24 न्यज अपडेट, जयपुर। जयपुर के आदर्श नगर क्षेत्र स्थित खंडेलवाल सेवा सदन में गुरुवार शाम एक सत्संग कार्यक्रम के दौरान श्रद्धालुओं की भीड़ में दो महिलाओं की सोने की चेन चोरी हो गई। शाम करीब 7 बजे आरती के दौरान हुई इस वारदात से अफरा-तफरी मच गई। महज 5 मिनट के भीतर दो अलग-अलग महिलाओं के गले से करीब 4 लाख रुपये मूल्य की सोने की चेनें तोड़ ली गईं।
घटना का विवरण
पहली घटना झोटवाड़ा की शिल्प कॉलोनी निवासी कैलाश कुमार कुमावत की पत्नी के साथ हुई। उनके गले से करीब 3 तोले का सोने का मंगलसूत्र चोरी हो गया।
दूसरी घटना जनता कॉलोनी निवासी अशोक कुमार शर्मा की मां के साथ हुई, जिनके गले से 2 तोले की सोने की चेन अज्ञात महिला द्वारा लूट ली गई।
दोनों मामलों में पीड़ित परिवारों ने आरती के बाद हंगामा करते हुए पुलिस को सूचना दी, जिस पर आदर्श नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शिकायत दर्ज कर एफआईआर दर्ज की।
सीसीटीवी में कैद हुई संदिग्ध महिलाएं
पुलिस ने खंडेलवाल सेवा सदन परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगाली। फुटेज में दो महिलाएं वारदात करती दिखाई दीं। दोनों ने घूंघट डाल रखा था, ताकि कैमरे में उनका चेहरा न आए। हालांकि एक महिला वारदात करते समय एक कैमरे में साफ तौर पर कैद हो गई है।
पुलिस जांच जारी
जांच अधिकारी हैड कॉन्स्टेबल सतपाल के अनुसार, सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्ध महिलाओं की पहचान की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि ये महिलाएं कहां से आई थीं और वारदात के बाद किस दिशा में निकलीं। जल्द ही इन संदिग्धों को डिटेन किए जाने की संभावना है।
धार्मिक आयोजनों में सुरक्षा पर उठे सवाल
इस घटना के बाद सत्संग जैसे शांत और धार्मिक माहौल में भी चेन स्नेचिंग जैसी घटनाएं सामने आने से महिलाओं में भय का माहौल है। आयोजकों और श्रद्धालुओं ने धार्मिक आयोजनों में पुलिस निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की मांग की है।
Discover more from 24 News Update
Subscribe to get the latest posts sent to your email.