24 News Update जयपुर/बीकानेर। राजस्थान में सामने आए कथित नकली मूंगफली बीज घोटाले ने अब बड़े भ्रष्टाचार और रिश्वतखोरी के नेटवर्क का रूप ले लिया है। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने इस मामले में राजस्थान राज्य बीज निगम के नामित निदेशक जुगल किशोर बिश्नोई समेत छह आरोपियों को गिरफ्तार कर बीकानेर स्थित एसीबी की विशेष अदालत में पेश किया, जहां से सभी आरोपियों को पांच दिन की रिमांड पर भेज दिया गया। एसीबी का मानना है कि पूछताछ के दौरान करोड़ों रुपए के इस कथित घोटाले से जुड़े कई और अहम खुलासे सामने आ सकते हैं।मामले की शुरुआत किसानों को उपलब्ध कराए जाने वाले मूंगफली बीज की गुणवत्ता पर उठे सवालों से हुई थी, लेकिन जांच आगे बढ़ी तो करोड़ों रुपए की रिश्वत, गुजरात की बीज कंपनियों से कथित सांठगांठ और अधिकारियों तक पहुंची रकम का पूरा नेटवर्क सामने आने लगा। 15 करोड़ के बीज सीज होने के बाद शुरू हुआ रिश्वत का खेल जानकारी के अनुसार राज्य सरकार द्वारा किसानों को गुणवत्तापूर्ण बीज उपलब्ध कराने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत कृषि विभाग ने 27 मई को जोधपुर में किरण कापड़िया के स्वामित्व वाले एक बीज गोदाम पर कार्रवाई की थी। जांच के दौरान गुजरात की ‘गजराज’ ब्रांड मूंगफली बीज के नमूने लिए गए और बीजों की बिक्री पर रोक लगा दी गई। कृषि विभाग ने गोदाम को सीज कर दिया, जहां करीब 15 करोड़ रुपए मूल्य के मूंगफली बीज रखे हुए थे। आरोप है कि इसके बाद बीजों को वापस गुजरात भेजने की अनुमति दिलाने, सैंपल पास कराने और कार्रवाई को प्रभावित करने के लिए बड़े स्तर पर रिश्वतखोरी का खेल शुरू हुआ। एसीबी को मिला 2 करोड़ रुपए पहुंचने का इनपुट मामले की गंभीरता को देखते हुए एसीबी के डीआईजी रामेश्वर सिंह के निर्देशन में आठ विशेष टीमें गठित की गईं। ये टीमें जयपुर, बीकानेर और जोधपुर में लगातार निगरानी कर रही थीं। जांच के दौरान एसीबी को सूचना मिली कि गुजरात की कुछ बीज कंपनियों और स्थानीय नेटवर्क के बीच सांठगांठ कर कम गुणवत्ता वाले बीज बाजार में उतारने की कोशिश की जा रही है। साथ ही यह भी जानकारी मिली कि राजस्थान राज्य बीज निगम के नामित निदेशक जुगल किशोर बिश्नोई तक एक बिचौलिए के माध्यम से करीब दो करोड़ रुपए की रिश्वत पहले ही पहुंच चुकी है। मोबाइल सर्विलांस से खुला पूरा नेटवर्क सूचना मिलने के बाद एसीबी ने पांच से अधिक मोबाइल फोन सर्विलांस पर लिए और तकनीकी निगरानी शुरू की। जांच में पता चला कि रिश्वत की रकम का एक बड़ा हिस्सा जल्द ही श्रीगंगानगर पहुंचाया जाने वाला है। इसके बाद एसीबी ने संबंधित लोगों की गतिविधियों पर चौबीसों घंटे निगरानी रखी। पूरे मामले में बड़ा मोड़ तब आया जब एसीबी को सूचना मिली कि जुगल किशोर बिश्नोई का भांजा स्वतंत्र ज्याणी बड़ी नकदी लेकर श्रीगंगानगर जा रहा है। 