24 News Udpdate बांसवाड़ा। पीपलोद इंडस्ट्रीज क्षेत्र में स्थित एक आरा मशीन फैक्ट्री में सोमवार को काम के दौरान बड़ा हादसा हो गया। लकड़ी काटते समय मशीन की चपेट में आने से एक श्रमिक का हाथ बुरी तरह कट गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना के समय फैक्ट्री में मजदूरी कर रहा शांतिलाल पुत्र कालू राम, निवासी पड़ोली राठौड़, अचानक कटर मशीन की चपेट में आ गया। हादसा होते ही फैक्ट्री में अफरा-तफरी मच गई। मौजूद कर्मचारियों और फैक्ट्री संचालक ने तुरंत मशीन बंद कर घायल को बाहर निकाला।
घायल श्रमिक को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां ट्रॉमा वार्ड में चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार करते हुए हाथ में पांच से छह टांके लगाए और रक्तस्राव रोकने का प्रयास किया। जांच के दौरान हाथ की नसें और हड्डी गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त पाई गईं।
चिकित्सकों ने घायल की हालत को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए उदयपुर रेफर कर दिया। अत्यधिक खून बहने और गंभीर चोट के कारण विशेष चिकित्सा की आवश्यकता बताई गई है। घटना की जानकारी मिलते ही पड़ोली राठौड़ गांव से परिजन जिला अस्पताल पहुंचे। घायल की स्थिति को लेकर परिजनों में गहरी चिंता का माहौल बना हुआ है।
Discover more from 24 News Update
Subscribe to get the latest posts sent to your email.