उदयपुर, 1 मई। ठेला व्यवसायी मजदूर यूनियन के संरक्षक एवं पूर्व पार्षद राजेश सिंघवी के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने अतिरिक्त जिला कलेक्टर (नगर) को ज्ञापन सौंपकर नगर निगम द्वारा अतिक्रमण हटाने के नाम पर पथ विक्रेताओं के साथ किए जा रहे कथित अमानवीय व्यवहार पर रोक लगाने की मांग की। साथ ही पथ विक्रेता (आजीविका संरक्षण एवं पथ विक्रय का विनियमन) अधिनियम-2014 की प्रभावी पालना सुनिश्चित कर पथ विक्रेताओं की आजीविका और आत्मसम्मान की रक्षा करने की अपील की गई। यूनियन अध्यक्ष मोहम्मद निजाम ने बताया कि नगर निगम एवं पुलिस प्रशासन द्वारा आए दिन ठेला और फुटपाथ व्यवसायियों के ठेले, केबिन एवं सामान जब्त कर उन्हें परेशान और प्रताड़ित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पथ विक्रेता शहरवासियों को सस्ता और सुलभ सामान उपलब्ध कराते हैं तथा शहरी अर्थव्यवस्था में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं, इसके बावजूद उनके साथ अपमानजनक व्यवहार किया जा रहा है। ज्ञापन में रखी गईं प्रमुख मांगें ज्ञापन में पथ विक्रेता अधिनियम-2014 के तहत सभी पथ विक्रेताओं को कानूनी संरक्षण देने, गैरकानूनी कार्रवाई पर रोक लगाने और बेदखली की कार्रवाई तत्काल बंद करने की मांग की गई। यूनियन ने पूर्व में जारी रजिस्ट्रेशन कार्ड एवं लाइसेंसों का नवीनीकरण करने तथा सर्वे में छूटे सभी पथ विक्रेताओं का पुनः सर्वे कर उन्हें व्यवसाय प्रमाण पत्र जारी करने की मांग भी उठाई। इसके अलावा केंद्र एवं राज्य सरकार की सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से सभी पथ विक्रेताओं को जोड़ने, स्वास्थ्य शिविर आयोजित करने, पेयजल, छाया और शौचालय जैसी बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की गई। वेंडिंग जोन तय करने में विक्रेताओं की राय जरूरी यूनियन ने मांग की कि वेंडिंग और नो-वेंडिंग जोन का निर्धारण कानून के प्रावधानों के अनुसार किया जाए तथा इसमें पथ विक्रेताओं की राय को प्राथमिकता दी जाए। ज्ञापन में कहा गया कि केवल चौराहों, पर्यटन स्थलों, सौंदर्यीकरण या यातायात के नाम पर क्षेत्रों को नो-वेंडिंग जोन घोषित नहीं किया जाए। साथ ही प्राकृतिक बाजार, विरासत बाजार, रात्रि बाजार, फूड हब, महिला बाजार और बुक बाजार जैसे विशेष बाजार विकसित करने की भी मांग की गई। 6 हजार रुपए जुर्माना समाप्त करने की मांग यूनियन ने निगम अधिकारियों द्वारा ठेला, सब्जी और फल विक्रेताओं का सामान जब्त करने के बाद उसे छुड़ाने के लिए लगाए जाने वाले 6 हजार रुपए के जुर्माने को समाप्त करने की मांग भी उठाई। हाथीपोल चौराहे से हटाए गए ठेला व्यवसायियों को पुनः व्यवसाय की अनुमति देने और हॉस्पिटल रोड पर कार्यरत ठेला-फुटपाथ व्यवसायियों को बेदखल करने की कार्रवाई रोकने की भी मांग की गई। प्रतिनिधिमंडल में नेशनल हॉकर्स फेडरेशन के राज्य संयोजक याकूब मोहम्मद, यूनियन संरक्षक गुमान सिंह राव, उपाध्यक्ष मोहम्मद साहिद, विनोद दया, कार्यकारिणी सदस्य प्रकाश एवं टाउन वेंडिंग कमेटी सदस्य बंशीलाल चौहान सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे। Share this: Share on X (Opens in new window) X Share on Facebook (Opens in new window) Facebook More Email a link to a friend (Opens in new window) Email Share on WhatsApp (Opens in new window) WhatsApp Like this:Like Loading... Related Discover more from 24 News Update Subscribe to get the latest posts sent to your email. Type your email… Subscribe Post navigation सोशल मीडिया पर दोस्ती, फार्म हाउस बुलाकर हनी ट्रैप में फंसाया, फिर अपहरण कर वसूली; सुखेर पुलिस ने गिरोह का किया पर्दाफाश सीटू कार्यालय में मनाया गया अंतर्राष्ट्रीय मजदूर दिवस, श्रमिक अधिकारों की रक्षा का लिया संकल्प