7 जून को एसीबी की टीम ने बीकानेर जिले के लूणकरणसर क्षेत्र में एक निजी बस को रुकवाकर तलाशी ली। जांच के दौरान स्वतंत्र ज्याणी के कब्जे से 85 लाख रुपए नकद बरामद किए गए। एसीबी ने मौके पर ही उसे हिरासत में ले लिया। पूछताछ में स्वतंत्र ज्याणी ने कथित रिश्वत नेटवर्क और उससे जुड़े कई लोगों के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी दी, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई की गई। स्वतंत्र ज्याणी से मिली जानकारी के आधार पर एसीबी ने जयपुर में कई स्थानों पर एक साथ कार्रवाई की। जयपुर के बीटू बाईपास स्थित अरावली अपार्टमेंट से जुगल किशोर बिश्नोई को हिरासत में लिया गया। वहीं गोपालपुरा स्थित सफारी होटल से किरण कापड़िया और कथित बिचौलिए सुनील सेठिया को पकड़ा गया।इसके अलावा गणपत बिश्नोई को जयपुर से तथा सतपाल सिंह को फलौदी से गिरफ्तार किया गया। बाद में सभी को मामले में नामजद करते हुए औपचारिक रूप से गिरफ्तार कर लिया गया। छापों में 2.44 करोड़ रुपए नकद बरामद एसीबी की विभिन्न टीमों द्वारा आरोपियों के ठिकानों पर की गई छापेमारी में अब तक 2 करोड़ 44 लाख रुपए नकद बरामद किए जा चुके हैं। सबसे बड़ी बरामदगी जुगल किशोर बिश्नोई के ठिकाने से हुई, जहां से करीब 1 करोड़ 58 लाख रुपए नकद मिले। इसके अलावा अन्य आरोपियों से भी बड़ी मात्रा में नकदी बरामद हुई। जांच एजेंसियों ने नकदी के अलावा सोने-चांदी के आभूषण, संपत्तियों से जुड़े दस्तावेज, बैंक रिकॉर्ड और निवेश संबंधी दस्तावेज भी जब्त किए हैं। ये हैं मामले में गिरफ्तार आरोपीएसीबी द्वारा गिरफ्तार किए गए आरोपियों में— जुगल किशोर बिश्नोई (नामित निदेशक, राजस्थान राज्य बीज निगम) स्वतंत्र ज्याणी किरण कापड़िया गणपत बिश्नोई सतपाल सिंह सुनील सेठियाशामिल हैं। रिमांड में होंगे बड़े खुलासेमामले की सुनवाई के बाद बीकानेर एसीबी विशेष न्यायालय ने सभी छह आरोपियों को पांच दिन की रिमांड पर भेज दिया है। एसीबी अब यह पता लगाने में जुटी है कि कथित रिश्वत की पूरी राशि कितनी थी, किन-किन अधिकारियों और व्यक्तियों तक पैसा पहुंचा, गुजरात की कंपनियों की क्या भूमिका रही और नकली अथवा निम्न गुणवत्ता वाले बीजों को बाजार में उतारने के पीछे किस स्तर तक मिलीभगत थी। जांच एजेंसी आय से अधिक संपत्ति, बेनामी निवेश, बैंक लेन-देन और पूरे कथित रिश्वत तंत्र की भी पड़ताल कर रही है। अधिकारियों का मानना है कि रिमांड अवधि के दौरान इस मामले में कई प्रभावशाली नाम और सामने आ सकते हैं, जिससे यह घोटाला और बड़ा रूप ले सकता है। Share this: Share on X (Opens in new window) X Share on Facebook (Opens in new window) Facebook More Email a link to a friend (Opens in new window) Email Share on WhatsApp (Opens in new window) WhatsApp Like this:Like Loading… Related Discover more from 24 News Update Subscribe to get the latest posts sent to your email. Type your email… Subscribe Post navigation एसबीआई कर्मचारियों की आम सभा जयपुर में संपन्न, नई कार्यकारिणी का सर्वसम्मति से गठन; उदयपुर और डूंगरपुर के प्रतिनिधियों को भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां 4 दिन में 900 किमी पीछा किया, 300 सीसीटीवी खंगाल अंतरराज्यीय महिला चोर को किया गिरफ्तार