24 न्यूज़ अपडेट बांसवाड़ा। कानून है तो सब मुमकिन है लेकिन कानून अगर सब पर सब जगह लागू नहीं है तो फिर आक्रोश भी और सवाल भी मुमकिन है। पिछले लंबे समय से शवों को रखकर या फिर मोर्चारी से शव नहीं उठाने के कई मामले आ रहे हैं लेकिन पुलिस उन पर कभी मृत शरीर के अपमान का कानून नहीं लगा पाती क्योंकि वहां पर राजनेता बीच बचाव या मध्यस्ता कर रहे होते हैं। वहां पर कास्ट पोलिटिक्स आ जाती है। लेकिन जब पुलिस ठन ले कि कानून लगाना ही है, उपर से हरी झंडी हो तो फिर कौन रोक सकता है। घाटोल थाना पुलिस ने मौताणे की मांग को लेकर रास्ता जाम करने एवं शव का अपमान करने के दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है वहीं शेष की तलाश जारी है। थानाधिकारी प्रवीण सिंह सिसोदिया ने बताया कि मारपीट की घटना में सुनील पुत्र मानसिंह डामोर घायल हो गया था जिसे उदयपुर हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था एवं 3 अक्टूबर को ईलाज के दौरान उसकी मृत्यु हो गयी जिस पर बांसवाड़ा कोतवाली थानाधिकारी देवीलाल मय जाप्ते हेड कांस्टेबल बदामीलाल व कांस्टेबल अरविन्द उदयपुर पहुंचे एवं मृतक सुनील के शव का पोस्टमार्टम करा शव वारिसानों को सुपुर्द किया। सुनील के शव को लेकर हेड कांस्टेबल बदामीलाल व कांस्टेबल अरविन्द उदयपुर से रवाना होकर मृतक के गांव टाटिया पहुंचे जहां पर उदयपुर बांसवाड़ा आम मार्ग पर मृतक के वारिसान एवं गांव टाटिया व ईसरवाला के ग्रामीणों ने सुनील की हत्या करने के अभियुक्त एवं संबंधित मेडिकल कॉलेज के ठेकेदार से मौताणें की राशि अदा करने पर ही दाह संस्कार करने की मांग करते हुए शव को राह में ही रख दिया और लगभग 6 घंटे तक प्रदर्शन किया। महानिरीक्षक एस. परिमला एवं पुलिस अधीक्षक हर्षवर्धन अग्रवाला ने प्रदर्शनकारियों के विरुद्ध कड़ी कार्यवाही के निर्देश दिये जिस पर एएसपी डॉ. राजेश भारद्वाज के निर्देशन एवं घाटोल वृत्ताधिकारी महेन्द्र कुमार के निकट पर्यवेक्षण में थानाधिकारी प्रवीण सिंह सिसोदिया ने प्रदर्शनकारियों के विरुद्ध विभिन्न धाराओं एवं राजस्थान मृत शरीर का सम्मान विधेयक 2023 के तहत मामला दर्ज किया। अनुसंधान के दौरान अभियुक्तों की वीडियोग्राफी से पहचान की गयी। मामले में राजेश पुत्र अमरा कटारा निवासी टाटिया व प्रभुलाल पुत्र खातु डिंडोर निवासी टाटिया को गिरफ्तार किया गया। पुलिस मामले में अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है।
Discover more from 24 News Update
Subscribe to get the latest posts sent to your email.