वन वैज्ञानिकों के 16 साल के सर्वे और शोध के बाद जोधपुर, जालोर, भीलवाड़ा और भरतपुर में दर्ज हुई उपस्थिति डॉ. कमलेश शर्मा जयपुर/उदयपुर, 17 नवंबर। राजस्थान की जैव विविधता के लिहाज से एक महत्वपूर्ण उपलब्धि सामने आई है। प्रदेश में अब तक पीलू की दो प्रजातियां मीठा जाल और खारी जाल ही ज्ञात थीं, लेकिन वन वैज्ञानिकों ने पीलू की एक तीसरी प्रजाति सेल्वेडोरा अलाई (Salvadora alii) की उपस्थिति भी पहली बार राजस्थान में दर्ज की है। इस दुर्लभ प्रजाति की खास पहचान इसके सफेद रंग के रसीले पके फल हैं, जबकि राजस्थान में पहले से ज्ञात पीलू की दोनों प्रजातियों के फल गुलाबी-लाल रंग के होते हैं। राजस्थान के प्रसिद्ध वन वैज्ञानिक डॉ. सतीश कुमार शर्मा, डॉ. अनिल सरसावन एवं दिलीप सिंह सोलंकी ने शोध एवं सर्वेक्षण के दौरान इस प्रजाति को जोधपुर, जालोर, भीलवाड़ा और भरतपुर जिलों में खोजा है। राजस्थान में इसकी उपस्थिति पहली बार दर्ज होने को राज्य की वनस्पति विविधता के अध्ययन की दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। पीलू एक सदाबहार एवं बहुउपयोगी वृक्ष है, जो अपने स्वादिष्ट और रसीले फलों के लिए जाना जाता है। अब तक राजस्थान में इसकी दो प्रजातियां ही दर्ज थीं। इनमें लंबी एवं संकरी पत्तियों वाली सेल्वेडोरा ओलियोइडीज (Salvadora oleoides) को मीठा जाल तथा अपेक्षाकृत चौड़ी और छोटी पत्तियों वाली सेल्वेडोरा पर्सिका (Salvadora persica) को खारी जाल के नाम से जाना जाता है। नई प्रजाति की पत्तियां काफी हद तक खारी जाल से मिलती-जुलती हैं, लेकिन इसके पके फलों का सफेद रंग इसे अलग पहचान देता है। सिंध से राजस्थान तक 16 साल की खोज डॉ सतीश शर्मा ने बताया कि इस प्रजाति की विश्व में पहली उपस्थिति वर्ष 2010 में पाकिस्तान के सिंध प्रांत में दर्ज की गई थी। राजस्थान और सिंध की जलवायु एवं प्राकृतिक परिस्थितियों में कई समानताएं होने के कारण वन वैज्ञानिकों ने इसकी संभावित मौजूदगी को लेकर अध्ययन और सर्वेक्षण शुरू किया। करीब 16 वर्षों की खोजबीन और अनुसंधान के बाद आखिरकार इस प्रजाति को राजस्थान में भी खोज लिया गया। वैज्ञानिक जर्नल में प्रकाशित हुआ शोध राजस्थान में सेल्वेडोरा अलाई की पहली उपस्थिति से संबंधित शोध ‘जर्नल ऑफ न्यू बायोलॉजिकल रिपोर्ट्स’ के अंक 15 (1) में प्रकाशित हुआ है। देश में इससे पहले इस प्रजाति की उपस्थिति गुजरात, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र और उत्तर प्रदेश में भी दर्ज की जा चुकी है। इस खोज से राजस्थान की वनस्पति संपदा में पीलू की एक नई प्रजाति का समावेश हुआ है। साथ ही प्रदेश की जैव विविधता के वैज्ञानिक दस्तावेजीकरण और संरक्षण के लिहाज से भी इसे महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। Share this: Share on X (Opens in new window) X Share on Facebook (Opens in new window) Facebook More Email a link to a friend (Opens in new window) Email Share on WhatsApp (Opens in new window) WhatsApp Like this:Like Loading… Related Discover more from 24 News Update Subscribe to get the latest posts sent to your email. Type your email… Subscribe Post navigation विदेशी महिला पर्यटक से अभद्रता करने वाला आफताब गिरफ्तार, 150 सीसीटीवी फुटेज खंगालकर पकड़ा, टाउनहॉल गार्डन में अश्लील गाने गाकर पर्यटकों और आमजन को भी करता था परेशान, सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद सूरजपोल पुलिस ने लिया संज्ञान होटल की पार्किंग में कार साइड लगाने के बहाने चुराई लाइसेंसी पिस्टल, 20 कारतूस समेत टैक्सी चालक गिरफ्तार