कपिल चौधरी, भाजपा जिला मंत्री शौकिन चपलोत, पारस वीरवाल, पश्चिमी मंडल अध्यक्ष राजेंद्र सिंह शक्तावत, पश्चिम मंडल अध्यक्ष लोकेश धाकड़, क्रेता व्यापार संघ अध्यक्ष नानालाल भूतड़ा सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी, कार्यकर्ता और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। संचालन राजेंद्र सिंह शक्तावत ने किया। आभार कपिल चौधरी ने जताया।


Discover more from 24 News Update

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

desk 24newsupdate's avatar

By desk 24newsupdate

Watch 24 News Update and stay tuned for all the breaking news in Hindi ! 24 News Update is Rajasthan's leading Hindi News Channel. 24 News Update channel covers latest news in Politics, Entertainment, Bollywood, business and sports. 24 न्यूज अपडेट राजस्थान का सर्वश्रेष्ठ हिंदी न्‍यूज चैनल है । 24 न्यूज अपडेट चैनल राजनीति, मनोरंजन, बॉलीवुड, व्यापार और खेल में नवीनतम समाचारों को शामिल करता है। 24 न्यूज अपडेट राजस्थान की लाइव खबरें एवं ब्रेकिंग न्यूज के लिए बने रहें ।

Leave a Reply

error: Content is protected !!

Discover more from 24 News Update

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading