24 News update बांसवाड़ा, 13 सितंबर 2025 – बांसवाड़ा के कानेला गांव में इलाज कराने आई महिला की क्लिनिक पर इंजेक्शन लगाने के बाद मौत हो गई। मृतका दीपिका (19) की मौत के बाद परिजनों ने रिटायर्ड डॉक्टर पर आरोप लगाया है कि उसने गलत तरीके से दो इंजेक्शन लगाए, जिससे दीपिका की अचानक तबीयत बिगड़ गई और वह बेहोश होकर गिर पड़ी।
घटना की पूरी जानकारी
दीपिका के पति कपिल ने बताया कि उसकी पत्नी गले में खराश होने पर गांव के क्लिनिक पर इलाज के लिए गई थी। रिटायर्ड डॉक्टर ने दीपिका को दो इंजेक्शन लगाए। इसके बाद अचानक उसकी हालत खराब हो गई। उसके मुंह से झाग आने लगा और वह बेहोश हो गई। डॉक्टर का बेटा आनन-फानन में दीपिका को आनंदपुरी चिकित्सालय ले गया, लेकिन महिला की हालत में सुधार नहीं हुआ। फिर परिजन उसे महात्मा गांधी चिकित्सालय बांसवाड़ा ले गए, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
परिजनों का आरोप
परिजन आरोप लगा रहे हैं कि दीपिका की मौत रिटायर्ड डॉक्टर द्वारा लगाए गए गलत इंजेक्शन की वजह से हुई। मृतका की शादी लगभग चार महीने पहले 7 मई को कपिल से हुई थी। पीहर सलूम्बर के लोधा गांव में है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और वे इंसाफ की मांग कर रहे हैं।
पुलिस ने की जांच शुरू
आनंदपुरी थानाधिकारी कपिल पाटीदार ने मीडिया को बताया कि परिजनों की रिपोर्ट पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। फिलहाल पोस्टमॉर्टम कार्य कल सुबह संपन्न किया जाएगा। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस पूरे घटनाक्रम की तह तक जांच कर रही है। जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी।
🔔 अपडेट्स के लिए हमारी वेबसाइट पर विजिट करें
Discover more from 24 News Update
Subscribe to get the latest posts sent to your email.