उदयपुर। भारत की कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) की पूर्व पोलित ब्यूरो सदस्य और पूर्व सांसद बृंदा करात ने राम मंदिर चढ़ावा प्रकरण को लेकर केंद्र सरकार और श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट पर सवाल उठाए हैं। उदयपुर के माछला मंगरा स्थित माकपा कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में उन्होंने मांग की कि राम मंदिर ट्रस्ट को भंग कर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए और जिम्मेदार पदाधिकारियों पर कार्रवाई की जाए। बृंदा करात ने कहा कि राम मंदिर से जुड़े चढ़ावे, सोना-चांदी और धनराशि को लेकर सामने आए आरोप बेहद गंभीर हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि यदि इतना बड़ा मामला सामने आया है तो केवल वाहन चालक और क्लर्क जैसे लोगों पर एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई क्यों की जा रही है, जबकि ट्रस्ट के अध्यक्ष, सचिव और अन्य पदाधिकारियों की जिम्मेदारी तय क्यों नहीं की जा रही। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह की चुप्पी पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि भाजपा राम मंदिर के नाम पर सत्ता में आई और अब मंदिर से जुड़े मामले में जवाबदेही तय होनी चाहिए। वन अधिकार कानून और आदिवासियों के मुद्दे पर सरकार को घेरा बृंदा करात ने राजस्थान में वन अधिकार कानून के क्रियान्वयन को लेकर भी सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि आदिवासियों को उनके अधिकार और जमीन के पट्टे नहीं दिए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि उदयपुर क्षेत्र में आदिवासियों की ओर से प्रस्तुत 22 हजार से अधिक दावों में से केवल करीब 43 प्रतिशत मामलों पर ही कार्रवाई हुई है। उन्होंने कहा कि आदिवासियों को न्याय दिलाने के लिए जल्द बड़ा आंदोलन शुरू किया जाएगा। उन्होंने बताया कि वन अधिकार कानून और मनरेगा कानून की ड्राफ्टिंग कमेटी में रहते हुए उन्होंने इन कानूनों को मजबूत बनाने के लिए काम किया था। मनरेगा को लेकर उठाए सवाल करात ने मनरेगा योजना को प्रभावी तरीके से लागू करने, ग्रामीणों को 125 दिन रोजगार देने और पूरा खर्च केंद्र सरकार द्वारा उठाने की मांग की। उन्होंने कहा कि रविवार को उन्होंने ग्रामीण क्षेत्र में मनरेगा कार्यस्थल का दौरा किया, जहां मजदूर सुबह से कई घंटे बैठे रहे, लेकिन इंटरनेट समस्या के कारण उनकी हाजिरी नहीं लग पाई और उन्हें बिना मजदूरी के लौटना पड़ा। उन्होंने कहा कि आदिवासी महिलाओं के श्रम और समय की कोई कीमत नहीं समझी जा रही है। विदेश नीति और ग्रेट निकोबार परियोजना पर भी निशाना प्रेस वार्ता में बृंदा करात ने केंद्र सरकार की विदेश नीति पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि भारत की विदेश नीति अमेरिका और इजरायल के प्रभाव में दिखाई देती है। उन्होंने इजरायल-गाजा संघर्ष का जिक्र करते हुए सरकार की नीति की आलोचना की। ग्रेट निकोबार द्वीप परियोजना को लेकर उन्होंने कहा कि करोड़ों पेड़ों की कटाई से वहां की जैव विविधता को नुकसान पहुंचेगा। उन्होंने आरोप लगाया कि प्राकृतिक संसाधनों को निजी हितों के लिए इस्तेमाल किया जा रहा है। भाजपा सरकार पर भ्रष्टाचार के आरोप करात ने कहा कि “ना खाऊंगा, ना खाने दूंगा” के नारे के साथ सत्ता में आई भाजपा सरकार पर भ्रष्टाचार के आरोप लगातार सामने आ रहे हैं। उन्होंने मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री और अन्य मामलों का उल्लेख करते हुए सरकार पर पक्षपात के आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि सांसदों और विधायकों को डराकर या खरीदकर राजनीतिक दलों को तोड़ने की कोशिश की जा रही है। नीट आंदोलन और अन्य मुद्दों पर भी बोलीं पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए बृंदा करात ने कहा कि नीट परीक्षा से जुड़े विद्यार्थियों की मांगें जायज हैं और उनकी पार्टी जंतर-मंतर पर चल रहे आंदोलन का समर्थन करती है। प्रेस वार्ता की शुरुआत माकपा जिला सचिव एवं पूर्व पार्षद एडवोकेट राजेश सिंह ने की। उन्होंने पत्रकारों का स्वागत करते हुए बृंदा करात का परिचय दिया और बताया कि सांसद रहते हुए वे वन अधिकार कानून और मनरेगा कानून की ड्राफ्टिंग कमेटी की सदस्य रही हैं। इस अवसर पर निर्माण मजदूर एकता यूनियन के अध्यक्ष शमशेर खान और आदिवासी जनाधिकार एका मंच के सचिव श्रवण भी मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान वरिष्ठ पत्रकार एवं जनतांत्रिक विचार मंच के संयोजक प्रोफेसर हेमेंद्र चंडालिया ने अपना कविता संग्रह बृंदा करात को भेंट किया। Share this: Share on X (Opens in new window) X Share on Facebook (Opens in new window) Facebook More Email a link to a friend (Opens in new window) Email Share on WhatsApp (Opens in new window) WhatsApp Like this:Like Loading… Related Discover more from 24 News Update Subscribe to get the latest posts sent to your email. Type your email… Subscribe Post navigation प्राकृतिक झरने को पिकनिक स्पॉट समझना पड़ेगा भारी, शराब पार्टी और गंदगी फैलाने वालों पर वन विभाग की सख्ती; जुर्माने के साथ भरवाया जाएगा बॉन्ड उदयपुर पुलिस का बड़ा ऑपरेशन: अलसुबह 874 ठिकानों पर दबिश, 298 अपराधी गिरफ्तार; वारंटियों से लेकर हिस्ट्रीशीटरों तक पर शिकंजा