24 News Udpate चित्तौड़गढ़। चित्तौड़गढ़ जिले में मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) की कार्रवाई के दौरान तस्करों और पुलिस के बीच करीब ढाई घंटे तक पीछा चलता रहा। चित्तौड़गढ़ बाईपास पर नाकाबंदी देखकर डोडा-चूरा से भरी पिकअप के चालक ने गाड़ी रोकने के बजाय दौड़ा दी। तस्कर हाईवे छोड़कर गांवों, खेतों, जंगलों और कच्चे रास्तों से भागते रहे। करीब 200 किलोमीटर पीछा करने के बाद स्थानीय पुलिस की मदद से घेराबंदी की गई।
पुलिस से घिरने पर पिकअप में सवार चारों आरोपी गाड़ी से उतरकर पैदल भागने लगे। इसी दौरान बेकाबू पिकअप बरसाती नदी के पानी में जा गिरी। पुलिस ने जेसीबी की मदद से वाहन को बाहर निकलवाया और तलाशी ली तो उसमें 16 कट्टों में 583 किलो 280 ग्राम डोडा-चूरा मिला। वाहन से 3 लाख रुपए नकद भी बरामद हुए। पुलिस के अनुसार जब्त डोडा-चूरा की अंतरराष्ट्रीय कीमत करीब 88 लाख रुपए है।

आगे चल रही थी स्कॉर्पियो, पीछे था नशे का माल
ANTF को सूचना मिली थी कि चित्तौड़गढ़ की तरफ से पिकअप में बड़ी मात्रा में डोडा-चूरा ले जाया जा रहा है। पिकअप के आगे स्कॉर्पियो-एन के चलने की भी सूचना थी। टीम ने चित्तौड़गढ़ बाईपास पर नाकाबंदी कर संदिग्ध वाहनों की निगरानी शुरू की। कुछ देर बाद स्कॉर्पियो-एन तो नाकाबंदी से गुजर गई, लेकिन उसके पीछे आने वाली पिकअप नहीं पहुंची। इससे टीम को संदेह हुआ कि तस्करों ने रास्ता बदल दिया है। इसके बाद आसपास के रास्तों पर तलाश शुरू की गई। कुछ समय बाद सफेद रंग की संदिग्ध पिकअप दिखाई दी। पुलिस को देखते ही चालक ने नाकाबंदी तोड़ी और वाहन को तेज गति से भगाने लगा।

हाईवे छोड़ गांव-जंगल के रास्तों से भागते रहे
पिकअप के भागते ही ANTF टीम ने पीछा शुरू कर दिया। तस्करों ने हाईवे पर जाने के बजाय गांवों के अंदरूनी रास्तों का सहारा लिया। कभी पिकअप गंगरार क्षेत्र के गांवों में पहुंची तो कभी साड़ास थाना क्षेत्र के ग्रामीण इलाकों में दौड़ती रही। खेतों, कच्चे रास्तों और जंगल के कारण पीछा करना चुनौतीपूर्ण था।
ANTF के महानिरीक्षक विकास कुमार के अनुसार तस्कर लगातार रास्ते बदलते रहे, लेकिन टीम ने उनका पीछा नहीं छोड़ा। करीब ढाई घंटे तक कार्रवाई चलती रही और टीम ने लगभग 200 किलोमीटर तक पिकअप का पीछा किया।

पीछे ANTF, आगे स्थानीय पुलिस ने बंद किए रास्ते
लगातार पीछा करने के बावजूद तस्करों के रास्ता बदलते रहने पर ANTF ने स्थानीय पुलिस को सूचना दी। इसके बाद संभावित रास्तों पर आगे से नाकाबंदी करवाई गई। पीछे ANTF की टीम और आगे स्थानीय पुलिस की घेराबंदी से तस्करों के भागने के रास्ते सीमित हो गए। पुलिस के अनुसार घिरने के बाद पिकअप में सवार चारों आरोपी गाड़ी से कूदकर पैदल भागने लगे। इसी दौरान चालक के नियंत्रण से बाहर हुई पिकअप बरसाती नदी के पानी में जा गिरी। पुलिस टीम ने पीछा कर चारों को कुछ दूरी पर पकड़ लिया।

