‘ऑपरेशन त्रिनेत्र’ में सदर निंबाहेड़ा पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 3 ट्रकों से 1839 किलो 670 ग्राम गांजा बरामद; 7 तस्कर गिरफ्तार

निम्बाहेड़ा (​कविता पारख)। चित्तौड़गढ़ पुलिस ने मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन त्रिनेत्र’ के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन ट्रकों से करीब 18 क्विंटल 39 किलो 670 ग्राम गांजा बरामद किया है। पुलिस के अनुसार जब्त गांजे की अनुमानित बाजार कीमत करीब 4 करोड़ रुपये है। तस्करों ने पुलिस से बचने के लिए गांजे की खेप को पेंट की बाल्टियों और पौधों की आड़ में छिपा रखा था। पुलिस ने तीनों ट्रक जब्त कर सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार तस्करी से जुड़े आरोपी करीब 1500 किलोमीटर का सफर तय कर तीन राज्यों की सीमाएं पार करते हुए गांजे की खेप चित्तौड़गढ़ तक लेकर पहुंचे थे। यहां निंबाहेड़ा सदर थाना पुलिस की नाकाबंदी और सूचना तंत्र के चलते उनकी योजना विफल हो गई।

दो ट्रकों में पेंट, तीसरे में पौधे… अंदर छिपा था गांजा

तस्करों ने पुलिस की नजर से बचने के लिए ट्रकों में सामान की आड़ तैयार की थी। पुलिस के मुताबिक दो ट्रकों में एशियन पेंट की कलर बाल्टियां, जबकि तीसरे ट्रक में नर्सरी के पौधे भरे हुए थे। इन्हीं के बीच गांजे को छिपाकर ले जाया जा रहा था।

तीनों ट्रकों में कुल 59 कट्टों के अंदर 515 पैकेट मिले। तलाशी के दौरान इनमें कुल 1839 किलो 670 ग्राम गांजा बरामद हुआ। इतनी बड़ी मात्रा में मादक पदार्थ मिलने के बाद पुलिस ने तीनों ट्रकों को जब्त कर लिया।

नाकाबंदी देखी तो ट्रक भगाने लगे

पुलिस के अनुसार निंबाहेड़ा सदर थाना क्षेत्र में नीमच-चित्तौड़गढ़ हाईवे पर लगातार नाकाबंदी की जा रही थी। इसी दौरान थाने के सामने सरहद अहीरपुरा में पुलिस टीम ने तीन 12 चक्का ट्रकों को आते देखा। पुलिस के मुताबिक ट्रकों में सवार चालक और उनके साथी घबराए हुए नजर आए।

पुलिस टीम ने तीनों ट्रकों को अलग-अलग रुकवाने का प्रयास किया। इसी दौरान तस्करों ने नाकाबंदी से बचकर ट्रक भगाने की कोशिश की। पुलिस ने पीछा कर तीनों वाहनों को रुकवाया और तलाशी ली। तलाशी में गांजे की भारी खेप सामने आने के बाद सात आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस खंगाल रही पूरे तस्करी नेटवर्क के तार

पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है। जांच का फोकस गांजे की खेप कहां से लाई गई, इसे चित्तौड़गढ़ तक कौन पहुंचा रहा था और आगे इसकी डिलीवरी कहां की जानी थी, इन सवालों पर है। पुलिस तस्करी से जुड़े पूरे नेटवर्क और अन्य संभावित आरोपियों की भूमिका भी खंगाल रही है।

ये सात आरोपी गिरफ्तार

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में जगदीश पुत्र लेहरू जाट (35), सुरेश पुत्र कालूराम रेगर (26) और बंशीलाल पुत्र सवाईराम जाट (37), निवासी कपासन शामिल हैं।

इसके अलावा राजकुमार उर्फ राजू पुत्र हीरालाल मेवाड़ा कलाल (40) और सद्दाम शेख पुत्र मुनीर अहमद शेख (39), निवासी पारसोली, चित्तौड़गढ़, तथा राजमल उर्फ राजू पुत्र कजोड़मल जाट (30) और दिनेश पुत्र सत्यनारायण लोहार (30), निवासी रायपुर, भीलवाड़ा को गिरफ्तार किया गया है।

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक चित्तौड़गढ़ धर्मेंद्र सिंह के निर्देशन में रेंज आईजी गौरव श्रीवास्तव के ‘ऑपरेशन त्रिनेत्र’ के तहत, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गजेंद्र सिंह जोधा के मार्गदर्शन और निंबाहेड़ा सीओ शिव प्रकाश टेलर के सुपरविजन में की गई। कार्रवाई करने वाली टीम का नेतृत्व सदर निंबाहेड़ा थानाधिकारी संजय शर्मा ने किया।


Discover more from 24 News Update

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

desk 24newsupdate's avatar

By desk 24newsupdate

Watch 24 News Update and stay tuned for all the breaking news in Hindi ! 24 News Update is Rajasthan's leading Hindi News Channel. 24 News Update channel covers latest news in Politics, Entertainment, Bollywood, business and sports. 24 न्यूज अपडेट राजस्थान का सर्वश्रेष्ठ हिंदी न्‍यूज चैनल है । 24 न्यूज अपडेट चैनल राजनीति, मनोरंजन, बॉलीवुड, व्यापार और खेल में नवीनतम समाचारों को शामिल करता है। 24 न्यूज अपडेट राजस्थान की लाइव खबरें एवं ब्रेकिंग न्यूज के लिए बने रहें ।

Leave a Reply

You missed

error: Content is protected !!

Discover more from 24 News Update

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading

Discover more from 24 News Update

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading