24 News Update उदयपुर। कुछ दिन पहले तक लगातार बारिश, उफनते नाले और बांधों में बढ़ती आवक से उत्साहित उदयपुर में अब मानसून की चाल सुस्त पड़ गई है। जिले में बारिश को फिलहाल ब्रेक लग गया है। 20 अगस्त सुबह 8 बजे तक बीते 24 घंटे में जल संसाधन विभाग के प्रमुख वर्षा मापक केंद्रों पर शून्य बारिश दर्ज की गई। उदयपुर शहर से लेकर स्वरूपसागर, मदार, नाई, उदयसागर, वल्लभनगर, बागोलिया और देवास तक बारिश नहीं हुई।जल संसाधन विभाग के अधिकारी नितेश नायक ने बताया कि बारिश रुकने का असर अब सीधे जलाशयों पर दिखाई देने लगा है। कुछ दिन पहले कैचमेंट क्षेत्रों से लगातार आ रहे पानी ने झीलों और बांधों का स्तर बढ़ाया था, लेकिन अब अरावली के पहाड़ी जलग्रहण क्षेत्रों में बारिश थमने से नई आवक कमजोर पड़ गई है। अधिकांश प्रमुख जलाशयों के गेट बंद हैं और जल संसाधन विभाग लगातार स्थिति पर नजर रखे हुए है। शहर में नहीं, कैचमेंट में बरसेंगे बादल तो भरेगी झीलों की सांसमौसम और जल विशेषज्ञों के अनुसार उदयपुर की झीलों का भविष्य केवल शहर में होने वाली बारिश से तय नहीं होता। फतहसागर, स्वरूपसागर और अन्य जलाशयों को भरने के लिए सबसे अहम भूमिका उनके कैचमेंट और अरावली के ऊपरी पहाड़ी क्षेत्रों की बारिश की होती है। शहर में कुछ घंटों की तेज बारिश जहां सड़कों और नालों में पानी भर सकती है, वहीं जलाशयों का स्तर बढ़ाने के लिए उनके जलग्रहण क्षेत्रों में लगातार और व्यापक बारिश जरूरी है। यही वजह है कि बारिश के मौजूदा ब्रेक ने जल संसाधन विभाग के साथ शहरवासियों की निगाह भी अगले मजबूत मानसूनी सिस्टम पर टिका दी है। उदयसागर मजबूत, फतहसागर को अभी और पानी की जरूरतजिले के प्रमुख जलाशयों की स्थिति फिलहाल राहत देने वाली है, लेकिन सभी बांध एक जैसी स्थिति में नहीं हैं। उदयसागर में करीब 79.47 प्रतिशत भराव दर्ज किया गया है और इसका जलस्तर 6.50 मीटर पर है।वहीं फतहसागर में करीब 50.43 प्रतिशत भराव है और जलस्तर 1.93 मीटर दर्ज किया गया। स्वरूपसागर में 46.35 प्रतिशत तथा वल्लभनगर बांध में 46.57 प्रतिशत भराव है। यानी पूर्व में हुई अच्छी बारिश ने जलाशयों को संजीवनी जरूर दी है, लेकिन कई जलाशयों को बेहतर स्तर तक पहुंचाने के लिए मानसून की अभी और जरूरत है। जिले में बारिश का आंकड़ा भी बता रहा अलग-अलग तस्वीरएक जून से 20 अगस्त तक जिले में बारिश का वितरण एक समान नहीं रहा है। कोटड़ा में 498 मिमी वर्षा दर्ज हुई, जो प्रमुख केंद्रों में सबसे अधिक है। इसके बाद झाड़ोल में 367 मिमी, उदयसागर में 350 मिमी, वल्लभनगर में 330 मिमी, देवास में 314 मिमी बारिश हुई। दूसरी ओर उदयपुर सिटी में 257 मिमी, मदार में 232 मिमी, नाई में 223 मिमी और स्वरूपसागर में केवल 196 मिमी बारिश दर्ज हुई है। इससे साफ है कि जिले के कुछ हिस्सों में मानसून मेहरबान रहा, जबकि शहर और आसपास के कई क्षेत्र अपेक्षाकृत कम बारिश वाले रहे। विशेषज्ञों के अनुसार मानसून के दौरान ऐसे ब्रेक सामान्य हैं, लेकिन उदयपुर जैसे झीलों के शहर में हर सक्रिय बारिश का दौर जल प्रबंधन की दृष्टि से महत्वपूर्ण होता है। एक-दो दिन की स्थानीय बारिश से ज्यादा असर तब होगा, जब अरावली और प्रमुख कैचमेंट क्षेत्रों में लगातार अच्छी वर्षा होगी। Share this: Share on X (Opens in new window) X Share on Facebook (Opens in new window) Facebook More Email a link to a friend (Opens in new window) Email Share on WhatsApp (Opens in new window) WhatsApp Like this:Like Loading… Related Discover more from 24 News Update Subscribe to get the latest posts sent to your email. Type your email… Subscribe Post navigation UDA का एक्शन: यूनिवर्सिटी रोड और 100 फीट रोड पर 12 दुकानें सील, आवासीय जमीन पर चल रहा था कारोबार उज्ज्वल राजस्थान 3.0 में दिखी विकसित उदयपुर की तस्वीर, तीन दिवसीय प्रदर्शनी का भव्य शुभारंभ