पिकअप से मिले 16 कट्टे, नकदी भी बरामद
पुलिस ने जेसीबी की मदद से पानी में गिरी पिकअप को बाहर निकलवाया। तलाशी के दौरान वाहन से 16 कट्टे डोडा-चूरा बरामद हुआ, जिसका कुल वजन 583 किलो 280 ग्राम निकला। इसके अलावा 3 लाख रुपए नकद भी मिले। पुलिस ने डोडा-चूरा, नकदी और तस्करी में इस्तेमाल पिकअप को जब्त कर लिया। आरोपियों के खिलाफ NDPS एक्ट के तहत कार्रवाई की जा रही है।

चित्तौड़गढ़ से खरीदकर जोधपुर में बेचने की थी तैयारी
पुलिस की पूछताछ में आरोपियों ने कथित तौर पर बताया कि डोडा-चूरा चित्तौड़गढ़ और आसपास के क्षेत्रों से खरीदा जाता था। इसके बाद खेप को जोधपुर ले जाकर बेचने की योजना थी। आरोपियों के अनुसार खरीद करीब ₹1900 से ₹2000 प्रति किलो की दर से होती थी, जबकि जोधपुर में इसे ₹4000 से ₹5000 प्रति किलो तक बेचने की बात सामने आई। पुलिस के अनुसार पकड़ी गई खेप को भी जोधपुर ले जाकर एक तस्कर के घर उतारना था, जहां से इसे आगे अलग-अलग लोगों को बेचने की योजना थी।

खेती-मजदूरी से लेकर होटल और ड्राइवरी तक का काम
पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे पहले खेती, मजदूरी, होटल संचालन और ड्राइवरी जैसे काम करते थे। पुलिस के अनुसार आरोपियों ने आर्थिक परेशानी, उधारी और पिकअप की किश्तों का खर्च बढ़ने के बाद जल्दी पैसा कमाने के लिए मादक पदार्थ तस्करी शुरू करने की बात कही है। पुलिस अब आरोपियों के पुराने आपराधिक रिकॉर्ड, डोडा-चूरा सप्लाई करने वालों और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटा रही है।

चारों आरोपी जोधपुर जिले के
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विक्रम पुत्र रामस्वरूप पंचारिया (21), निवासी ओस्तरा, थाना भोपालगढ़, जिला जोधपुर; रेंवतराम पुत्र सोनाराम डूडी (32), निवासी खारड़ा मेवसा, थाना करवड़, जोधपुर ग्रामीण; संतोष कुमार पुत्र ओमप्रकाश लोल (19), निवासी उम्मेदनगर, थाना मथानिया, जिला जोधपुर और धर्मेन्द्र पुत्र सुमेर डूडी (25), निवासी कागल, पीपाड़ सिटी, जिला जोधपुर के रूप में हुई है। ANTF ने मामले में 583 किलो 280 ग्राम डोडा-चूरा, 3 लाख रुपए नकद और पिकअप वाहन जब्त किया है। मामले में आगे की जांच जारी है।


Discover more from 24 News Update

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

desk 24newsupdate's avatar

By desk 24newsupdate

Watch 24 News Update and stay tuned for all the breaking news in Hindi ! 24 News Update is Rajasthan's leading Hindi News Channel. 24 News Update channel covers latest news in Politics, Entertainment, Bollywood, business and sports. 24 न्यूज अपडेट राजस्थान का सर्वश्रेष्ठ हिंदी न्‍यूज चैनल है । 24 न्यूज अपडेट चैनल राजनीति, मनोरंजन, बॉलीवुड, व्यापार और खेल में नवीनतम समाचारों को शामिल करता है। 24 न्यूज अपडेट राजस्थान की लाइव खबरें एवं ब्रेकिंग न्यूज के लिए बने रहें ।

Leave a Reply

error: Content is protected !!

Discover more from 24 News Update

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading

Discover more from 24 News Update

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading