देवास परियोजना में तेजी लाने और शहर की आधारभूत सुविधाएं मजबूत करने के दिए निर्देश24 News Update उदयपुर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने उदयपुर शहर के विकास को लेकर अधिकारियों को भविष्य की आवश्यकताओं और बढ़ती जनसंख्या को ध्यान में रखते हुए दीर्घकालीन विकास योजना तैयार करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि उदयपुर राजस्थान का प्रमुख पर्यटन शहर है, जहां देश-विदेश से बड़ी संख्या में पर्यटक आते हैं, इसलिए शहर की आधारभूत सुविधाओं को समय के अनुरूप विकसित किया जाना आवश्यक है।मुख्यमंत्री बुधवार को उदयपुर जिला परिषद सभागार में आयोजित जिला स्तरीय अधिकारियों की बैठक को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने उदयपुर विकास प्राधिकरण (यूडीए) और नगर निगम को शहर के चारों ओर 25 से 30 किलोमीटर की परिधि में विकास की संभावनाओं का अध्ययन कर विशेष कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने सड़क सुधार, ट्रैफिक मैनेजमेंट और अन्य शहरी सुविधाओं को लेकर विस्तृत ब्लूप्रिंट बनाने पर जोर दिया।बैठक में मुख्यमंत्री ने देवास परियोजना को उदयपुर शहर के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण बताते हुए इसके कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि परियोजना की तीसरी और चौथी स्टेज पूर्ण होने के बाद उदयपुर की झीलों में पानी की कमी नहीं रहेगी और शहर की पेयजल व्यवस्था मजबूत होगी।मुख्यमंत्री ने बारिश से पहले शहर में सीवरेज और पाइपलाइन से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता से पूरा करने के निर्देश दिए ताकि आमजन को परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने रिंग रोड योजना पर विशेष ध्यान देने, जिले में शुद्ध पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने तथा आवश्यकतानुसार जल शोधन प्लांट लगाने के निर्देश भी अधिकारियों को दिए।फतेहपुरा चौराहे पर एआई आधारित ट्रैफिक कंट्रोल सिस्टम की सराहना करते हुए मुख्यमंत्री ने इसे शहर के अन्य प्रमुख चौराहों पर भी लागू करने को कहा। उन्होंने नगर निगम अधिकारियों को स्वच्छता को सर्वोच्च प्राथमिकता देने और उदयपुर की स्वच्छता रैंकिंग में सुधार के लिए विशेष कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए। साथ ही संस्थाओं, उद्योगपतियों और आमजन की भागीदारी सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने अधिकारियों को स्पष्ट कहा कि लोकसेवक जनता के प्रति जवाबदेह हैं और जनहित के कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने विकास योजनाओं की प्लानिंग में जनप्रतिनिधियों के सुझावों को शामिल करने और आवश्यकतानुसार संशोधन करने के निर्देश दिए।उन्होंने ग्राम रथ यात्रा के दौरान उपखंड अधिकारियों और तहसीलदारों की अनिवार्य उपस्थिति सुनिश्चित करने तथा आमजन से संवाद स्थापित करने को भी कहा।बैठक में जल संसाधन विभाग, विद्युत प्रसारण निगम लिमिटेड, आरएनटी मेडिकल कॉलेज, सार्वजनिक निर्माण विभाग, जलदाय विभाग, अजमेर विद्युत वितरण निगम लिमिटेड तथा चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने योजनाओं और कार्यों की प्रगति की जानकारी प्रस्तुत की। संभागीय आयुक्त प्रज्ञा केवलरमानी ने संभाग की प्रशासनिक स्थिति, यूडीए एवं नगर निगम आयुक्त अभिषेक खन्ना ने विकास कार्यों तथा पुलिस अधीक्षक डॉ. अमृता दुहन ने शहर के ट्रैफिक प्रबंधन की जानकारी दी।इस अवसर पर राज्यसभा सांसद चुन्नीलाल गरासिया, चित्तौड़गढ़ सांसद सीपी जोशी, विधायक ताराचंद जैन, फूलसिंह मीणा, शांता देवी, प्रताप गमेती, जिला प्रभारी सचिव टी. रविकांत, पुलिस महानिरीक्षक गौरव श्रीवास्तव, जिला कलेक्टर गौरव अग्रवाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। Share this: Share on X (Opens in new window) X Share on Facebook (Opens in new window) Facebook More Email a link to a friend (Opens in new window) Email Share on WhatsApp (Opens in new window) WhatsApp Like this:Like Loading… Related Discover more from 24 News Update Subscribe to get the latest posts sent to your email. Type your email… Subscribe Post navigation सुदर्शन चक्र-2 अभियान के तहत कुराबड़ थाना पुलिस की कार्रवाई, दो स्थायी वारंटी गिरफ्तार सवानिया गांव में बुजुर्ग दंपती से लूट, रात को घर में घुसे 7-8 बदमाश, मारपीट कर जेवर लूटे