24 News Update उदयपुर। सोशल मीडिया पर लाइक और व्यूज की होड़ अब कानून व्यवस्था और आम लोगों की सुरक्षा पर भारी पड़ने लगी है। उदयपुर के सबसे लोकप्रिय पर्यटन स्थलों में शामिल फतहसागर झील पर एक युवक ने नकली सांप का इस्तेमाल कर राह चलते लोगों को डराने का वीडियो बनाया। वीडियो में कई बुजुर्ग, महिलाएं और बच्चे अचानक घबराकर पीछे हटते और भागते दिखाई दिए। झील किनारे इस तरह की हरकत किसी बड़े हादसे का कारण बन सकती थी।वीडियो वायरल होने के बाद स्थानीय लोगों और सोशल मीडिया यूजर्स ने इस तरह के प्रेंक पर कड़ी आपत्ति जताई। विरोध बढ़ने पर अंबामाता थाना पुलिस ने मामले का स्वतः संज्ञान लिया और मुख्य आरोपी कविश डांसर सहित कुल चार युवकों को पकड़ लिया। पुलिस ने आरोपियों का माफीनामा भी सार्वजनिक किया, जिसमें सभी हाथ जोड़कर भविष्य में ऐसी गतिविधि नहीं दोहराने की बात कहते नजर आए।उदयपुर पुलिस अधीक्षक डॉ. अमृता दुहन ने इस मामले को गंभीर बताते हुए स्पष्ट संदेश दिया कि सार्वजनिक स्थानों पर लोगों में भय या अफरा-तफरी फैलाने वाले प्रेंक किसी भी हालत में स्वीकार नहीं किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि लाइक और व्यूज की लालसा में किसी की जान को खतरे में डालना न केवल गैरजिम्मेदाराना बल्कि दंडनीय अपराध भी है। पुलिस ऐसे मामलों पर लगातार नजर रख रही है और केवल माफी मांग लेने से कानूनी कार्रवाई से बचा नहीं जा सकेगा।दूसरी ओर विवाद बढ़ने के बाद आरोपी युवक कविश ने सोशल मीडिया पर सफाई देते हुए दावा किया कि वीडियो में शामिल बुजुर्गों और महिलाओं को पहले से इसकी जानकारी दी गई थी और उनकी सहमति से ही शूटिंग की गई थी। उसने कहा कि किसी की भावनाओं को ठेस पहुंचाने या परेशानी पैदा करने का उसका उद्देश्य नहीं था, फिर भी यदि किसी को बुरा लगा हो तो वह इसके लिए क्षमा चाहता है।हालांकि पुलिस का मानना है कि सार्वजनिक स्थान पर इस तरह का कंटेंट न केवल लोगों में दहशत फैला सकता है बल्कि अप्रत्याशित दुर्घटना का कारण भी बन सकता है। ऐसे में यह मामला सोशल मीडिया पर लोकप्रियता हासिल करने की अंधी दौड़ और उसकी सीमाओं पर एक बड़ा सवाल खड़ा करता है। Share this: Share on X (Opens in new window) X Share on Facebook (Opens in new window) Facebook More Email a link to a friend (Opens in new window) Email Share on WhatsApp (Opens in new window) WhatsApp Like this:Like Loading… Related Discover more from 24 News Update Subscribe to get the latest posts sent to your email. Type your email… Subscribe Post navigation पानी भरने गई महिला की 200 फीट गहरे कुएं में डूबने से मौत